रविवार को वीवीआईपी आगमन व प्रस्थान से एक घंटे पहले राजघाट पुल पर वाहनों और पैदल यात्रियों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा। वीवीआईपी आगमन और प्रस्थान से एक घंटा पहले कई तिराहों-चौराहों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा जाएगा। इनमें गिलट बाजार, सेंट्रल जेल तिराहा, संदहा अंडरपास, पांडेयपुर चौराहा, लहरतारा, अंधरापुल और गोलगड्डा शामिल हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि हरहुआ ओवरब्रिज बाबतपुर की तरफ से आने वाली सभी रोडवेज व प्राइवेट बसों को वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पूर्व से कार्यक्रम समाप्ति तक ओवरब्रिज पर नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें हरहुआ रिंग रोड चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही की ओर से आने वाली सभी बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड, ठिकाना ढाबा मोहनसराय और परमानपुर, सजोई अंडरपास जैसे निर्धारित सीमा व रिंग रोड पॉइंट से वापस भेजा जाएगा।
सुबह आठ बजे से वीवीआईपी कार्यक्रम की समाप्ति तक ऑटो और ई-रिक्शे का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध कचहरी आंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज, गिलट बाजार तिराहा और पुलिस लाइन से पांडेयपुर तक लागू होगा। चौकाघाट चौराहे से गोलगड्डा और राजघाट तक भी ऑटो व ई-रिक्शे नहीं चलेंगे।
सुबह से शाम तक खुलेंगे अस्पताल, इलाज के साथ जांच की भी मिलेगी सुविधा
एयर शो के दौरान रविवार को भीड़ बढ़ने की संभावनाओं को देख जिले के सरकारी और निजी अस्पताल सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। ओपीडी, इमरजेंसी में भी डॉक्टर बैठे रहेंगे। एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, खून जांच केंद्र के साथ ही दवा काउंटर भी खुले रहेंगे। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि जरूरत पड़ने पर सभी को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। शनिवार को नमो घाट पर बीमार बच्चे रोहन (9) को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वाराणसी सहित आसपास के जिलों से कुछ लोग शनिवार की देर रात तक वाराणसी पहुंच गए। दो दिन के एयर शो के दौरान 142 लोगों का उपचार किया गया। सीएमओ ने लोगों से पर्याप्त पानी पीते रहने, धूप और गर्मी से बचने के लिए छाता ले जाने, अस्वस्थ महसूस होने पर तत्काल शिविर में संपर्क करने की अपील की है।