मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला।
जानकारी के अनुसार, रोहनिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव का अभिषेक सिंह सुबह लगभग साढे नौ बजे अपनी पत्नी स्नेहा(25)और पांच माह के बच्चे टुनटुन के साथ बाइक से जंसा दवा के लिए जा रहा था। जैसे ही वह दयापुर गांव के सामने पहुंचा, वहीं पीछे से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। जिससे महिला और मासूम बेटा बीच सड़क पर गिर गया। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा दूसरा ट्रक महिला और मासूम को कुचलता हुआ चला गया। चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर लोहता, रोहनिया और जंसा की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जाम खुलवाने का काफी प्रयास किया, जब जाम नहीं खुला तो घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
सूचना पाकर पुलिस अधिक ग्रामीण, सीओ सदर और एसडीएम राजातालाब पहुंचे। ग्रामीणों ने लगाया कि रोहनिया पुलिस और गंगापुर चौकी इंचार्ज हर दिन मोहनसराय और गंगापुर से नो एंट्री के बाद भी ट्रकों से सौ-पचास रुपये लेकर छोडते रहते हैं। इसके कारण कई बार इस रोड पर घटना हो चुकी हैं।
उन्होंने मांग की कि जब तक गंगापुर चौकी इंचार्ज को निलंबित नहीं किया जाएगा, तब तक चक्का जाम नहीं खत्म होगा। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थर चलाना शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। उसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। इससे काफी ग्रामीण घायल हो गए। मृतका स्नेहा के ससुर शिवप्रसाद सिंह की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा हुआ है।