वाराणसी। वंदे भारत एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन स्पेशल ट्रेनें शनिवार से ट्रैक पर दौड़ने लगेंगी। कुल 173 दिनों के बाद यह ट्रेनें रफ्तार पकड़ेंगी। कैंट रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों पर शुक्रवार को रेल अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। प्लेटफार्म पर स्टाल, कुली सहित अन्य सुविधाओं के बाबत जानकारी ली।
कैंट रेलवे स्टेशन से शाम चार बजे वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। मंडुवाडीह स्टेशन से शाम को पौने 6 बजे ग्वालियर के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेस रवाना होगी और वाराणसी सिटी से लखनऊ के लिए शाम पांच बजे कृषक एक्सप्रेस खुलेगी। इसके अलावा चार अन्य स्पेशल ट्रेनें वाराणसी से होकर गुजरेंगी। इनमें स्वतंत्रता सेनानी स्पेशल, चौरीचौरा स्पेशल, गंगा सतलज किसान एक्सप्रेस और अमृतसर-डिब्रूगढ़ स्पेशल ट्रेन शामिल हैं। हालांकि इन ट्रेनों में दूसरे दिन भी यात्री टिकट के लिए जूझते रहे। बुंदेलखंड और वंदे भारत में तो किसी तरह टिकट मिल भी गया लेकिन चौरीचौरा, गंगा कावेरी, अमृतसर-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस में तो टिकट नहीं मिला।