डिजिटल कैमरों और ई-चालान के सहारे यातायात नियम तोड़ने पर ताबड़तोड़ चालान तो कट रहे हैं, मगर सरकारी खजाने में रकम पहुंचने की रफ्तार बेहद सुस्त है। पिछले 10 माह में 6,64,259 वाहनों के चालान काटे गए, जिन पर 30 करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया गया। इसके मुकाबले सरकारी खजाने में महज 5 करोड़ रुपये के आसपास ही जमा हो सके। यानी जुर्माने की राशि और असल वसूली के बीच 25 करोड़ की बड़ी खाई बनी हुई है।
सड़क सुरक्षा के बुनियादी नियमों को लेकर वाहन चालकों की बेपरवाही हद दर्जे की है। जनवरी से अक्तूबर तक हेलमेट-सीट बेल्ट में सबसे ज्यादा लापरवाही सामने आई। हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने के सबसे ज्यादा 4,89,632 चालान दर्ज हुए। ओवरस्पीडिंग के 27,393 और रेड लाइट व अन्य यातायात उल्लंघनों के 11,354 मामले सामने आए। मॉडिफाइड साइलेंसर के 1,006 और नशे में वाहन चलाने के 394 चालान कटे। अन्य श्रेणियों में 1,67,731 मामले दर्ज किए गए।
नवंबर में चल रहे यातायात माह के दौरान भी हेलमेट न पहनने पर एक लाख से ज्यादा चालान किए जा चुके हैं। पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो चालानों की संख्या बढ़ने के साथ लंबित मामलों का बोझ भी बढ़ा है। वर्ष 2022 में 2,40,131 चालान में 2,25,711 लंबित रहे, जबकि 2023 में 6,37,290 चालानों के मुकाबले 6,19,087 मामले लंबित रहे।
वर्ष 2024 में 7,57,862 चालानों में 7,42,241 और 2025 में 7,35,141 चालानों में 7,16,519 चालान लंबित रहे। वहीं अक्तूबर 2026 तक कटे 6,64,259 चालानों में से 5,44,052 अभी भी लंबित हैं, जिससे चालान के बाद भुगतान सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
अधिकारी बोले
यातायात माह में विशेष अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है। -अंशुमान मिश्रा, एडीसीपी यातायात