फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी के चर्चित समाचार : सेना में भर्ती कराने का झांसा, छह लाख ठगे; पुलिस पर मनमानी का आरोप

Mon, 03 Feb 2025 03:15 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने के मामले में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं, नाविक समाज ने बैठक में मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने कहा कि पुलिस नाविकों का उत्पीड़न कर रही है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Top News of Varanasi : सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर छह लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कोर्ट के आदेश पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। गाजीपुर के भांवरपुर लोहरापुर निवासी सुनील यादव के अनुसार वह तीन साल से फुलवरिया में किराये के मकान में रहकर सेना भर्ती की तैयारी करता था।

विज्ञापन


2020 में उनकी मुलाकात सिद्ध विनायक कॉलोनी निवासी सेना से रिटायर्ड जवाहरलाल सिंह से हुई। सेना में नौकरी लगाने का झांसा देकर जवाहरलाल ने छह लाख रुपये लिए। अब रुपये मांगने पर टालमटौल करने के साथ धमकी देते हैं। 

वरासत नहीं करने वालों का आवंटन होगा निरस्त
वीडीए की ओर से आवंटित संपत्तियों की वरासत उनके वारिसों की ओर से कराना अनिवार्य है। यदि आवंटियों या उनके वारिसों की ओर से वरासत नहीं कराई गई तो आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वीडीए बोर्ड की बैठक में अनुमति मिल चुकी है।

वीडीए के अनुसार नौ योजनाओं में कुल 125 संपत्तियां हैं। जिनसे किराये और विक्रय के आधार पर वसूली की जा रही है। अब तक 85 लाख रुपये की वसूली की गई है। नियमित किराया नहीं देने वाले आवंटियों को नोटिस दिया जा रहा है। इसके बाद भी कई आवंटी न तो किराया जमा कर रहे हैं और न ही संपत्ति क्रय कर रहे हैं। उनके आवंटन निरस्त होंगे। 

जवाहर लाल नेहरू व्यवसायिक केंद्र योजना में 44, शास्त्रीनगर में 9, पिशाचमोचन योजना में एक, कैलगढ़ में एक, गुरुधाम में एक, नदेसर में एक संपत्ति है। जिन मामलों में आवंटियों का निधन हो चुका है। उनके वारिसों की ओर से नामांतरण के लिए सूचित मूल्य जमा करना होगा। इसके उपरांत ही रजिस्ट्री की कार्रवाई की जाएगी।

रेस्टोरेंट संचालक ने शेफ के खिलाफ दर्ज कराया केस
कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार स्थित रेस्टोरेंट संचालक ने शेफ के खिलाफ केस दर्ज कराया। रेस्टोरेंट संचालक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि बिहार के सहरसा के शिवपुरी निवासी शेफ सुभाष यादव ने तीन बार में 1.30 लाख रुपये लिए। 11 हजार रुपये ही चुकता किया। इसके बाद पैसे देने से इन्कार कर दिया। वह काम से भी भाग गया।

स्कार्पियो और मोपेड में टक्कर, दो घायल
कपसेठी थाना क्षेत्र के कपसेठी कछवा मार्ग स्थित सकलपुर गांव के पास स्वास्तिक प्लांट के सामने रविवार की शाम स्कार्पियो और मोपेड सवार में टक्कर हो गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए। इस बीच स्कार्पियो सवार वाहन लेकर भाग निकला।

शकलपुर गांव निवासी बाबू 35 वर्ष अपने साथी रामबाबू गुप्ता 40 वर्ष के साथ मोपेड से कपसेठी बाजार से घर लौट रहा था। तभी यह हादसा हो गया, जिसमें बाबू चौहान गंभीर रूप से घायल है। जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो साल बाद मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
मकान निर्माण के दौरान छत की शंटरिंग के दौरान करेंट से मजदूर के मौत का मुकदमा दो साल बाद दर्ज किया गया। पीड़िता पत्नी की तहरीर पर मकान मालिक व ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया।

चौबेपुर थाने क्षेत्र के जयरामपुर निवासी पीड़िता किरन ने बताया कि पति सुजीत कुमार मजदूरी करते थे। रजनहिया के शिव लखन पाल उर्फ शिव कुमार के मकान की छत 17 नवम्बर 2022 को ढलनी थी, जिसका ठेका बलुआ घुरिपुर के ठेकेदार प्रवीण कुमार ने लिया। 

छत की शंटरिंग के दौरान पूरब दिशा की तरफ नजदीक से ही बिजली का खुला तार था, जिस पर पति सुजीत कुमार ने उस जगह पर काम करने को मना किया था। मकान मालिक व ठेकेदार ने जबरदस्ती काम कराया। इस बीच करेंट लगने से पति सुजीत झुलस गए, उपचार के दौरान बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में मौत हो गई। काफी दिन तक थाने का चक्कर काटी। दो वर्ष बाद पुलिस ने सुन ली।

महिला की चेन और मंगलसूत्र चोरी
महमूरगंज स्थित एक मठ के अंदर महिला दर्शनार्थी के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। पीड़िता ने भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। बंगलूरू के बननेरघाटा ज्योति नगर की रहने वाली शुभलक्ष्मी ने बताया कि वह मठ में ठहरी हुई हैं। मठ के अंदर से ही सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की तलाश कर रही है। 

स्नान करने प्रयागराज गया था परिवार, चोरों ने खंगाला मकान
सारनाथ थाना क्षेत्र के हिरामनपुर न्यू कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को खंगाल डाला। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पीड़ित हिमांशु सिंह ने बताया कि 28 जनवरी को सपरिवार प्रयागराज स्नान करने गए थे। इस बीच मकान का ताला तोड़ कर लैपटॉप समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया। 

नाविकों ने पुलिस पर लगाया मनमानी का आरोप
नाविक समाज की बैठक रविवार को दशाश्वमेध घाट पर हुई। बैठक में मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने कहा कि पुलिस नाविकों का उत्पीड़न कर रही है। कई लोगों को जेल भेज दिया गया है। जब तक उनकी रिहाई नहीं होगी नाविक समाज विरोध करता रहेगा। इस मौके पर राकेश शाहनी, शंभू मांझी और अजीत आदि मौजूद रहे।

कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
रोहनिया थाना क्षेत्र के खुशीपुर बाईपास रोड पर रविवार की रात कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि दोनों की पहचान कराई जा रही है। इसमें एक युवक की हालत चिकित्सकों ने नाजुक बताया है।

दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
दहेज उत्पीड़न का आरोप लगा कर विवाहिता ने पति सहित ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ रविवार को लालपुर-पांडेयपुर थाने में केस दर्ज कराया है। लालपुर पांडेयपुर निवासी स्वीटी चौधरी का आरोप है कि अवर अभियंता पति निशांतराज रंजन और ससुराल वाले दहेज की मांग करते हैं। जून 2024 में ससुराल के लोग मायके आ धमके और गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। पति ने हत्या करने की कोशिश की थी।

बाइक को टक्कर मारने के बाद पलटी मैजिक, 5 घायल
लोहता थाना क्षेत्र के सभईपुर गांव के सामने रविवार की सुबह अनियंत्रित मैजिक बाइक सवार को टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में बाइकसवार और मैजिक चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।

राजातालाब से सब्जी लादकर मैजिक हरहुआ की तरफ जा रही थी। सभईपुर में पहुंचते ही मैजिक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मैजिक पलट गई। बाइक सवार जंसा थाने के संजोई निवासी संत लाल पटेल और मैजिक सवार हिमांशु उर्फ गोलू, श्रवण, अजय और चंदौली के बलुआ थाना के चहनिया निवासी कालिका घायल हो गए।

प्रधान प्रतिनिधि समेत अन्य की पिटाई
सिंधोरा थाने क्षेत्र के रूपचंदपुर गांव में रविवार की दोपहर चकरोड के विवाद में प्रधान प्रतिनिधि समेत अन्य के साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने केस दर्ज कराया है। प्रधान प्रतिनिधि परमहंस चौबे ने आरोप लगाया कि गांव के अमृत लाल अपने पुत्र नीरज के साथ मिलकर गांव के चकरोड़ पर अवैध निर्माण करा रहे थे। विरोध करने पर सभी ने मारापीटा। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। 

प्राइवेट बैंक कर्मी ने खुद को आग लगाई
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रवीन्द्रपुरी रोड़ स्थित आईडीएफसी बैंक के कर्मचारी सुनील कुमार मिश्र ने शुक्रवार की देर शाम खुद के ऊपर पेट्रोल छिड़कर आग लगाने की कोशिश की। इस बीच लोगों ने बचा लिया। भेलूपुर पुलिस ने उसे पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया। 

सिंधोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बुची का रहने वाला है। थाना प्रभारी विजय नारायण मिश्र के मुताबिक सुनील को बाद में ट्राॅमा सेंटर बीएचयू भी इलाज के लिए भेजा गया। इस समय वह अपने घर पर है। उसे बैंक प्रबंधक ने कार्य में लापरवाही के कारण काम से निकाल दिया था।

अवैध तरीके से नाव संचालन में 13 नाविक गिरफ्तार
गंगा में अवैध तरीके से नाव संचालन में 13 नाविकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। 18 से अधिक नाव सीज की गई। जल पुलिस की ओर से सख्ती की गई।शुक्रवार को मान मंदिर घाट पर दो नाव की टक्कर हुई थी, जिसमें करीब 50 यात्री लाइफ जैकेट पहने होने के कारण बाल-बाल बचे थे, जिस पर जल पुलिस और प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए रविवार को अभियान चलाया। नियम का उल्लंघन करके नौका संचालन मामले में 13 नाविकों को गिरफ्तार किया।

मानसिक अस्पताल से भागे बंदी को कैंट पुलिस ने किया गिरफ्तार
मानसिक अस्पताल पांडेयपुर से चकमा देकर भागे बंदी को कैंट थाने की पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार किया। सहारनपुर के कोतवाली देहात निवासी समीर को सहारनपुर कोर्ट से तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर शनिवार को सहारनपुर से कैंट लाया गया। अस्पताल के निदेेशक डॉ. एके राय ने 29 जनवरी को कैंट थाने में बंदी के भागने का एफआईआर दर्ज कराया था। उप निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार शुक्ला की टीम ने उसे गिरफ्तार किया।

युवक की पिटाई कर जेब से छीने सात हजार
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के नईबस्ती पांडेयपुर में रविवार को युवक की पिटाई कर 7 हजार छीनने मामले में केस दर्ज किया गया। पीड़ित हिमांशु चौरसिया ने बताया कि वह नक्खीघाट जाने के लिए निकला था, तभी किशु उर्फ शशांक गुप्ता, गनेश, सिब्बू पांडेय और शिवा ने मारा पीटा और जेब से सात हजार रुपये भी छीन लिया।

आईआईटी के कॉन्फ्रेंस में आएंगी रोमानिया की एंबेसडर
आईआईटी-बीएचयू में 21 से 23 फरवरी तक होने वाले मॉडल यूनाइटेड नेशंस कॉन्फ्रेंस में भारत में रोमानिया की एंबेसडर सीना लतीफ शिरकत करेंगी। उन्होंने एक वीडियो मैसेज में इस कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम को कराने वाले डिप्लोमेट्स, छात्रों और प्रोफेसरों को शुभकामनाएं।

इस कार्यक्रम में यूएन की एक्टिविटिज पर मंथन होगा। एंबेसडर सीना लतीफ भी आईआईटी आएंगी। ये 13वां आईआईटी-बीएचयू मॉडल यूनाइटेड नेशंस कॉन्फ्रेंस है। छात्रों ने सोशल मीडिया पर ये वीडियो साझा कर कहा है कि ये इवेंट भारत की डिप्लोमेसी को अलग नजरिया देगा।

36 करोड़ से होंगे सात विकास कार्य
वीडीए की अवस्थापना निधि के 36 करोड़ रुपये से शहर में सात विकास कार्य कराए जाएंगे। इससे शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही सड़क, सीवर और लाइट संबंधी समस्याओं का भी समाधान होगा। कार्यों को लेकर वीडीए को अवस्थापना निधि समिति से अनुमति मिल चुकी है।

इस अवस्थापना निधि से शहर में सुगम यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस को संसाधन दिए जाएंगे। वीडीए सीमा के 20 गांव में मिनी हॉट के तहत 5-5 दुकानों का निर्माण होगा। दुकानों के सामने इंटरलॉकिंग का प्लेटफॉर्म बनेगा। नटिनियादाई मंदिर से रिंगरोड तक जलजमाव का निस्तारण होगा।

स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज लाइन बिछाने के कार्य को गति मिलेगी। शिवपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। विभिन्न चौराहों पर स्कल्पचर, लैंडस्कैपिंग, फाउंटेन आदि के कार्य होंगे। कई पार्कों में जिम और प्ले इक्यूप्मेंट लगाए जाएंगे। चौराहों पर स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने मातहतों को अवस्थापना निधि के कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

सोमवार बीएचयू से शुरू होगा पथ संचलन
बसंत पंचमी के मौके पर सोमवार को बीएचयू से पथ संचलन होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मालवीय नगर, काशी दक्षिण द्वारा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस के मौके पर परिसर स्थित कृषि विज्ञान मैदान, (छात्र स्वास्थ्य सेवा संकुल के पीछे) से ट्रामा सेंटर स्थित विश्वविद्यालय स्थापना स्थल तक पथ संचलन होगा। सभी विधार्थी एवं प्राध्यापक संघ के गणवेश में घोष की ध्वनि पर संचलन करेंगे, इसके पूर्व पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कार्यवाह वीरेंद्र जायसवाल का बौद्धिक भी रहेगा।

30 मार्च से 13 अप्रैल तक निकलेगी ध्वजा यात्रा
श्री हनुमान ध्वजा प्रभातफेरी समिति 30 मार्च से 13 अप्रैल तक ध्वजा यात्रा निकालेगी। प्रभातफेरी दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ से संकटमोचन मंदिर तक जाएगी। वहां ध्वजा अर्पित की जाएगी। साथ ही यहां ढाई क्विंटल लड्डू चढ़ाए जाएंगे। रविवार को सिगरा के एक होटल में दीपक कुमार बजाज की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें बताया कि प्रभातफेरी 25 वर्षों से निकाली जा रही है। इस मौके पर कौशल शर्मा, संतोष अग्रवाल, विजय मोदी, सुरेश तुलस्यान, महेश चौधरी मौजूद रहे। 

इंसानियत की शान व पहचान हैं हुसैन
शहीद ए करबला इमाम हुसैन की 1442 वीं जयंती रविवार को अकीदत और एहतेराम के साथ मनाई गई। महफिलें सजाई गईं, शायरों ने इमाम की शान में कलाम पेश किए। उलमा ने इमाम को इंसानियत की शान और पहचान बताया। शिया घरों में नज्र दी गई।

शिवपुर में अंजुमन पंजतनी, जामा मस्जिद मीर गुलाम अब्बास अर्दली बाजार, दोषीपुरा, रसूलपुरा, बड़ी बाजार, कच्चीबाग, मस्जिद मुजीब पठानीटोला, प्रह्लादघाट, पड़ाव, जामा मस्जिद हैदरी रामनगर, शिवाला, बजरडीहा, भेलूपुर, मदनपुरा, दालमंडी, नई सड़क, कालीमहल, लल्लापुरा आदि क्षेत्रों में महफिलें सजाकर इमाम हुसैन की विलादत का जश्न मनाया गया। 

शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि दरगाहे फातमान तथा सदर इमामबाड़े में इमाम हुसैन का रौजा सजाया गया। अकीदतमंदों ने मिठाइयां, फल और मेवे बांटे। वहीं, कई स्थानों पर हजरत अब्बास की जयंती की पूर्व संध्या पर भी महफिले सजाकर जश्न मनाया गया। 

उधर, डर्बी शायर क्लब की ओर पितरकुंडा तिराहे पर लोगों को गुलाब का फूल देकर और मिठाइयां खिलाकर इमाम का विलादत मनाया गया। इसमें क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर, हाजी असलम, सकलैन हैदर, जावेद हुसैन, अयान हैदर आदि रहे।

सरस्वती पूजा: मां सरस्वती के चढ़ावे से विद्यार्थियों को देते थे छात्रवृत्ति
काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र के सरस्वती फाटक पर मां सरस्वती का मंदिर है। मान्यता है कि 11 सौ साल पहले मां सरस्वती प्रतिमा को आदि शंकराचार्य ने खुद स्थापित किया था। सरस्वती पूजा पर यहां दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते है। छात्र भी दर्शन पूजन के लिए यहां आते हैं।

काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद यह मंदिर सरस्वती फाटक के पास गंगाद्वार की तरफ स्थापित किया गया है। काशी विश्वनाथ परिक्षेत्र में स्थित कई सिद्धपीठ देवालयों में एक मंदिर यह भी था। 

मंदिर की सेवा करने वाले परिवार के पद्मपति शर्मा ने बताया कि कॉरिडोर बनने के पहले मंदिर के चढ़ावे से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती थी। इस मंदिर को आदि शंकराचार्य ने स्थापित किया था। इसी के नाम पर काशी विश्वनाथ मंदिर का गेट नंबर दो सरस्वती फाटक के नाम से जाना जाता है। बताया कि मेरे पूर्वजों के अनुसार मां वाग्देवी एक वृद्धा के रूप में भक्तों को दर्शन दी थीं। एक और मान्यता है कि इस मंदिर के आसपास मां के कई मानस पुत्रों की जन्म और कर्मस्थली रही है।

केंद्रीय मंत्री ने बरेका मंडप का किया उद्धाटन
राजकोट, गुजरात में 2 से 5 फरवरी तक आयोजित 9वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर 2025 में बनारस रेल इंजन कारखाना का इंजन छाया हुआ है। रविवार को बरेका मंडप का उद्घाटन केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया ने किया। उन्होंने बरेका के विद्युत एवं निर्यातित डीजल लोकोमोटिव और लोको क्षेत्र में हो रहे नवीन तकनीकी विकास की सराहना की।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि इस इंडस्ट्रियल फेयर में बरेका की ओर से लोकोमोटिव मॉडल, आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वदेशी उत्पादन क्षमता को प्रदर्शित किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी उद्योग के विशेषज्ञों, व्यवसायियों और आगंतुकों के लिए बरेका की तकनीकी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को समझने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। 

इस औद्योगिक प्रदर्शनी में बरेका के इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव, निर्यात किए जाने वाले डीजल लोकोमोटिव के मॉडल, इंफोग्राफिक्स, और सिंगल वेंडर आइटम्स को प्रदर्शित किया जा रहा है, जो रेलवे उद्योग के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्य गुणता आश्वासन प्रबंधक रामजन्म चौबे, राजेश कुमार, सहायक कार्य प्रबंधक राजीव मिश्रा व उनकी टीम ने अपने उत्पादों और नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी।

अनाथ, लावारिसों का पुनर्वास करना बड़ी जिम्मेदारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अकादमिक सेल की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में अलग-अलग विषयों पर चर्चा की गई। विश्वविद्यालय के ट्रांसजेंडर सेल के निदेशक प्रो. संजय ने ट्रांसजेंडर एवं क्वीर समुदाय की चुनौतियां विषय पर अपनी बात रखी। 

कहा कि समलैंगिक, ट्रांसजेंडर एवं अन्य लैंगिक पहचान वाले लोगों के समुदाय को क्वीर समुदाय कहा जाता है। अपना घर आश्रम के डॉ.के निरंजन ने कहा कि जिले में अनोखे स्टार्टअप के माध्यम से अनाथ, लावारिस एवं भिखारीयों का पुनर्वास करना है। यह बड़ी जिम्मेदारी है। 

काशी विद्यापीठ समाजकार्य विभाग की प्रो. भावना वर्मा ने कहा कि बुजुर्गों के सामने कई चुनौतियां होती हैं, जिन पर सभी को ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

खजुरी मिर्जामुराद में हाईवे पर लगा वीडीए का बोर्ड
खजुरी मिर्जामुराद में वीडीए की ओर से हाईवे पर बोर्ड लगाया गया। जिस पर लिखा है वाराणसी विकास प्राधिकरण क्षेत्र में आपका स्वागत है। वीडीए के अनुसार क्षेत्र के भिखारीपुर, रखौना, भुवालपुर, खजूरी, मेंहदीगंज, कल्लीपुर, नागेपुर आदि गांव को वीडीए में जोड़ा गया। इसके मद्देनजर बोर्ड लगाया गया है।

उत्तर प्रदेश नगर योजना और विकास अधिनियम के तहत वीडीए का गठन हुआ था। इसके बाद 1978 और 2016 में सीमा विस्तार के लिए संशोधन किए गए थे। अब वीडीए ने अपनी सीमा का और विस्तार किया है। जिसमें 215 राजस्व ग्रामों का कुल 280.65 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र विकास क्षेत्र में शामिल किया गया है।

इसमें वाराणसी की तीनों तहसीलें चंदौली की दो तहसीलें (सकलडीहा और पीडीडीयू नगर), और मिर्जापुर जिले की एक तहसील (चुनार) के गांव शामिल किए गए हैं। यह विस्तार वाराणसी के समग्र और सुनियोजित विकास में मदद करेगा।

राज्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को दिए लंच के पैकेट
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल रविवार को महाकुंभ से लौटे श्रद्धालुओं को लंच के पैकेट दिए। रविवार को संपूर्णानंद संस्कृत विवि, क्वींस इंटर कॉलेज जगतगंज, लहुराबीर चेतमणि चौराहा, धूपचंडी वार्ड राम कटोरा चौराहा पर लंच वितरण हुआ। इस मौके पर पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, पार्षद सुशील गुप्ता, रजत सिंह, विकास सिंह चीकू, अजीत कुमार, सुजीत गुप्ता आदि मौजूद रहे।

कंदवा में कल से लगेगा बीएचयू एनएसएस का सात दिवसीय शिविर
बीएचयू राष्ट्रीय सेवा याोजना की कला संकाय इकाई के स्वयंसेवकों का सात दिवसीय विशेष शिविर 4 से 10 फरवरी तक कंदवा में चलेगा। इस दौरान मलिन बस्तियों में जाकर डिजिटल लिटरेसी, स्वास्थ्य, स्वच्छता, दहेज प्रथा, नशा उन्मूलन इत्यादि विषयों पर कार्यक्रम होंगे। 

कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. प्रियंका सोनकर ने बताया कि कंदवा गांव को स्वयंसेवकों की ओर से गोद लिया गया है। सात दिनों के दौरान सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना, वोटर कार्ड आदि के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। 

झोला बांटकर प्लास्टिक की थैली के बताए नुकसान
मेरा देश मेरा दायित्व टीम के सदस्यों ने रविवार को आकाशवाणी महमूरगंज में पर्यावरण मित्र कपड़े का झोला वितरण किया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता किया। वह हाथों में पोस्टर तथा कपड़े का झोला लेकर लोगों को जागरक किए। प्लास्टिक की थैली में सब्जी या फल लेकर के जा रहे थे उन्हें कपड़े का झोला दिया। साथ ही प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में बताया।

इस दौरान बुजुर्गो को हर्बल सैनिटाइजर भी वितरित किए। गीला और सूखा कचरा निस्तारण के बारे में बताए। तनुज वर्मा ने पर्यावरण व स्वच्छता पर लिखे गीत सुनाकर सभी को मुग्ध कर दिए। अभियान में नमामि गंगे के संयोजक राजेश शुक्ला, टीम के नवीन जायसवाल, प्रियंका शर्मा, निजामुद्दीन, शमसुद्दीन, नवीन सिंह, हरिपाल शर्मिला, महान दूबे आदि शामिल रहे।

राज्यमंत्री ने श्रद्धालुओं दी पूड़ी-सब्जी
श्री काशी विश्वनाथन मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को भोजन भी मिल रहा है। अग्रवाल महासभा चैरिटेबल ट्रस्ट और लहुराबीर व्यवसायी समिति ने दावा किया कि रविवार को 15000 से ज्यादा श्रद्धालुओं को भोजन करवाया गया है।

प्रदेश के राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, ट्रस्ट के संरक्षक संतोष कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष प्रद्युम्न अग्रवाल, व्यवसायी समिति क़े अध्यक्ष रजनीश कन्नौजिया ने श्रद्धालुओं को पूड़ी और सब्जी दी। वहीं, शाकुंभरी परिवार ने लक्सा स्थित मारवाडी समाज भवन के सामने श्रद्धालुओं के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की। शिवकुमार मित्तल, गोपाल मित्तल, आनंद लडिया, निधि, महेश चौधरी, आशा शर्मा, श्याम लोहिया ने कहा कि श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

यात्रा निकाल व्यासेश्वर महादेव का किया पूजन
काशी प्रदक्षिणा दर्शन यात्रा समिति की ओर से रविवार को डुमरावबाग से श्रीव्यासेश्वर महादेव प्रदक्षिणा यात्रा निकाली गई। करीब 15 सौ श्रद्धालु वाहन से यात्रा कर रामनगर पहुंचे। मां दुर्गा मंदिर में दर्शन के बाद व्यासेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। दाल, बाटी-चोखा आदि का भोग लगाकर प्रसाद का वितरण किया। मान्यता है कि माघ मास में व्यासेश्वर महादेव के पूजन से मोक्ष की प्राप्ति होती है।

आईआईटी बीएचयू में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना
वसंत पंचमी से पहले आईआईटी-बीएचयू के नए संकाय के अपार्टमेंट परिसर में सरस्वती पूजन हुआ। आवासीय परिसर में रहने वाले शिक्षकों और उनके परिवारों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की। प्रो. साम्य बनर्जी ने बताया कि 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए एक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने अपनी अद्भुत कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 

बीएचयू के कॉन्फ्रेंस में विदेशों से आएंगे 250 वैज्ञानिक
बीएचयू में सोमवार से पर्यावरण और सतत विकास पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हो रहा है। मलेशिया, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और इटली के 250 से ज्यादा वैज्ञानिक शामिल होंगे। पर्यावरणीय मुद्दों के समाधान के लिए अनुसंधान, नीतिगत चर्चा और कार्रवाई योग्य स्ट्रेटजी के आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान तैयार किया जाएगा। सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन और अनुकूलन, सस्टनेबल शहरीकरण, जैव विविधता संरक्षण, हरित प्रौद्योगिकियों, टिकाऊ कृषि और पर्यावरण प्रशासन जैसे प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी।

बीएचयू में लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा का अनावरण
बीएचयू के एलबीएस हॉस्टल में भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा का अनावरण किया गया। अनावरण कला संकाय के अध्यक्ष प्रो. माया शंकर पांडेय ने किया। इस प्रतिमा को सहायक प्रोफेसर अंब्रेश कुमार और उनकी टीम ने तैयार कराया है। लाल बहादुर शास्त्री के नाम से इस हॉस्टल में शास्त्री जी की प्रतिमा नहीं थी। इस दौरान समन्वयक दिनेश कुमार ओझा, छात्रावास संरक्षक रत्न शंकर मिश्रा, छात्र सलाहकार विनायक दुबे आदि मौजूद रहे। 

भंडारे में श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
राजा दरवाजा व्यापार समिति की ओर से रविवार को कबीर रोड शंभो माता मंदिर पर भंडारे का आयोजन हुआ। अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने बताया कि महाकुंभ से आने वाले दर्शनार्थियों को देखते हुए भंडारे कराया। मुख्य अतिथि वाराणसी व्यापार मंडल काशी प्रांत के अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरि रहे। इस दौरान महामंत्री सुनील निगम, शिवम मौर्या, सतीश कसेरा, प्रदीप मानसिंहाका, संजीव देवबंशी आदि रहे।

आर्य महिला कॉलेज ने 100 स्वयं सेविकाओं को किया प्रशिक्षित
आर्य महिला पीजी कॉलेज द्वारा दुर्गाकुंड मलिन बस्ती में मेंटल हेल्थ फिटनेस पर मंथन किया गया। कॉलेज की योग प्रशिक्षिका गीता ने 100 स्वयं सेविकाओं को प्रशिक्षित किया। मानसिक तनाव में सोशल मीडिया की भूमिका को प्रमुख माना गया। इस पर एक वाद विवाद प्रतियोगिता भी हुई। मानसिक स्वास्थ्य पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। आर्य महिला कॉलेज की ओर से शहर में सात दिनों तक ये कार्यक्रम होगा। 

आरओ जैसे उपकरण से पानी होगा शुद्ध
दुर्गाकुंड को सजाने और संवारने से पूर्व यहां के पानी को शुद्ध किया जा रहा है। आरओ सिस्टम की तरह लगने वाले उपकरण से पानी शुद्ध करने के साथ कुंड से मछलियों की दुर्गंध भी दूर की जा रही है। साथ ही ऑक्सीजन लेवल बढ़ाने के लिए अनवरत पानी को फिल्टर किया जा रहा है। 

काम करने वाले वेल्सपन के राहुल जैन ने बताया कि इसमें आयरिश वैज्ञानिक डॉ. लियाम की मदद ली जा रही है। दस दिन में दुर्गाकुंड का पानी साफ हो जाएगा। मशीनों के जरिये पानी साफ किया जा रहा है। पानी मशीन भेजकर फिल्टरेशन के बाद वापस कुंड में डाला जा रहा है। 

इसके बाद पानी को फिल्टर करने के लिए रोटेशन बनाया जाएगा। इसके लिए अत्याधुनिक उपकरण भी लगाए जाएंगे। यह काम सीएसआर फंड से हो रहा है। पिछले दिनों पीएमओ की टीम ने इसे काफी सराहा था। पहले यहां उपकरण इंस्टॉल किए जाएंगे। बेहतर परिणाम मिलने पर अन्य कुंडों में भी इसे लगाया जाएगा। 

काशी विद्यापीठ में स्वयंसेवकों ने की श्रद्धालुओं की सेवा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने रविवार को महाकुंभ से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा की। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए चाय, बिस्किट आदि का वितरण श्रद्धालुओं में किया गया। एनएसएस समन्वयक डॉ. रविन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शैलेश कुमार एवं डॉ. दिलीप कुमार सिंह के निर्देशन में स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ धाम जाने के लिए रास्ता बताने आदि में भी मदद कर रहे हैं। 

समस्या समाधान के लिए 1533 पर करें कॉल
नगर निगम से जुड़ी शिकायतों के लिए 1533 नंबर जारी किया गया है। स्मार्ट सिटी के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में इसकी माॅनीटरिंग के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की समस्या के बारे में इस नंबर का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इस पर सीवर, सफाई, अतिक्रमण, पेयजल, पशु पकड़वाने आदि से जुड़ी शिकायतें की जा सकती हैं। इन शिकायतों को संबंधित कर्मचारियों के मोबाइल नंबर पर भेजा जाता है। इसके जरिये कर्मचारी संबंधित शिकायतकर्ता से बातचीत कर समस्या का समाधान कराते हैं। इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है।

व्यापारियों ने कहा, बजट में हर वर्ग का रखा ध्यान
बजट को लेकर वाराणसी व्यापार मंडल की ओर से सिगरा स्थित कार्यालय पर चर्चा हुई। अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि हर वर्ग का ध्यान रखा गया। रमेश निरंकारी, संजय गुप्ता, मनीष गुप्ता, दीप्तिमान देव गुप्ता, प्रिया अग्रवाल कमल मंगलानी आदि ने भी विचार रखे।

उधर, भारतीय कंपनी सचिव संस्थान की वाराणसी शाखा की ओर से रविवार को कंपनी सचिव सदस्यों के लिए शैक्षणिक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें बजट 2025 पर चर्चा की गई। बजट के बारे में मुख्य वक्ता सीए रंजीत पांडेय एवं वक्ता सीए मयंक प्रताप ने विस्तार पूर्वक कंपनी सचिव संग चर्चा की।

वाराणसी शाखा के अध्यक्ष कंपनी सचिव सुमित सिंह, सेक्रेटरी कंपनी सचिव ज्योती खत्री, वरिष्ठ कंपनी सचिव, नमिता उज्ज्वल, पूर्व अध्यक्ष शुभम श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष, नीरज तिवारी, वाराणसी शाखा के प्रभारी दीपक गुप्ता और कई कंपनी सचिव उपस्थित रहे।

युवक ने फंदा लगाकर जान दी
सारनाथ थाना क्षेत्र के बरईपुर में रविवार को युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बरईपुर निवासी शिवशंकर अपनी पत्नी के साथ सूरत में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता था। लगभग एक वर्ष पूर्व शिव शंकर सड़क हादसे में घायल हो गया था।

सिर में गंभीर चोट के कारण वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गया। इसके बाद वह पत्नी के साथ सारनाथ लौट आया। कुछ दिन बाद पत्नी उसे छोड़ कर चली गई। इससे परेशान शिव शंकर कमरे में लगे गाटर के हुक में साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। ब मां मंजू देवी घर पहुंची तो बेटे को देख चीख पड़ी। 

वाराणसी के अतुलदीप एचआईएल में छाए
राउरकेला में हुई हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) की विजेता बंगाल टाइगर की जीत में वाराणसी के खिलाड़ी अतुलदीप ने शानदार प्रदर्शन किया। पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ी शिवपुर निवासी अतुलदीप ने मिडफील्डर पोजीशन से खेलते हुए टीम के फाॅरवर्ड खिलाड़यों को गोल करने में मदद की। 

अतुलदीप को इस प्रदर्शन के लिए डीआरएम विनीत श्रीवास्तव, एडीआरएम आरके सिंह, एडीआरएम इंफ्रा रोशन लाल यादव, मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलिंदर पाल, सीनियर डीसीएम शेख रहमान, हॉकी कोच सतीश नारायण सिंह ने बधाई दी। 

बीएचयू में 5 फरवरी को एमए, एमएससी होम साइंस की परीक्षा
बीएचयू में एमए और एमएससी होम साइंस के पहले सेमेस्टर की परीक्षा 5 फरवरी को होगी। दोपहर 1.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक परीक्षा होगी। सोशल एंड साइकोलॉजिकल एस्पेक्ट ऑफ क्लोदिंग, रूरल डेवलपमेंट प्रोग्राम और वुमेन हेल्थ न्यूट्रिशन का पेपर होगा। इससे पहले इन दोनों कोर्स की सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए 29 जनवरी की तारीख दी गई थी। लेकिन बीएचयू ने इसे स्थगित कर दिया था। अब परीक्षा की नई तिथि घोषित की गई है।

विभिन्न स्थानों पर हुई मां सरस्वती की पूजा
माघ मास की पंचमी की तिथि रविवार को ही मध्याह्न में लगने से कई पूजा पंडालों में मां सरस्वती की पूजा शुरू हो गई। पंडालों में आकर्षक सजावट हुई। शहर में चेतगंज, काशी विद्यापीठ, चंदुआ सट्टी, लहरतारा के पंडालों में मां की पूजा हुई।

स्व. चंद्रमा यादव की स्मृति में न्यू स्माॅल बॉयज क्लब ने अर्दली बाजार पूजा पंडाल में मां सरस्वती, मां लक्ष्मी और श्रीगणेश की पूजा हुई। राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी में भी छात्रों ने मां सरस्वती का पूजन किया। आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड सहित अन्य प्रदेशों के कृषि स्नातक छात्रों ने भी पूजा की। ग्रामीण इलाकों में चिरईगांव के महासीपुर, मिलकोपुर, जाल्हूपुर सहित कई गांवों में भी पूजन हुआ।

महाकुंभ में भटके लोगों को परिजनों से मिलवाया
महाकुंभ से भटके वृद्ध को पुलिस ने उसके परिजनों से मिलवाया। बिहार गोपालगंज के विजईपुर थाना क्षेत्र के भटपुरवा निवासी हरिहर गिरी अपने गांव व सगे संबंधियों के साथ 27 जनवरी को महाकुंभ के लिए निकले थे। 31 जनवरी को भटकते हुए धौरहरा गांव पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर सूचना दी। उनके परिवार के अभिमन्यु गिरी व अमरेंद्र गिरी रविवार को धौरहरा गांव पहुंचे और बुजुर्ग को अपने साथ ले गए।

उधर, महाकुंभ प्रयागराज से भटककर वाराणसी पहुंची महिला को आरपीएफ कैंट ने उनके परिजनों को सौंपा। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि जबलपुर निवासी ऊषाबाई बोरले के बेटे संतोष लक्ष्मण बोरले शनिवार की रात 11 बजे स्टेशन पहुंचे और उनकी मां को सौंपा गया। 

उधर, प्लेटफार्म संख्या दो से चमेला देवी (65) को कांस्टेबल प्रमोद कुमार यादव व महिला कांस्टेबल सोनिया ने बरामद किया। जौनपुर के सुरेरी थाना के कठवालिया निवासी चमेला को शिवालाघाट स्थित मदर टेरेसा संस्था में भिजवाया गया।

रथयात्रा पर तीर्थयात्रियों को कराया चाय नाश्ता
कुसुम मोहले स्मृति सनातन न्यास ने रविवार को काशी आने वाले श्रद्धालुओं को रथयात्रा के अवसर पर खाने पीने की सामग्री बांटी गई। पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले ने कहा कि काशी आने वाले तीर्थयात्रियों की सेवा ही मुख्य धर्म है। महापौर की देखरेख में तीर्थ सेवा शिविर चलाया जा रहा है। इस दौरान पूर्व डिप्टी मेयर संजय राय, भाजपा नेता सुधीर मिश्रा, राहुल खन्ना, सतीश श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।

बड़ौत हादसे के मृतकों के परिजनों को 25 लाख और नौकरी की मांग
श्री दिगम्बर जैन समाज काशी ने बागपत के बड़ौत में भगवान आदिनाथ के मस्तकाभिषेक के अवसर पर हुए हादसे में मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की है। जैन समाज के अध्यक्ष ऋषभ चंद जैन, उपाध्यक्ष राकेश जैन और प्रधानमंत्री प्रदीपचंद जैन ने कहा कि कुंभ हादसे की तरह प्रदेश सरकार को यह घोषणा करनी चाहिए। 

दशाश्वमेध घाट पर स्नान के दौरान डूबते पर्यटक को बचाया
मुंबई से वाराणसी आये करण रविवार दोपहर दशाश्वमेध घाट पर स्नान के दौरान डूबने लगे। घाट पर खड़े नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए डूब रहे करण को बाहर निकाला। 

देश के रक्षक थे महाराजा सुहेलदेव
महाराजा सुहेलदेव की 1016वीं जयंती रविवार को मनाई गई। नेशनल इक्वल पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना सिंह और शशि प्रताप सिंह ने मोमबत्ती जला कर फूल चढ़ाए। साथ ही कहा कि महाराजा सुहेलदेव वास्तव में राष्ट्र के रक्षक थे। उन्हें किसी जाति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। कई लोग राष्ट्रवीर चक्रवर्ती सम्राट को अपनी जाति से जोड़कर उनका अपमान करते हैं। इस मौके पर रवि सिंह पटेल, जितेंद्र पटेल, राजू पटेल, सतेंद्र सिंह, सूरज यादव मौजूद रहे। 

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की मनाई जयंती
कालिका धाम इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को कॉलेज के संस्थापक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राष्ट्रवीर बाबू निहाला सिंह की 118वी जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विशिष्ट अतीथि एमएलसी धर्मेंद्र राय ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर कॉलेज के संरक्षक डॉक्टर तेग बहादुर सिंह, प्रोफेसर आरबी सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन

भागवत कथा के श्रवण से हर समस्या होगी दूर
उमरहां गांव स्थित नवग्रह मंदिर में शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन रविवार को वेदाचार्य पं. विष्णुकांत शास्त्री ने कहा कि भागवत कथा सुनने से सभी जीव भव सागर से पार हो जाते हैं। श्रीमद्भागवत केवल एक पवित्र ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन का दर्पण है।

यह मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान की ओर, मोह से मोक्ष की ओर और संसार से परमार्थ की ओर ले जाता है। काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय ने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारे समाज और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। इस दौरान दिलीप श्रीवास्तव, विरेंद्र सिंह, अर्पित, विवेक, प्रमोद कुमार पाल मौजूद रहे। 

पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाएगा बजट : सपा
सपा पदाधिकारियों ने रविवार को दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के पितृकुंड सेक्टर में पीडीए पर चर्चा की। महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि बजट में दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक, आधी आबादी और नौजवानों के लिए कुछ नहीं है। यह बजट पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाएगा।

महानगर महासचिव योगेंद्र यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार पर कोई बात नहीं की जा रही है। मीडिया प्रभारी रामजी यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार पूंजीपतियों के हित की बात करती है। इस मौके पर किशन दीक्षित, पारस नाथ जायसवाल, दिलशाद, राजू यादव, प्रदीप जायसवाल मौजूद रहे। दूसरी तरफ उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के पांडेयपुर सेक्टर में पीडीए चौपाल हुई। इसकी अध्यक्षता अजय चौधरी ने की। इस मौके पर लाल बहादुर पटेल, नितिन कुमार पटेल, लाल कृष्ण सोनकर, वीरेंद्र चौहान मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें