जौनपुर- रायबरेली मार्ग पर रविवार को सिकरारा बाजार के समीप पिकअप जीप के धक्के से एक लगभग पैंतालीस वर्षीय स्कूटी सवार की मौत हो गई। देर शाम तक युवक के शव की शिनाख्त न हो पाने के कारण पुलिस शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस में रखवा दिया।
जानकारी के अनुसार दिन में लगभग साढ़े तीन बजे उक्त बाजार के इंद्राजी आईटीआई स्कूल के पास जौनपुर की तरफ स्कूटी गाड़ी से जा रहे एक युवक को सामने से आ रही तेज रफ्तार जीप ने ओवरटेक करने के चक्कर में स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी जिससे स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई और स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पिकअप जीप सवार चालक गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना के प्रभारी निरीक्षक विनय प्रकाश सिंह ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस मे रखवा दिया तथा जीप को कब्जे में लेकर थाने लाया गया। उन्होंने बताया कि स्कूटी के नंबर से पता लगा है कि वह आजमगढ़ की है। मृतक की जेब से मिले मोबाइल से युवक के बारे में जानकारी की जा रही है।