वाराणसी में नुवांव बाईपास पर बुधवार की सुबह ट्रक की टक्कर से बीटीसी की परीक्षा देने जा रही बाइक सवार छात्रा की मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा युवक हादसे में बाल-बाल बच गया लेकिन छात्रा को मृत देखकर बेसुध हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण पुलिस को शव उठाने से मना कर नारेबाजी करने लगे। इसके चलते जाम लग गया। इंस्पेक्टर लंका के समझाने-बुझाने पर सभी शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
विज्ञापन
रोहनिया थाना क्षेत्र के करसड़ा की रहने वाली सुमन भारती(24) अपने पड़ोस के लालू के साथ बीटीसी की परीक्षा देने बाइक से रामनगर जा रही थी। नुवांव बाईपास स्थित सब्जी मंडी के पास सर्विस मार्ग पर ट्रक ने बाइक पर टक्कर मारी तो सुमन पहिये के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। रमना चौकी प्रभारी संध्या सिंह ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास कीं तो परिजन और ग्रामीण नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए।
मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर लंका महेश पांडेय के समझाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उधर, परिजनों ने बताया कि सुमन के पिता पंचम की पान की दुकान है। उसके दो भाई हैं और मां की मौत हो चुकी है।