पर्यटन मंत्रालय का एप ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ सैलानियों को खूब रास आ रहा है। यह एप न सिर्फ सैलानियों के लिए ‘निजी गाइड’ की भूमिका निभा रहा है बल्कि इसके जरिये नवीनतम सूचनाओं, जानकारियों के साथ टूर एंड ट्रैवेल से जुड़ी जरूरतों में भी मदद मिल रही है। सैलानियों को पर्यटन क्षेत्र के प्रमुख स्थलों की सटीक जानकारी मिले और वह ठगी के शिकार न होने पाएं, इसके लिए तीन सितंबर को इनक्रेडिबल इंडिया मोबाइल अप्लीकेशन मंत्रालय ने लांच किया। बनारस सहित देश के अन्य प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की यही शिकायत होती थी कि उनको जरूरी और सही जानकारियां मुहैया नहीं हो पातीं। इस कारण कई बार उनके ठगी का शिकार होने की घटनाएं भी सामने आईं।
अतिथि देवो भव: के नारे को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लांच किए गए इस एप के जरिये देसी, विदेशी सैलानी न केवल पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी सही जानकारियां हासिल कर पाएंगे बल्कि अप्रूव्ड गाइड, रजिस्टर्ड टूर ऑपरेटर, एडवेंचर टूर ऑपरेटर, डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर, टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स, ट्रैवेल एजेंट्स, रीजनल लेवल गाइड्स, होटल आदि की सुविधा भी एप के माध्यम से मिलेगी।
सैलानी इस एप के जरिये अपनी पसंद के मुताबिक दूसरे शहरों के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं। ट्रैवेल असिस्टेंस के डायरेक्टर रोनाल्ड बेंजामिन ने बताया कि वाराणसी आने वाले सैलानियों ने इस एप को बेहद उपयोगी बताया है। उन्हें जरूरी जानकारियां आसानी से मुहैया हो जा रही हैं। ठगी की भी आशंका काफी हद तक कम हो गई है। नेशनल इंफार्मेशन सेंटर ने इस अप्लीकेशन को डिजाइन किया है। इनक्रेेडिबल इंडिया मोबाइल अप्लीकेशन (आईएमए) एंड्रायड फोन के लिए गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है जबकि आईफोन के लिए भी यह एप जल्द ही स्टोर पर आएगा।