फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की 20 खबरें एक क्लिक मेंः एक वर्ष में भटके 36 बच्चों को किया बरामद, वृद्धा को समझा बच्चा चोर

Wed, 17 Apr 2024 02:45 PM IST
अमन विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

Varanasi News: वाराणसी में कई आपराधिक घटनाओं के साथ कई छोटी-बड़ी खबरें सामने आईं। इसमें आरपीएफ के दो पुलिस को सम्मान देने वाली भी एक खबर है। दोनों पुलिसकर्मियों ने एक वर्ष में अब तक भटके हुए 36 बच्चों को बरामद किया है। वहीं एक ऑटो चालक ने फांसी लगाकर जान दे दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की 20 खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कार और बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा

विज्ञापन

लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में कार और बाइक की टक्कर को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। दोनों पक्ष ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस को दी गई तहरीर में एक पक्ष के शिवपुर निवासी नीरज कुशवाहा ने बताया कि वह जिम ट्रेनर है और ट्रेनिंग देकर अपने परिचितों से मिलने नई बस्ती बाजार आया था। यहां उसके एक परिचित की कार से एक बाइक को टक्कर लग गई। इस बात से नाराज बाइक सवार आकाश चौबे ने अपने परिचितों को बुलाकर मारपीट की। 
विज्ञापन


वहीं, दूसरे पक्ष के आकाश चौबे ने पुलिस को बताया कि वह नई बस्ती में अपने काम से गया था। उसी दौरान एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। विरोध करने पर उसके साथ गालीगलौज कर मारापीटा गया। स्थानीय लोग मौके पर आए तो हमलावर भाग निकले।

बस से उतरते ही परिचालक को सरेराह पीटा
कपसेठी चौराहे पर मंगलवार दोपहर बाद बस से उतरकर सड़क पर खड़े परिचालक को तीन बाइक पर सवार मनबढ़ों ने पीटना शुरू कर दिया। युवक के लहूलुहान होकर सड़क पर गिरने पर वह बाइक से भाग निकले। सरेराह हुई मारपीट की घटना से मौके पर भगदड़ मच गई थी। कपसेठी थाने की पुलिस ने घायल बस परिचालक को सेवापुरी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। 

भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के जमुआ गांव निवासी विजयभान तिवारी उर्फ पप्पू एक निजी बस में परिचालक हैं। बस को वाराणसी में खड़ा कर दूसरी बस में सवार होकर वह अपने घर जा रहे थे। कपसेठी चौराहे पर जब बस रुकी तो वह उतर कर नीचे खड़े हो गए। उसी दौरान उस पर अचानक हमला किया गया। पुलिस कपसेठी चौराहे पर लगे सीसी कैमरे की मदद से हमलावरों की पहचान जुटी है।

भटके 36 बच्चे बरामद, आरपीएफ के दो एसआई पुरस्कृत
वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में भटके बच्चों व किशोरों की बरामदगी पर आरपीएफ कैंट के दो उप निरीक्षक को पुरस्कृत किया गया है। पिछले वर्ष एसआई मिथिलेश कुमार ने 12 और महिला उपनिरीक्षक राधा तोमर ने 24 बच्चों, किशोरियों को बरामद किया। कुछ बच्चों को उनके परिजनों को सौंपा गया। कुछ को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के आदेश पर बाल गृहों में भेजा गया। 

यात्री को सुपुर्द किया मोबाइल
वाराणसी के कैंट स्टेशन के एस्केलेटर के पास मिले मोबाइल को आरपीएफ ने यात्री को सौंप दिया। मोबाइल की कीमत लगभग 15000 रुपये है। कांस्टेबल पवन को यात्री हाल में गश्त के दौरान यह मोबाइल लावारिस हाल में मिला था।

ऑटो चालक ने फंदा लगाकर जान दी
वाराणसी के बघवानाला के पास रहने वाले ऑटो चालक शिवम सोनकर (35) ने अपने घर की छत पर बने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने मंगलवार सुबह शिवम को फंदे के सहारे लटके देखा तो पुलिस को सूचना दी। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह प्रतीत हुआ है कि पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। 

वृद्धा को बच्चा चोर समझ किया पुलिस के हवाले
मिर्जामुराद के करधना गांव में मानसिक रूप से कमजोर वृद्ध महिला को ग्रामीणों ने बच्चा चोर बताते हुए मिर्जामुराद थाने की पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी मिर्जामुराद आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि मामला बच्चा चोरी से संबंधित नहीं है। एक बुजुर्ग महिला को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ कर सौंपा है। महिला मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं प्रतीत हुई है। महिला के परिवार से संपर्क किया गया है। परिजन वृद्धा को लेने आ रहे हैं। 

गर्भपात के आरोपी पति की जमानत अर्जी खारिज
वाराणसी के दहेज के लिए विवाहिता को मारने-पीटने, प्रताड़ित करने, अप्राकृतिक दुष्कर्म करने व उसका गर्भपात कराने के मामले में आरोपी पति को कोर्ट से राहत नहीं मिली। प्रभारी जिला जज अनिल कुमार पंचम की अदालत ने हंसतल्ले, जैतपुरा निवासी आरोपी पति रेयाज अहमद की जमानत अर्जी सुनवाई के बाद खारिज कर दी। जमानत अर्जी का विरोध अधिवक्ता अनुज यादव, सौरभ यादव व नरगिस अंसारी ने किया। घटना अप्रैल 2023 की है।

मारपीट-लूट के आरोप में मुकदमा दर्ज करने का आदेश
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सप्तम) वर्तिका शुभानंद की अदालत ने घर में घुसकर मारपीट करने, चार लाख 76 हजार रुपये लूटने और चारपहिया वाहन ले जाने के मामले में ईसीपुर निवासी दीप नारायण सिंह उर्फ दीपक सिंह के विरुद्ध बड़ागांव थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। यह आदेश राहुल सिंह द्वारा कोर्ट में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 156 (3) के तहत दिए गए प्रार्थनापत्र पर सुनवाई के बाद दिया। घटना 22 नवंबर 2023 की थी। 

20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
वाराणसी में गैंगस्टर एक्ट में वांछित 20 हजार के इनामी बदमाश सफाई बस्ती, दुर्गाकुंड के विशाल कुमार को चितईपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चितईपुर थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि विशाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के अलावा चोरी के आरोप में दो मुकदमे दर्ज हैं। 

इंफ्रा डेवलपर्स का मैनेजिंग डायरेक्टर गिरफ्तार
वाराणसी के नेवादा, सुंदरपुर निवासी इंफ्रा डेवलपर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋषिकेश उपाध्याय को धोखाधड़ी और धमकाने सहित अन्य आरोपों में चितईपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि नरिया निवासी विनोद शर्मा ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि ऋषिकेश और उसकी कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सात सदस्यों ने फ्लैट देने का झांसा देकर पैसा हड़प लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

डकैती के आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
शिवपुर के पत्रकारपुरम कॉलोनी, सिकरौल निवासी राधेश्याम मास्टर बाबा को गैंगस्टर एक्ट के तहत शिवपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी ने बताया कि नटनियादाई मंदिर के पास 29 दिसंबर 2023 को तीन लाख रुपये की डकैती के मामले में राधेश्याम गिरोह के सदस्यों के साथ गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

कंप्यूटरीकृत लेखांकन का प्रयोग समय की मांग
बीएचयू वाणिज्य संकाय में आयोजित व्याख्यान में अमेरिका के कैनसस विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आरपी श्रीवास्तव ने पाठय विश्लेषण के तकनीक और मेट्रिक्स की चर्चा की। कहा कि लेखांकन क्षेत्र में शोध करने की जरूरत है। वाणिज्य संकायप्रमुख और विभागाध्यक्ष प्रो.एचके सिंह ने कहा कि लेखांकन क्षेत्र में बदलाव आया है। कहा कि कम्प्यूटरीकृत लेखांकन का प्रयोग समय की मांग है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मीनाक्षी ए सिंह, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. डी. साहू ने किया।

रामनवमी पर नहीं होगी बिजली कटौती
रामनवमी पर इस बार बिजली कटौती नहीं होगी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभु कुमार ने सभी उपकेंद्रों को निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए हैं। अधीक्षण अभियंता एके वर्मा के मुताबिक त्योहार पर बिजली कटौती नहीं होगी। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए उपकेंद्रों को निगरानी करने को कहा गया है। बिजली के फाल्ट को ठीक करने के लिए टीमें गठित की गई हैं।

बनारस, सिटी स्टेशन समेत अन्य स्टेशनों पर लगे 25 वाटर वेंडिंग मशीन
रेल यात्रियों को गर्मी में पेयजल के लिए पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के स्टेशनों पर भटकना नहीं पड़ेगा। बनारस, वाराणसी सिटी समेत अन्य स्टेशनों पर 25 वाटर वेंडिंग मशीन लगाए गए हैं। डीआरएम वीके श्रीवास्तव ने मंगलवार को पेयजल संबंधित मामलों की समीक्षा की।

पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि बनारस स्टेशन पर 2, वाराणसी सिटी स्टेशन पर 2, बलिया स्टेशन पर 2, मऊ स्टेशन पर 2, गाजीपुर सिटी स्टेशन पर 2, आजमगढ़ स्टेशन पर 1 समेत अन्य पर वेंडिंग मशीन लगाए गए हैं। वाराणसी मंडल के सभी स्टेशनों पर स्वीकृत ब्रांड के बोतल बंद पानी की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही स्काउट एंड गाइड्स, स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा ट्रेनों के जनरल कोच में भी बैठने वाले रेल यात्रियों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने की योजना है। 

रोडवेज कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बने रमेश
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ कैंट शाखा 2024-25 के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को अध्यक्ष रमेश राय और मंत्री प्रकाश सिंह को चुना गया। चुनाव अधिकारी दिनेश कुमार सिंह व अखिलानंद वर्मा के अनुसार, उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, मो. शफीक खान, संगठन मंत्री जितेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त मंंत्री बिरेंद्र प्रताप सिंह व विजय प्रकाश सोनकर समेत आदि पदाधिकारियों और सदस्यों को चुना गया। 

गाजी मिया की निकाली गई लग्न, 21 को हल्दी की रस्म
गाजी मियां की शादी के लग्न निकाली गई है। उनकी शादी की रस्म दो जून को होगी। बड़ीबाजार स्थित गाजी मियां दरगाह के गद्दीनसीन हाजी एजाजुद्दीन हाशमी ने बताया कि 21 अप्रैल को हल्दी की रस्म के साथ सवा माह की लग्न रखी जाएगी। बहराइच के लिए पलंग पीढ़ी का जुलूस 23 मई को निकाला जाएगा। जबकि गाजी मिया की शादी की रस्म दो जून को निभाई जाएगी। इस दौरान दरगाह पर तीन दिनों तक मेला लगेगा। इसके बाद पांच दिनों का फिरकी मेला शुरू होगा।

मां चंण्डिका भगवती का हुआ भव्य श्रृंगार
लोहता क्षेत्र के बनकट गांव में महाअष्टमी के दिन मां चंण्डिका भगवती का भव्य श्रृंगार हुआ। माता के दर्शन पूजन के लिए पूरे दिन भक्तों का तांता मां के मंदिर पर लगा रहा। यहां हर साल महाअष्टमी के दिन मां का श्रृंगार होता है। हवन, पूजन के बाद सांयकाल महाआरती होती है। जिसमे दूरदराज के पचासों गांवों के भक्त शामिल होते है।

मान्यता है कि महाआरती में शामिल होकर जो भक्त मां से अपनी मन की मुराद मांगता है। मां उसे अवश्य पूरा करती है। मंदिर में सोमवार रात भर देवी जागरण का कार्यक्रम हुआ जिसमें प्रसिद्ध गायक कलाकारों ने अपनी भक्ति गीत गए।

गायत्री व शिव पंचाक्षरी मंत्र की सहस्त्र आवृतियां
आंध्र आश्रम में चल रहे श्रीराम साम्राज्य पट्टाभिषेक अनुष्ठान के आठवें दिन मंगलवार को यज्ञकुंड में गायत्री व शिव पंचाक्षरी मंत्र की सहस्रराधिक आवृतियां समर्पित की गई। मुख्य आचार्य उलीमिरी सोमायाजुलू के आचार्यत्व में भूदेवों ने श्रीराम अयोध्या गमन प्रसंग के पाठ से युद्धकांड के समापन तक अनुष्ठान किया। 

आंध्र आश्रम के मैनेजिंग वीवी सुंदर शास्त्री ने बताया कि रामनवमी को श्रीराम सीता विवाह उत्सव मनाया जाएगा। श्रीराम जानकी के पाणिग्रहण संस्कार होगा। दक्षिण भारत की लोक परंपराओं में रामनवमी के पावन पर्व पर सीताराम विवाह उत्सव मनाने की ही रीति है। प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक होगा।

कूड़ा जलाने वालों पर लगेगा जुर्माना
नगर निगम क्षेत्र में कूड़ा जलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए नगर विकास विभाग की ओर से आदेश आया है। पत्र में कूड़ा जलाने वालों पर जुर्माना लगाने को कहा गया है। इसके लिए नोडल अधिकारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीके शर्मा को बनाया गया है। वार्डों में तैनात सफाई निरीक्षक भी इसे सुनिश्चित कराएंगे। बता दें कि एनजीटी की ओर से भी कूड़ा जलाने वालों पर कार्रवाई का प्राविधान बनाया गया है।
विज्ञापन


नगर आयुक्त ने बेहतर जलापूर्ति की हिदायत दी
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने जलकल परिसर का निरीक्षण किया। बेहतर जलापूर्ति की हिदायत जलकल महाप्रबंधक को दी। साथ ही डिमांड और आपूर्ति रजिस्टर को मेंटेन करने के साथ-साथ फील्ड में कर्मचारियों को लगाने और गर्मी को ध्यान में रखकर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी। इस दौरान अभियंताओं से भी क्षेत्र में आने वाली समस्याओं के बारे में पूछा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें