नए साल में काशी आने वाले पर्यटकों को गगन से काशी दर्शन की सौगात मिल जाएगी। कैबिनेट से मंजूरी के बाद हेलीपोर्ट तैयार किया जा रहा है और 15 जनवरी से काशी दर्शन की सुविधा शुरू हो जाएगी।
पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर हेलीकॉप्टर सेवा के लिए कई कंपनियों ने आवेदन भी किए हैं। ऐसे में नया साल वाराणसी के पर्यटन को नई ऊंचाई देगा। एरियल सर्वे के बाद हेलीकॉप्टर से गंगा दर्शन की योजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है।
हेलीगंगा दर्शन योजना के तहत काशी से तीर्थराज प्रयाग तक यह सेवा सुलभ होगी। काशी में पर्यटक अब हेलीकॉप्टर से गंगा घाटों का नजारा ले सकेंगे। अस्सी से दशाश्वमेध-राजघाट होते हुए प्रयागराज संगम की सैर कराई जाएगी।
यूपी पर्यटन मंत्रालय ने इसके लिए योजना तैयार कर ली है। हेली काशी दर्शन और संगम दर्शन के लिए सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों को एक साथ गंगा के घाटों से लेकर प्रयाग में संगम तक दर्शन कराएं जाएंगे।
डोमरी में तैयार हो रहे हेलीपोर्ट पर एक साथ 10 से ज्यादा हेलीकॉप्टर खड़े हो सकेंगे। डीएम सुरेंद्र सिंह ने बताया कि डोमरी में हेलीपोर्ट निर्माण का काम अंतिम चरण में है। हेलीकॉप्टर संचालन के लिए कई कंपनियों से वार्ता चल रही है।