पिशाचमोचन स्थित तुलसी ग्रिंस अपार्टमेंट में बृहस्पतिवार सुबह विवाहिता पारुल नागर (32) की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मौके पर पहुंचे मायके वालों सुसराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया। सिगरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। विवाहिता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया।
गढ़वासी टोला निवासी दीपक पांडेय के अनुसार उनकी बहन पारुल नागर की शादी 24 जनवरी 2015 को सिगरा थाना अंतर्गत पिशाचमोचन स्थित तुलसी ग्रिंस अपार्टमेंट में रहने वाले दाऊजी नागर के बेटे आशीष नागर के साथ हुई थी। दोनों का पांच साल का एक बेटा भी है। बुधवार रात आशीष ने पारुल की तबीयत बिगड़ने की जानकारी फोन से दी। दीपक ने जाकर देखा तो कमरे के बेड पर पारुल नागर मृत अवस्था में पड़ी थी और गले पर निशान भी था।
दीपक का आरोप रहा कि आशीष नागर सहित परिवार के अन्य सदस्य शादी के बाद से ही दस लाख रुपये दहेज में मांग कर रहे थे। आरोप लगाया कि डेढ़ माह पहले भी ससुराल वालों ने प्रताड़ित किया था। इस पर वह सारनाथ स्थित अपने एक बहन के घर चली गई थी। दीपक की तहरीर पर सिगरा पुलिस ने पति आशीष, मां हेमलता नागर पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया।