फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi: क्रिसमस पर जाम से कराह उठे राहगीर, रूट डायवर्जन भी नहीं आया काम, छावनी क्षेत्र में रेंगते रहे वाहन

Sun, 25 Dec 2022 09:17 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

क्रिसमस पर भीड़ को नियंत्रित करने और शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रविवार को वाराणसी में लागू रूट डायवर्जन पूरी तरह नाकाम रहा। अंधरापुल, नदेसर से लेकर पूरा छावनी क्षेत्र जाम की चपेट में रहा।
विज्ञापन
छावनी क्षेत्र में लगी वाहनों की लंबी कतार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

क्रिसमस पर रविवार की शाम वाराणसी में यातायात व्यवस्था ध्वस्त रही। अंधरापुल, नदेसर से लेकर पूरा छावनी क्षेत्र जाम की चपेट में रहा। जाम में डीसीपी वरुणा जोन का वाहन भी फंसा। वाहन से उतरकर डीसीपी आरती सिंह ने जाम छुड़ाया। रात तक वरुणा जोन का इलाका जाम की चपेट में रहा। उधर, गोदौलिया से लेकर गिरजाघर तक जाम में पर्यटक फंस गए।

विज्ञापन


छावनी स्थित महा गिरजाघर में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हुए रूट डायवर्जन से पूरा इलाका जाम की चपेट में रहा। अंधरापुल से लेकर नदेसर तक वाहनों की लंबी लाइन देर शाम तक रही। अंधरापुल से नदेसर पहुंचने में लोगों को आधे घंटे से अधिक का समय लगा।

छावनी क्षेत्र में बाहरी भीड़ आने के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई। हाल यह रहा कि गलियों में भी बाइक और ई-रिक्शा ने काफी देर तक जाम लगाए रखा। चौकाघाट-घौसाबाद मार्ग पर भी वाहनों के अधिक दबाव से राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

विज्ञापन

यातायात पुलिस और स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों ने यातायात संचालन सुगम बनाने को लेकर कड़ी मशक्कत की। उधर, रामापुरा चौराहा, गोदौलिया और गिरजाघर चौराहे पर भी शाम से लेकर रात तक यातायात जाम लगा रहा। 

गिरजाघरों में रहा मेले जैसा नजारा

गिरजाघर के बाहर उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
जब से प्यारा यीशु आया, मेरा जीवन बदल गया... की धुन पर मसीही समुदाय के सबसे बड़े पर्व क्रिसमस की खुशियों के रंग फिजा में बिखर गए। उत्साह और उल्लास के साथ लोगों ने पर्व मनाया। कड़ाके की ठंड के बीच आधी रात को प्रभु यीशु के जन्म के साथ ही खुशियों का जो दौर शुरू हुआ, वह दिन चढ़ने के साथ ही चटक होता गया।

शहर से लेकर गांवों तक क्रिसमस की खुशियों के रंग छाए रहे। नए कपड़े में सजे-धजे बच्चे और बड़ों ने एक दूसरे को क्रिसमस की बधाईयां दीं। रविवार की सुबह गिरजाघरों में सुबह प्रभु यीशु और मदर मेरी की आराधना हुई। मसीही समुदाय ने गिरजाघरों में प्रार्थना के साथ आस्था के पर्व की शुरुआत की। समुदाय के लोगों ने प्रभु यीशु को मोमबत्ती जलाकर नमन किया। चर्च में प्रभु यीशु के संदेश गूंज उठे। गिरजाघरों में पुरोहितों और पादरियों ने विशेष प्रार्थनाएं कराईं। सेंट मेरिज महागिरजाघर का नजारा हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
विज्ञापन

सेंट थॉमस चर्च में पादरी न्यूटन स्टीवंस ने प्रार्थना कराई। वहीं सेंट पॉल चर्च में क्रिसमस मिलन का आयोजन किया गया, जिसमें पादरी सैम जोशुआ ने प्रार्थना कराई। इसके बाद सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दी और एक साथ लंच किया। सीएनआई चर्च तेलियाबाग, रामकटोरा, चर्च ऑफ बनारस, बेथेलफुल गॉस्पल चर्च समेत शहर के सभी चर्चों में प्रार्थनाएं हुई। वहीं सिगरा, महमूरगंज, ककरमत्ता, डीरेका व बीएचयू स्थित मसीही कॉलोनियों का नजारा देखते ही बना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें