वाराणसी। जेईई व नीट परीक्षा को लेकर उतर रेलवे ने वाराणसी से लखनऊ के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। रेल अधिकारियों के अनुसार वाराणसी-लखनऊ परीक्षा स्पेशल ट्रेन 5 सितंबर को शाम 4 बजे वाराणसी से खुलेगी और रात 11 बजे लख़नऊ पहुंचेगी। अगले दिन 6 सितंबर को शाम 6.50 बजे लख़नऊ से खुलकर बाराबंकी व अयोध्या के रास्ते होते हुए सुबह 3 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दूसरी तरफ वाराणसी लखनऊ परीक्षा स्पेशल ट्रेन वाराणसी से शाम 4:30 बजे खुलेगी और रायबरेली व अमेठी के रास्ते होते हुए रात 10.35 बजे चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में 6 सितंबर को ट्रेन लखनऊ से रात 8 बजे रवाना होकर रात 2:30 बजे वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
महाकाल एक्सप्रेस सहित 4 ट्रेनों को चलाने की तैयारी
वाराणसी। अनलॉक-4 में छूट मिलने व आवाजाही बढ़ने से रेलवे कुछ और ट्रेनों को चलाने की तैयारियों में जुट गया है। जिन रूट पर ट्रेनों की संख्या कम या नहीं है, उन रूट पर ट्रेनों को चलाया जाएगा। जिसमें वाराणसी से राजस्थान को जाने वाली मरुधर एक्सप्रेस और मध्यप्रदेश इंदौर जाने को देश की तीसरी कॉरपोरेट ट्रेन महाकाल के शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। इसके अलावा दून एक्सप्रेस और वाराणसी लख़नऊ इंटरसिटी वरुणा एक्सप्रेस का भी संचालन सम्भव है। हालांकि इनके संचालन पर अंतिम फैसला रेलवे बोर्ड लेगा। आईआरसीटीसी लख़नऊ मंडल के एक अधिकारी के अनुसार वाराणसी-इंदौर के बीच महाकाल एक्सप्रेस के संचालन पर अधिक जोर है। इसके अलावा राजस्थान के लिए कोई ट्रेन सेवा नहीं होने से यात्रियों को खासी दिक्कतें हो रही है। इसलिए वाराणसी से चलने वाली मरुधर एक्सप्रेस और हावड़ा-देहरादून के बीच चलने वाली प्रमुख ट्रेन दून एक्सप्रेस की भी चलाने की मांग उठ रही है। सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन वरुणा को भी चलाया जाएगा। उतर रेलवे के अधिकारियों के अनुसार इसी माह इन ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।