जौनपुर में शनिवार की रात 11 बजे के बाद अचानक वाहनों का रेला उमड़ पड़ा। मुंगराबादशाहपुर से लेकर प्रयागराज शहर तक करीब 50 किमी लंबा जाम लग गया। जाम में करीब तीन लाख वाहन फंस गए। सुबह करीब पांच बजे यातायात सुचारू हो पाया। पंवारा टोल प्लाजा मैनेजर लल्लन प्रसाद ने बताया कि भोर में तीन बजे से सुबह 6 बजे तक 9500 वाहन टोल प्लाजा से गुजरे। मुंगराबादशाहपुर में शाम 6 बजे निकली एक बरात जाम में फंस गई और 40 किलोमीटर का सफर 7 घंटे में तय हुआ। रात को एक बजे बरात सहसों पहुंच सकी।
बलिया में बक्सर-पटना मार्ग पर धरहरा से लेकर वक्सर रेलवे स्टेशन तक भरौली गोलंबर से गाजीपुर मार्ग पर कबीरपुर तक 35 किलोमीटर तक 13 घंटे भीषण जाम लगा रहा। प्रयागराज महाकुंभमेले से आने वाले श्रद्धालुओं की गाडियां आठ घंटे तक जाम में फंसी रहीं। रविवार की दोपहर तक लोग जाम से जूझते रहे। बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की ट्रेनें छूट गई। एंबुलेंस भी घंटों फंसी रहीं।
मिर्जापुर में शनिवार की रात को मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर प्रयागराज जाने वाले वाहनों की कतार रही। रविवार सुबह से प्रयागराज से आने वाले वाहनों की संख्या अधिक रही। शनिवार को चार लाख वाहनों का आवागमन हुआ है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का रेला रहा। हर 20 मिनट पर एक महाकुंभ स्पेशल ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आ रही थी। दोपहर तक महाकुंभस्पेशल 40 ट्रेनों का आवागमन हो चुका था।
भदोही में औराई चौराहे से मिर्जापुर जाने वाली सड़क पर पुलिस ने बैरियर लगाकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया। केवल मिर्जापुर से आने वाले वाहनों को ही आने दिया गया। इससे दिनभर औराई से लेकर माधोसिंह स्टेशन, सहसेपुर तक दो किमी लंबे जाम की स्थिति बनी रही।
भदोही एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महाकुंभ के पलट प्रवाह के कारण विंध्याचल में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी है। इसको देखते हुए औराई में वाहनों को रोका गया था। वहीं, ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर वाराणसी से आ रही जनसाधारण एक्सप्रेस में जबरदस्त भीड़ के चलते 113 यात्रियों को यात्रा करने का मौका नहीं मिला। रेलवे ने उनका पैसा वापस किया।
मऊ रेलवे जंक्शन पर सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक 27 ट्रेनों से करीब 21 हजार यात्री रवाना हुए, जो कि आम दिनों से दोगुनी संख्या है। इनमें से करीब 60 फीसदी यात्री महाकुंभ जाने वाले थे। दो माह पहले टिकट कराने वालों को भी ट्रेन में चढ़ने की जगह नहीं मिली है। महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों की सही जानकारी नहीं मिल पाने से यात्री परेशान रहे।