फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की 10 खबरें: सपा से सीटों पर बात करेगी कांग्रेस, शिक्षकों के लिए 25 जून से खुलेंगे स्कूल

Mon, 24 Jun 2024 01:19 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

सार

Varanasi News: वाराणसी की ये दस खबरें महिला, राजनीति सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं। कांग्रेस के अजय राय ने लोकसभा चुनाव के बाद सीट बंटवारे को लेकर अपनी बात रखी है। वहीं, जिले के कुछ क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि 70 साल के कांग्रेस के शासनकाल में कभी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक नहीं हुए। केंद्र सरकार ने पूरा सिस्टम ध्वस्त कर दिया है। पेपर लीक की घटनाओं के तार गुजरात से जुड़े हुए हैं।

विज्ञापन


रविवार को जनादेश 2024 धन्यवाद एवं आभार समारोह में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने राजनाथ सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व विधायक श्याम देवराज चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा में जो आगे बढ़ता है उसको ऊपर से काटने का काम कर दिया जाता है। 

योगी आदित्यनाथ और गुजरात के लॉबी के बीच में इस समय युद्ध छिड़ा हुआ है। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सिर्फ नाम मात्र के मुख्यमंत्री हैं सारा काम गुजरात लॉबी करा रही है।
विज्ञापन


आज देश में जिस तरह से नीट, नेट, पुलिस भर्ती आदि परीक्षाओं में भ्रष्टाचार हुआ है, उससे देश की जनता का भरोसा और विश्वास पूरी तरह से उठ चुका है। देश के लाखों करोड़ों युवा और उनके अभिभावक हताश हैं। लगातार पेपर लीक की घटनाओं से पूरा देश हतप्रभ है। सारे पेपर गुजरात से छपते हैं और वही से इन्होंने पेपर लीक किया। 

अजय राय ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में भाजपा की हार का कारण कार्यकर्ताओं का सम्मान न होना है। उत्तर प्रदेश में नौकरशाही बेलगाम है। उपचुनाव को लेकर सपा के साथ सीटों का गठबंधन जल्द फाइनल होगा। हम इंडिया गठबंधन वाले उपचुनाव से लेकर विधानसभा और सभी चुनाव जनता के आशीर्वाद से जीतेंगे।

इस दौरान पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल, सपा जिलाध्यक्ष सुजीत सिंह यादव, रामाशंकर पटेल, प्रजानाथ शर्मा, प्रो. सतीश राय, डॉ. प्रमोद पांडेय ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता रमा ऊदल, संचालन देवेंद्र सिंह और आभार ज्ञापन जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने किया।

आशा ने संभाली इनरव्हील क्लब की जिम्मेदारी

इनरव्हील (डिस्ट्रिक्ट-312) क्लब के दो दिवसीय 40वीं असेंबली अवंतिका का समापन कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में हुआ। इस कार्यक्रम में क्लब की नवनिर्वाचित डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन आशा अग्रवाल और उनकी टीम ने पदभार ग्रहण किया। 

इस दौरान 25 छात्राओं को पढ़ने के लिए टैबलेट और 28 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन बांटी गई। इनरव्हील के 72 क्लबों के 350 सदस्यों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि इनरव्हील डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन की वाइस प्रेसीडेंट ज्योति महिपाल और एसोसिएशन की पूर्व वाइस प्रेसीडेंट नंदिनी भार्गव ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। क्लब के डिस्ट्रिक्ट न्यूज लेटर, डिस्ट्रिक्ट सोवेनियर व डायरेक्ट्री का लोकार्पण भी किया गया। 

इस दौरान हुई पर्यावरण और जूट से ज्वेलरी सेट बनाने की प्रतियोगिताओं के विजेता संगीता शाह और विनिता जायसवाल को पुरस्कृत भी किया। आशा अग्रवाल ने सदस्यों के सहयोग से सेवा कार्य को और समृद्ध करने पर जोर दिया। संचालन कुसुम मित्तल और धन्यवाद ज्ञापन प्रिया नारायण ने किया। इस मौके पर पूनम गुलाटी, वीना अग्रवाल, अल्का बंसल, शालिनी तलवार, अर्चना अग्रवाल मौजूद रहीं।

आशा क्लब ने 22-20 से स्टेडियम एकादश को हराया

जिला हैंडबाल संघ की ओर से राज्य स्तरीय हैंडबाॅल प्रतियोगिता खेली गई। नॉकआउट आधार पर खेली गई प्रतियोगिता में छह टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच आशा क्लब और स्टेडियम एकादश के बीच खेला गया। आशा क्लब ने स्टेडियम एकादश को 22-20 से हरा दिया। जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय खिलाड़ी रेशमा, नैना और प्रीति ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों ने एक-एक गोल किए।

विश्व हैंडबॉल दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में लालपुर स्टेडियम एकादश को कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। खेले गए खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों के बीच शुरू से कड़ी टक्कर देखने को मिली। स्टेडियम एकादश की तरफ से सुषमा, उषा और सुमन ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। 

इसके बावजूद टीम को जिताने में नाकाम रही। हाफ टाइम तक दोनों टीमों का स्कोर 16-16 रहा। जबकि दूसरे हाफ में मैच समाप्त होने से तीन मिनट पहले आशा क्लब की खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ दो गोल की बढ़त लेते हुए टीम को जीत दिलाई।

स्त्री शिक्षा के क्षेत्र में अग्रसेन महाविद्यालय का अहम योगदान

श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में पुरातन छात्रा समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व महापौर मृदुला जायसवाल ने कहा कि स्त्री शिक्षा के क्षेत्र में अग्रसेन महाविद्यालय का महत्वपूर्ण योगदान है। 

यह उत्तर प्रदेश का प्रथम स्वायत्तशासी महिला महाविद्यालय है, जिसने स्त्री शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कॉलेज जीवन से जुड़ी अपनी यादों को ताजा करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे अंदर भी राजनीतिक चेतना का सृजन इसी महाविद्यालय में शिक्षा प्राप्त करने के दौरान हुआ था।

प्रोफेसर मिथिलेश सिंह ने कहा कि पुरातन का संबंध केवल अतीत से नहीं होता, बल्कि इस पर वर्तमान एवं भविष्य निर्भर करता है। इस दौरान विशिष्ट अतिथि वनस्पति विभाग बीएचयू के प्रो. नीलम अत्री, जौनपुर की जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, पं. कमलापति त्रिपाठी राजकीय पीजी कॉलेज चंदौली की प्रवक्ता डॉ. संगीता, प्रबंधक डॉ. मधु अग्रवाल और डॉ. रूबी शाह ने भी विचार रखे। 

महाविद्यालय की आज तक की विकास यात्रा पर आधारित वृत्तचित्र प्रस्तुत किया गया। संचालन प्रो. आभा सक्सेना और धन्यवाद डॉ. मंजरी श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर प्रो. अनीता सिंह, डॉ. शृंखला, डॉ. नंदिनी पटेल, डॉ. उषा चौधरी, डॉ. सीमा अस्थाना मौजूद रहीं।

सनातन धर्म को भटकाने के लिए बनी फिल्म महाराज पर लगाएं रोक

सनातन धर्म की गुरु शिष्य परंपरा को कुठाराघात पहुंचाने वाली फिल्म महाराज पर अविलंब रोक लगाने की मांग गोपाल मंदिर के षष्ठपीठाधीश्वर श्याम मनोहर महाराज व प्रियंदु बाबा ने की। गोपाल मंदिर के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने फिल्म में दिखाए गए दृश्य पर आक्रोश जताया।

श्री मुकुंद गोपाल सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष हरि दास पारीख ने महाराज फिल्म का विरोध किया। श्री अग्रवाल समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी सर्वेश अग्रवाल एवं राजेश अग्रवाल ने कहा कि इस फिल्म में सनातन धर्म एवं उसके समावेशी वैष्णववाद के आचार्य श्री, गुरु, संत महंत का जो चित्रण किया गया है वो अत्यंत निंदनीय है। 

श्री माहेश्वरी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी राज कुमार कोठरी ने कहा की यह फिल्म सनातन धर्म को भटकाने एवं धर्म गुरुओं को खलनायक के रुप में चित्रित करने के उद्देश्य से बनाई गई है। श्री धर्म न्यास के वरिष्ठ पदाधिकारी विजय चौधरी ने कहा कि इस फिल्म में सनातन धर्म गुरुओं को कलंकित करने का गंदा प्रयास किया गया है। 

षष्ठपीठाधीश्वर गोस्वामी श्याम मनोहर महाराज ने कहा की फिल्म मनोरंजन एवं पैसा कमाने के लिए बनाई जाती है, महाराज फिल्म में जो दर्शाया गया है वो कहीं से भी व्यावहारिक नहीं है। संचालन किशोर ने किया। इस दौरान संदीप पंड्या, अतुल शाह अरुण पारीख, जयंती शाह, दीपेश चौधरी मौजूद रहे।

वाराणसी-गोरखपुर के बीच चलने वाली पांच जोड़ी ट्रेनें निरस्त

भटनी-औड़िहार खंड के तहत कीड़िहरापुर-बेल्थरा रोड स्टेशनों के बीच दोहरीकरण के चलते 27 जून तक 24 से अधिक ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इसमें चार जोड़ी एक्सप्रेस और वाराणसी-भटनी पैसेंजर ट्रेनें निरस्त रहेंगी। कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। वहीं कुछ ट्रेनें शाॅर्ट टर्मिनेट होंगी।

पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि 27 जून तक 15129/30 वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस और बनारस-भटनी स्पेशल ट्रेन, 26 जून को 12538/37 प्रयागराज रामबाग-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, 26 व 27 जून को 15104/03 बनारस-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। 

लखनऊ से 25 और 26 जून को 15008 लखनऊ जंक्शन-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस वाराणसी सिटी के स्थान पर गोरखपुर में यात्रा समाप्त करेगी। वाराणसी सिटी से 26 और 27 जून को 15007 वाराणसी सिटी-लखनऊ एक्सप्रेस गोरखपुर से चलाई जाएगी।

25, 26 और 27 जून को 14005 सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस छपरा-फेफना-मऊ के रास्ते चलाई जाएगी। 26 जून को 14006 आनंद विहार टर्मिनल-सीतामढ़ी एक्सप्रेस, 15049 कोलकाता-गोरखपुर एक्सप्रेस छपरा-सीवान-भटनी रूट से चलेगी। 

19489 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस वाराणसी कैंट-शाहगंज-अयोध्या कैंट-गोरखपुर के रास्ते जाएगी। 27 जून को 11060 छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस छपरा-फेफना-मऊ के रास्ते चलाई जाएगी।

कल से शिक्षकों के लिए खुलेंगे बेसिक स्कूल

बेसिक स्कूल में गर्मी की छुट्टियां 24 जून को खत्म हो जाएंगी। 25 से स्कूल खुल जाएंगे। हालांकि अभी शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए स्कूल खुलेंगे। छात्र-छात्राओं के लिए बेसिक स्कूलों का संचालन 28 जून से होगा। 25 से स्कूल खुलने के बाद साफ-सफाई और समर कैंप की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। जुलाई में नामांकन बढ़ाने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। 

16 जिलों के 30286 बूथों पर भाजपाइयों ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि

जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को भाजपाइयों ने बलिदान दिवस के रूप में मनाया। काशी क्षेत्र के सभी संगठनात्मक 16 जिलों के 30286 बूथों पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धा सुमन अर्पित की गई। भाजपाइयाें ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू कश्मीर को मिले विशेष अधिकार का हमेशा विरोध किया।

वाराणसी जिला व महानगर के 3300 से अधिक बूथों पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने कंचनपुर स्थित कैंप कार्यालय पर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर रमेश विश्वकर्मा, संदीप, संजीव विश्वकर्मा, अश्वनी श्रीवास्तव, अजय विश्वकर्मा मौजूद रहे। 

महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने कैंट विधानसभा शिवपुरवा के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, नवीन कपूर, डॉ रचना अग्रवाल मौजूद रहीं।

स्वतंत्रता सेनानी, राजनीतिक चिंतक थे मुखर्जी

आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने अपने कैंप कार्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कहा कि डॉ. मुखर्जी महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद, समाजसेवी और राजनीतिक चिंतक थे। इस मौके पर ओबीसी मोर्चा के सोभनाथ मौर्या, पार्षद सिंधु सोनकर, गौरव राठी, लखन शर्मा, दिलीप यादव समेत अन्य मौजूद रहे। 

नृत्य, गायन और नाटक में नवांकुरों ने दिखाई प्रतिभा

नागरी नाटक मंडली का मंच नवांकुरों की प्रतिभा का प्रत्यक्षदर्शी बना। 27वें ग्रीष्मकालीन कार्यशाला नवांकुर का रंगारंग समापन हुआ। महीने पर प्रशिक्षण के बाद नृत्य, गायन और नाटक के जरिए कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। हर किसी ने नवांकुर के मंच पर नवांकुर कलाकारों की प्रतिभा को जी भर सराहा।

रविवार की शाम को नागरी नाटक मंडली के मंच पर सुचरिता गुप्ता के निर्देशन में बच्चों ने ग्रीष्म, वर्षा, शरद और बसंत ऋतु के गीतों को प्रस्तुत किया। इसके बाद डॉ. दिव्या श्रीवास्तव के निर्देशन में बाल कलाकारों ने भरतनाट्यम की मनोहारी प्रस्तुति दी। इसके बाद बारी थी नाटक कौन बड़ा कौन छोटा के मंचन की। 

सुमन पाठक के निर्देशन में बाल कलाकारों ने एक दूसरे के साथ मिलजुलकर रहने का संदेश दिया। बच्चों ने नाटक में छोटी सी कहानी के जरिए बताया कि जैसे अकेली सूई की फितरत सिर्फ चुभने की होती है, परंतु धागे के साथ ही उसकी फितरत बदल जाती है-एक दूसरे को मिलाने की। 

अलग-अलग होकर रहने का कष्ट इस नाटक में दिखाया गया। राहुल मुखर्जी के निर्देशन में बच्चों ने ओडिसी की मनमोहक प्रस्तुति दी। विशाल कृष्ण के निर्देशन में बच्चों ने कथक की प्रस्तुति दी।
विज्ञापन

ललित उपाध्याय व नीरजा माधव समेत सात का हुआ सम्मान

काशी जेसीज चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से एवं जेसीआई काशी के सहयोग से काशी लीडरशिप एक्सीलेंस का द्वितीय अवार्ड स्थापना दिवस कैंटोमेंट स्थित एक होटल में उल्लास से मनाया गया। मुख्य अतिथि एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मौर्डिया एवं विशिष्ट अतिथि जीआई टैग के विशेषज्ञ डॉ. रजनीकांत रहे। 

मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सात विभूतियों को लीडरशिप एक्सीलेंस अवार्ड दिया। साहित्यकार डॉ. नीरजा माधव, कला व संस्कृति में रत्नेश वर्मा, कथक नतर्क विशाल कृष्णा, डॉ. रजनीकांत, रचनात्मक कला में मनीष खत्री, खेल में भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी ललित उपाध्याय, ललित कला में सुनील विश्वकर्मा, रिकॉर्ड रक्तदान करने वाले प्रदीप इसरानी का सम्मान हुआ। 

ललित उपाध्याय का सम्मान उनके माता-पिता को दिया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मोहक प्रस्तुति हुई। स्वागत ट्रस्ट के चेयरमैन अनिल रस्तोगी, जेसीआई काशी के अध्यक्ष शोभित अग्रवाल, संचालन विपुल शंकर पंड्या, संयोजन राजेश सोनी तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश पंकज अग्रवाल ने किया। इस मौके पर पंकज अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, हर्षद अग्रवाल आदि रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें