फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी में दर्दनाक हादसा: स्लैब डालते समय शटरिंग टूटी, मजदूर की मौत; तीन साल पहले हुई थी शादी

Fri, 18 Sep 2026 11:50 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

सोएपुर गांव के पास शुक्रवार को मकान की स्लैब डालते समय शटरिंग टूटने से मलबे में दबकर मजदूर बृजेश कुमार (30) की मौत हो गई। हादसे के बाद ठेकेदार मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बृजेश की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी और उसका डेढ़ साल का बेटा है।
विज्ञापन
लालपुर-पांडेयपुर थाना के बाहर भीड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोएपुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर मकान की स्लैब डालते समय शटरिंग टूटने से मलबे में दबकर मजदूर बृजेश कुमार (30) की मौत हो गई। वह चौबेपुर थाना क्षेत्र के बराई चिरई गांव का निवासी था। हादसे के बाद काम करा रहा ठेकेदार संदीप मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, सोएपुर गांव के पास राजकुमार सैनी के मकान पर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे स्लैब डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग टूट गई। इसके साथ ही स्लैब और निर्माण सामग्री का मलबा नीचे आ गिरा। काम कर रहा बृजेश इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे मलबे से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही काम करा रहा ठेकेदार संदीप वहां से चला गया। घटना के बाद परिजन बृजेश का शव लेकर अपने गांव बराई चले गए। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों और निर्माण कार्य के दौरान बरती गई सावधानियों की भी जानकारी जुटा रही है।
विज्ञापन

तीन साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, बृजेश की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। उसका डेढ़ वर्ष का एक बेटा है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों के अनुसार, बृजेश की कमाई से ही घर का खर्च चलता था। हादसे के बाद बराई चिरई गांव में भी मातम पसरा रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें