सपा नेताओं की बैठक सिगरा-महमूरगंज मार्ग पर व्यापारी नेता रितेश केसरी के आवास पर हुई। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशानिर्देशों के पालन पर जोर दिया। कहा कि हर बूथ पर एक व्यापारी रहे, ताकि व्यापारियों का वोट गठबंधन के प्रत्याशी को मिले।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार की उपलब्धियों को बताएं। युवा व्यापारियों को भी पार्टी से जोड़ें। जल्द ही कई बड़े नेता आएंगे। जनसभाओं में अधिक से अधिक व्यापारी पहुंचे। बैठक में कल्लू यादव, विनोद केसरी, ममता केसरी, अंगद यादव शामिल रहे।
लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव : सपा
समाजवादी महिला मोर्चा की सभा पुराना रामनगर स्थित एक लॉन में हुई। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। देश के संवैधानिक ढांचे को ध्वस्त होने से बचाना है। अभी ध्यान नहीं दिया तो पूरा देश तानाशाही का शिकार हो जाएगा। यह आपके और आपके बच्चों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
आज इंडिया गठबंधन से लोगों की उम्मीदें बंधी हैं। हम सबको इन उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी। सभा में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राज की पत्नी रीना राय, संगीता पटेल, इश्तियाक अहमद, संजय यादव, कृष्ण मोहन यादव, आशीष राय, उमेश सोनकर, सौरभ आनंद, सतनाम सिंह, शमशाद खां, पार्षद रामकुमार यादव आदि मौजूद रहे।
दिन में तेज धूप, शाम को चलीं हवाएं, गिरा पारा
दिन में तेज धूप के बाद शाम को हवाओं ने थोड़ी राहत दी। मौसम बदलने की वजह से पिछले 24 घंटे में अधिकतम में 2.1 और न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से एक बार फिर मौसम बदलेगा। इस सप्ताह बारिश के भी आसार हैं।
मई के तीसरे सप्ताह की शुरुआत से ही सूरज की तल्खी बढ़ी है। तीन दिन से हीट वेव भी चल रही है। सोमवार की शाम को तेज हवाएं चलने लगीं। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.5 और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि पुरवा और पछुआ हवाओं के मिश्रण की वजह से मौसम बदला है। अगले चार-पांच दिन तक बादलों की आवाजाही के साथ ही हवा में नमी और बारिश के भी आसार दिख रहे हैं।
बाइक सवार युवक पेड़ से टकराया, मौत
जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर मिर्चा चक मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सवार युवक शीशम के एक पेड़ से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पचवार गांव निवासी अजय उर्फ गोलू (25) काम से रविवार को हाथी बाजार गया था।
रात लगभग 10.30 बजे वह घर जा रहा था। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना जंसा थाने की पुलिस को दी। परिजनों के अनुसार गोलू दो भाइयों में बड़ा था।
भाजपा की मदद में लगा हुआ है प्रशासन
जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, राघवेंद्र चौबे ने कहा कि जिस तरह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का परिसर भाजपा प्रत्याशी के राजनीतिक प्रभाव में नारी वंदन समागम के लिए आवंटित हुआ है, वो प्रशासन के दखल से पक्षपातपूर्ण कृत्य है। कोई भी सरकारी या शासन वित्त पोषित संस्थान एवं संपत्ति चुनाव प्रचार कार्य के लिए प्रयुक्त नहीं हो सकती, पर सभास्थल आवंटन से लेकर नगर के बिजली के सरकारी खंभों पर बड़े-बड़े पार्टी के झंडे लगाकर सजाने का काम भाजपा के पक्ष में प्रशासन करवा रहा है।
रुपये हड़पने के आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी मंजूर
अपर जिला जज नवम् विनोद कुमार-VI की अदालत ने बसरतीया कौरी, चंदौली के रहने वाले आरोपी राजनरायन तिवारी की अग्रिम जमानत अर्जी मंजूर कर ली। एक-एक लाख रुपये के दो जमानतदार और उतने के ही व्यक्तिगत बंधपत्र पर अदालत ने रिहा करने का आदेश दिया है।
हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड कंपनी ने फर्जी कागजात तैयार कर धोखा देते हुए 17 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाकर राजनरायन के खिलाफ सिगरा थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी मंजूर कर ली।
सीवर युक्त जलापूर्ति होने से रामनगर के लोगों में आक्रोश
सीवर युक्त पेयजल की आपूर्ति होने से रामनगर के लोगों में आक्रोश है। राकेश, विनोद, सुरेश ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान पानी की पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। नगर निगम से शिकायत की गई तो उन्होंने पीडब्ल्यूडी को जिम्मेदार बताय। पीडब्ल्यूडी से लोगों ने शिकायत की तो उन्होंने नगर निगम की जिम्मेदारी बता दी। पूरे रामनगर में दूषित पेयजल की समस्या बनी हुई है।
पानी इतना गंदा आ रहा है कि पीना तो दूर अन्य कामों में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। रामनगर साहित्यनाका स्थित डबल पानी टंकी से लोगों को दूषित पानी मिल रहा है। दो ओवर हेड टैंक है। इनमें से एक से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे मच्छरहट्टा, सहित्यनाका क्षेत्रों के सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं। लोग शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं।
चांदपुर स्थित कारखाने व मकान से हुई चोरी
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित शिवनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले व उसी मकान में कारखाना संचालित करने वाले राजू गुप्ता निवासी चुरामनपुर थाना लोहता के कारखाने व मकान में चोरी हो गई। उन्होंने चोरी का आरोप लगाते हुए मंडुवाडीह थाने पर तहरीर दी है।
तहरीर में राजू ने आरोप लगाया है कि वह चुरामनपुर में रहते हुए शिवनगर कॉलोनी में किराए पर मकान लेकर वहीं पर गारमेंट्स का कारखाना और परिवार के साथ रहते हैं। राजू गुप्ता के अनुसार वह पिछले दो महीने से परिवार समेत गांव में रहकर वहीं से कारखाने जाते थे और जब वह 14 मई को कारखाने पहुंचे तो सामान अस्त-व्यस्त था। राजू के अनुसार, चोर उनके यहां से एक लाख 15 हजार कैश और सोने व चांदी के जेवरात ले गए हैं।
सामने घाट में गंगा किनारे मिला युवक का शव
लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित ज्ञान प्रवाह के पास गंगा किनारे युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। पुलिस के अनुसार उसकी पहचान नहीं हो सकी है। लोगों ने बताया कि यह युवक काफी दिनों से क्षेत्र में मांगकर खाता था। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।
रानीपुर में बीमारी से किशोरी की मौत
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर में किशोरी की बीमारी से रविवार को मौत हो गई। इस बीच पड़ोस में किसी पुलिस को सूचना दी कि किशोरी ने फंदे पर लटक जान दे दी है। पुलिस जब घर पहुंची तो परिजन दाह संस्कार के लिए हरिश्चंद्र घाट पहुंच गए थे। पुलिस की एक टीम हरिश्चंद्र घाट पहुंची और छानबीन के बाद दाह संस्कार की अनुमति दी। पुलिस ने बताया कि किशोरी को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। दिमाग पर बुखार चढ़ने के कारण उसकी मौत हो गई।
कोचिंग सेंटर के लिए निकली 12वीं की छात्रा अगवा, तीन पर केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली 12वीं की छात्रा को तीन युवकों ने अगवा कर लिया। पिता ने गांव के तीन युवकों के खिलाफ अपहरण समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि बेटी पांच दिन पूर्व कोचिंग के लिए घर से निकली और फिर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद मालूम चला कि गांव के तीन युवकों ने बहला फुसलाकर अगवा कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज किशोरी को बरामद करने की तलाश में दबिश दी जा रही है।
नगर निगम के बेसमेंट में भरा गंदा पानी
नगर निगम के बेसमेंट में गंदा पानी भर गया। पूरे शहर की साफ सफाई का जिम्मा उठाने वाले विभाग के नीचे ही गंदा पानी भरा है। यह हाल कई दिनों से है। आसपास के इलाकों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ऊपरी तल से पानी रिस कर नीचे आ रहा है, जो बेसमेंट में भर रहा है। लेकिन किसी अधिकारी का इस तरफ ध्यान नहीं है।
न ही इस पानी को निकालने की कवायद की जा रही है। पिछले दिनों स्वच्छता अभियान के दौरान साफ सफाई कराई गई थी। इस बारे में अधिकारी भी बोलने से बच रहे हैं। समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यह कार्यालय बीमारियों का घर हो जाएगा।
बाइक सवार युवक पेड़ से टकराया, इलाज के दौरान मौत
वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर मिर्चा चक मोड़ के समीप रविवार की देर रात तेज रफ्तार बाइक सवार युवक शीशम के पेड़ से टकरा गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि पचवार गांव निवासी गोलू उर्फ अजय (25) पुत्र आनंद अपने किसी निजी काम से हाथी बाजार गया हुआ था, जहां से देर रात लगभग 10.30 बजे वापस घर लौट रहा था।
वह खरगूपुर मिर्चाचक मोड़ के समीप पहुंच ही था कि उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शीशम के पेड़ से टकरा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना जंसा पुलिस को दी। पुलिस ने घायल अवस्था में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा बताया गया।
वीडीए ने भेलूपुर में अवैध निर्माण कराया सील
वीडीए की ओर से सोमवार को अवैध निर्माण को सील किया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार भेलूपुर वार्ड के बागहाड़ा निवासी सोनू साहनी की ओर से बगैर अनुमति निर्माण कराया जा रहा था। सूचना पर वीडीए की प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी प्रमोद तिवारी और सहायक अभियंता आरके सिंह मौजूद रहे।
गलत जगह पोल लगवाने का आरोप, मिला आश्वासन
शिवपुर क्षेत्र विश्वनाथपुरी कॉलोनी के मोड़ पर गलत साइड पोल लगाने के विरोध में लोगों ने सोमवार सुबह डिस्कॉम निदेशक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मनीष दीक्षित ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग ने गलत जगह पोल गाड़ दिया है। वाहनों को आने जाने में परेशानी हो रही है। प्रतिनिधिमंडल को एमडी ने आश्वासन दिया कि जांच कराकर समस्या का समाधान कराएंगे।