जेईई मेंस की तैयारी कर रही सेनपुरा में रहने वाली मुग्धा सिंह (17) ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर चेतगंज थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मुग्धा सिंह का सुसाइड नोट पुलिस को मिला है। सुसाइड नोट में लिखा था कि मम्मी-पापा सॉरी... यह मत समझना कि मैं किसी लड़के के प्यार वगैरह के चक्कर में जान दे रही हूं... मैं बहुत टेंशन में हूं...।
चेतगंज थाना के सेनपुरा में एक फार्मा कंपनी में काम करने वाले विनय कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके एक बेटे और एक बेटी में बड़ी मुग्धा सिंह रविवार को अपने घर में फंदा लगा ली। फंदे के सहारे लटकी मुग्धा पर उसकी मां की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाते हुए उसे नीचे उतारा। आनन-फानन मुग्धा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुग्धा के आत्मघाती कदम से उसके मां-बाप की हालत बेसुधों जैसी थी।
परिजन और पड़ोसी बड़ी ही मुश्किल से उन्हें संभाले हुए थे। इस संबंध में इंस्पेक्टर चेतगंज डॉ. आशीष कुमार मिश्र ने बताया कि छात्रा के सुसाइड नोट के अनुसार वह अवसादग्रस्त प्रतीत हुई है।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक के दोनों पैर कटे
नगर स्थित चंदौली मझवार स्टेशन के पास शनिवार की रात ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से वाराणसी निवासी एक युवक के दोनों पैर कट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया।
वाराणसी के सामने घाट निवासी गोविंद तिवारी (25) शनिवार की रात किसी काम से चंदौली आया था। वह चंदौली मझवार स्टेशन के पास अपनी बाइक खड़ी कर रेलवे ट्रैक पार करने लगा। इसी बीच वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए। इसके बाद युवक ने मोबाइल से परिजनों को फोन से घटना की जानकारी दी।
वहीं, आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सदर थानाध्यक्ष गगनराज सिंह ने बताया कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से युवक के पैर कट गए हैं। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
खुद को कॉलेज स्टूडेंट बताकर ले उड़े सोने की चेन
खुद को कॉलेज स्टूडेंट बताकर प्रोजेक्ट के तहत जेवर और बर्तन की साफ-सफाई का झांसा देकर दो उचक्के भिखारीपुर स्थित एक घर से 13 ग्राम सोने की चेन ले उड़े। घटना के संबंध में चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
डॉ. सुनील दत्त त्रिपाठी ने बताया कि वह अपने घर पर नहीं थे। बाइक सवार दो युवक उनके घर आए और उनकी पत्नी को बताया कि वह कॉलेज के स्टूडेंट हैं। प्रोजेक्ट के तहत वह बर्तन और जेवर की साफ-सफाई करते हैं। दोनों ने पूजा के बर्तन साफ किए और फिर उनकी पत्नी से सोने की चेन साफ करने को कहा। दोनों ने कटोरी में लिक्विड डालकर चेन उसमें पांच मिनट तक रखने के बाद निकालने को कहा। इसके साथ ही दोनों चले गए। उनकी पत्नी ने कटोरी देखा तो उसमें सोने की चेन नहीं थी।
टिकट कालाबाजारी का आरोपी गिरफ्तार
बनारस पोस्ट आरपीएफ व सीआईबी की संयुक्त ने टीम ने रविवार को छापा मारकर चोलापुर के मुर्दहा क्षेत्र से टिकट कालाबाजारी के आरोपी को गिरफ्तार किया। कब्जे से आठ ई-टिकट, दो काउंटर टिकट बरामद हुए।
बनारस स्टेशन के आरपीएफ इंस्पेक्टर परमेश्वर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुर्दहा बाजार का सौरभ जायसवाल है, जिसकी दुकान पर छापा मारा गया। यह अनाधिकृत तरीके से रेल टिकट की बिक्री करता था।
अवैध निर्माण पर चौक में मुकदमा दर्ज
वाराणसी के कर्णघंटा क्षेत्र में अवैध निर्माण कराने पर वीडीए ने चौक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस केअनुसार वीडीए के अवर अभियंता रवींद्र प्रकाश की तहरीर पर चमन सेठ बगैर नक्शा पास कराए निर्माण करा रहे थे। पूर्व में काम न कराने का नोटिस दिया गया था। बावजूद इसकेनिर्माण कराया जा रहा था। मौके की जांच करने के बाद मुकदमा दर्ज कराया गया।
15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
वाराणसी के लंका थाने की पुलिस ने 15 हजार के इनामी बदमाश नगवा निवासी रमाशंकर यादव को सामने घाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर लंका शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि रमाशंकर यादव जमीन से संबंधित धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था। उसके खिलाफ इसी तरह के सात अन्य मुकदमे भी लंका थाने में दर्ज हैं।
भाजपा नेता को मारपीट कर किया घायल
लोहता के हरपालपुर गांव में रविवार को कब्रिस्तान में मिट्टी देने गए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मोबिन अहमद को पुरानी रंजिश में कुछ शरारती तत्वों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायल मोबिन अहमद ने मंडलीय अस्पताल में अपना मेडिकल मुआयना कराया। उन्होंने लोहता थाने में तहरीर देकर चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। संवाद
शराब, नकदी और डीवीआर चुरा ले गए चोर
चौबेपुर के शाहपुर गांव से सोनबरसा गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर बनकट गांव स्थित नंदलाल गुप्ता के देसी शराब ठेका को चोरों ने खंगाल डाला। चोर 10 पेटी देसी शराब, ढाई हजार रुपये और सीसी कैमरे का डीवीआर चुरा ले गए। नंदलाल गुप्ता ने बताया कि चोर लगभग एक लाख रुपये की शराब, नकदी और अन्य सामान चुरा ले गए हैं। चौबेपुर थाने की पुलिस ने सेल्समैन से घटना के संबंध में पूछताछ की। चौबेपुर थानाध्यक्ष विद्या शंकर शुक्ला ने बताया कि तहरीर लेकर जांच की जा रही है।
नाली का पानी बहाने को लेकर मारपीट
बड़ागांव के पतेर गांव में शुक्रवार की दोपहर नाली से पानी बहाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने बड़ागांव थाने में एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। पतेर निवासी संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उनके घर का पानी नाली से ग्रामसभा की जमीन में बहता है। इसके बाद भी उनके पड़ोसी चेतन सिंह, डब्बू और नीलू गालीगलौज करते हुए हमला कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष से चेतनारायण सिंह ने आरोप लगाया कि संजय सिंह उनके घर के सामने पानी बहा रहे थे। मना करने पर संजय सिंह, जगदीश, विकास और मनीष ने उनके लड़के को लाठी-डंडे से पीटा।
कोयले से भरी मालगाड़ी के तीन वैगन से उठा धुआं
शिवपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार की सुबह कोयला लदी मालगाड़ी के तीन वैगन से धुआं उठने पर रेलकर्मी सकते में आ गए। फायर ब्रिगेड के जवानों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वैगन से उठते धुएं को बुझाया। इसके बाद मालगाड़ी रवाना हुई। कैंट स्टेशन से होकर रोजा जा रही मालगाड़ी सुबह 8:58 बजे शिवपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर रुकी।
इस बीच मालगाड़ी के तीन वैगन से धुआं उठते देख कर्मियों ने स्टेशन अधीक्षक संतोष कुमार को जानकारी दी। कंट्रोल और फायर बिग्रेड को सूचना देते हुए स्टेशन अधीक्षक समेत अन्य उठते धुएं को बुझाने में जुटे।
दो शिक्षक परिवारों में टेबल रखने का विवाद पहुंचा प्रॉक्टोरियल बोर्ड
काशी हिंदू विश्वविद्यालय की कुंतीदास कॉलोनी स्थित फ्लैट एरिया में शनिवार को दो शिक्षक परिवारों के बीच टेबल रखने को लेकर विवाद हो गया। बात आगे बढ़ी तो शिकायत प्रॉक्टोरियल बोर्ड तक जा पहुंची। चीफ प्रॉक्टर ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर भेजा। दो शिक्षकों के आमने-सामने के फ्लैट की फ्रंट एरिया में टेबल रखने के लिए सीमा विवाद हो गया था।
सुब्रतो कप में खेलने कल रवाना होगी फुटबाल टीम
प्रदेशीय सुब्रतो कप अंडर-17 फुटबाल प्रतियोगिता खेलने के लिए वाराणसी मंडल की टीम मंगलवार को लखनऊ के लिए रवाना होगी। प्रतियोगिता के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी गई है। यह प्रतियोगिता 15 से 17 मई तक लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में खेली जाएगी।
प्रतियोगिता में खेलने से पहले टीम लालपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में नियमित अभ्यास में जुटे हैं। टीम के कोच इरशाद अहमद ने बताया कि इस समय खिलाड़ी आपसी सामंजस्य पर फोकस करते हुए मैच का अभ्यास कर रहे हैं।
शम्शी रजा ने बताया कि उनका ध्यान खिलाड़ियों के फिटनेस पर है। इसको ध्यान में रखकर अभ्यास कराया जा रहा है। रविवार को दो सत्र में अभ्यास मैच खेला गया। टीम में नीरज यादव का सेंटर फारवर्ड, दिव्यांशु का मीडफिल्डर और आशीष का सेंटर हाॅफ खिलाड़ी पर नजर होगा। तीनों खिलाड़ियों ने पूर्व के मैचों में सर्वाधिक गोल कर टीम को जीताने में मुख्य भूमिका निभाई है। टीम कोच ने बताया कि खिलाड़ियों के विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
गृहमंत्री ने किया भाजपा मीडिया सेंटर का शुभारंभ
गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार की सुबह 11 बजे भाजपा के मीडिया सेंटर का शुभारंभ किया। कैंट क्षेत्र में होटल डी-पेरिस में भाजपा ने मीडिया सेंटर बनाया है। गृहमंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। करीब 10 मिनट तक यहां रुके और मीडिया के लोगों से बातकर काशी का हाल जाना। लोकसभा वाराणसी से जुड़ी जानकारी इसी सेंटर से दी जाएगी।
स्वस्थ रहने के लिए ध्यान, नियमित व्यायाम जरूरी
सीनियर सिटिजन ट्रस्ट ऑफ इंडिया की ओर से रविवार को आयोजित कार्यशाला जस्ट बी अलाइव के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रहने के टिप्स दिए गए। डॉक्टरों ने स्वस्थ और प्रसन्न रहने के लिए नियमित ध्यान और व्यायाम का प्रशिक्षण कराया और नियमित करने के लिए प्रेरित किया गया।
आईएमए सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ट्रेनर डॉ. स्मिता चंद्रा ने ट्रांसफॉर्म ह्यूमैनिटी, हीलिंग तकनीक और मेडिटेशन के विभिन्न तरीके महिलाओं को बताए। कहा कि भागती-दौड़ती जिंदगी में स्वस्थ और खुश रहने के लिए व्यायाम और ध्यान जरूरी है। विशेषकर 60 साल से अधिक आयु वर्ग के लोगों को भी मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने की जानकारी होनी चाहिए।
डॉ. अजीत सैगल ने कहा कि जीवन में व्यायाम और ध्यान के लिए समय निकालना बहुत जरूरी है। एक दूसरे के प्रति सकारात्मक व्यवहार करने की जरूरत है। कार्यक्रम में डॉ. कुसुम चंद्रा, मंजु सिंह, डॉ. बेला सैगल, डॉ. आनंद शर्मा, डॉ. अतुल मौजूद रहे।
विधि एंजिलीना और रूद्रप्रताप बने शतरंज चैंपियन
वाराणसी जिला शतरंज एसोसिएशन की ओर से केराकतपुर में अंडर-11 आयुवर्ग की जिला स्तरीय शतरंज प्रतियाेगिता हुई। इसमें जिले के 60 खिलाड़ियों ने छह चक्रों की बाजी खेली। बालिका वर्ग में विधि एंजिलीना और बालक वर्ग में रूद्रप्रताप श्रीवास्तव ने छह अंको के साथ विजेता बने।
फाइनल में रुद्रप्रताप श्रीवास्तव टॉप बोर्ड पर शिवेश तिवारी को छह अंको से मात दी। तीसरे बोर्ड पर धैर्य प्रताप सिंह ने पांच अंक हासिल कर यश यादव को परास्त कर दूसरा स्थान जबकि विश्वंभर दयाल तीसरा स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग में विधि एंजिलीना टॉप बोर्ड पर खेलते हुए आरोही कनेडिया को छह अंको से मात दी। दूसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में यशिका प्रताप सिंह ने अनन्या सिंह चौहान को जबकि श्रेयांशी चौधरी ने अन्वी श्रीवास्तव को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
बालक-बालिका वर्ग की टॉप खिलाड़ी बिजनौर में 14 मई से होने वाले उत्तर प्रदेश राज्य शतरंज चैंपियनशिप में क्वालिफाई कर लिया है। जिला शतरंज एसोसिएशन के सचिव विजय और डॉ. मोहित सक्सेना ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। निर्णायक की भूमिका दिनेश दत्त पाठक, तुषार सारस्वत, अहमद फारूकी ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम के अध्यक्ष अमित पांडेय, संचालक राधेकांत शुक्ला, सीके गांगुली मौजूद रहे।
वृद्धाश्रम की माताओं के साथ भूमिहार समाज की महिलाओं ने बांटीं खुशियां
वाराणसी के दुर्गाकुंड स्थित राजकीय वृद्धाश्रम की माताओं के साथ महिला भूमिहार समाज की नव्या क्लब की महिलाओं ने रविवार को मातृत्व दिवस मनाया। इस दौरान केक काटकर काटकर खुशियां बांटीं। संस्था की अध्यक्ष अनुपमा राय एवं संस्थापिका राजलक्ष्मी राय ने कपड़े और जरूरत की वस्तुएं भेंट की।
अनुपमा राय ने कहा कि मां ही है, जो जन्म देने से लेकर हर सुख-दुख में बच्चे के साथ हमेशा खड़ी रहती है। डॉ. राजलक्ष्मी राय ने माताओं से मतदान की अपील की। इस मौके पर अंजली तिवारी, मधुलिका राय, नीलिमा राय, श्रद्धा राय, सोनिया राय, कुसुम सिंह, किरन सिंह नीलू, प्रतिमा आदि रहे।
गंगा किनारे सुबह-ए-बनारस मंच पर मतदान की दिलाई शपथ
वाराणसी के अस्सी स्थित सुबह-ए-बनारस मंच पर रविवार की सुबह लोगों ने शत प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया। लोकसभा चुनाव के ब्रांड अंबेसडर और लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने शत प्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाई। गंगा किनारे मंच पर योग, ध्यान शिविर और गंगा स्नान को पहुंचे श्रद्धालुओं ने एक स्वर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया।
राजेश कुमार सिंह ने कहा कि रोजाना सिर्फ 100 लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक किया जाए तो काशी में मतदान का प्रतिशत बढ़ना तय है। कौशल शर्मा ने अपील की कि लोग घरों से निकलकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे और बहुमूल्य मत का इस्तेमाल करें। कार्यक्रम में डॉ. रत्नेश वर्मा, योगी राज विजय कुमार मिश्रा, अमर चंद्र अग्रवाल, मनीष चौबे, कृष्ण मोहन आदि रहे।
मां गंगा की स्वच्छता के लिए मातृशक्ति को आगे आना होगा
संकटमोचन फाउंडेशन एवं मदर्स फॉर मदर की ओर से विश्व मातृ दिवस रविवार को तुलसीघाट पर मनाया गया। मदर्स फॉर मदर की अध्यक्ष आभा मिश्रा ने कहा कि हमारी माताएं जिस तरह घर को चलाती हैं इस तरह वह घर की चहारदीवारी से निकलकर मां गंगा के लिए भी काम करें। मां गंगा को स्वच्छ करने में हमारी माताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
अनिता चौधरी ने कहा कि मां एक नूतन है, मां एक ऐसा शब्द है कि उसमें अथाह प्यार छुपा हुआ है। आज हम अपनी माता को भूलते जा रहे हैं हमारे ऊपर पश्चिमी संस्कृति इतना हावी हो गई है कि हम अपने माता-पिता की सेवा तक नहीं कर रहे हैं । यह मदर्स डे विदेशी संस्कृति है उनके कहां माता-पिता के बिना दुनिया है लेकिन भारत में माता-पिता के साथ दुनिया है।
सीमा राय ने कहा कि मां अपने आप में एक ऐसा शब्द है कि जिसे सुनकर ही पूरा दृश्य उभर आता है की मां कैसी होगी? प्रो. रचना दुबे ने कहा कि मां हमारी सब कुछ है उसके बिना पूरा जीवन अधूरा है। मुख्य अतिथि भारती मधोक ने कहा कि मां हमारी सांसों में हैं। संचालन सरोजनी मोहापात्रा और धन्यवाद ज्ञापन अनिता शर्मा ने किया। इस अवसर पर तुलसी विद्या निकेतन के छात्राओं द्वारा गंगा पर नाटक की सुंदर प्रस्तुति करके गंगा को प्रदूषण मुक्त करने की अपील की गई। इस अवसर पर ममता तिवारी, सरोज पांडेय, संगीता पांडेय, नेहा सिंह उपस्थित थे।
सारनाथ में दीवारों पर चित्रकारी करेंगे छात्र
शहर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों के छात्रों की मदद से वीडीए दीवारों पर चित्रकारी कराएगा। इसकी शुरुआत सारनाथ इलाके से होगी। इससे छात्रों को पारिश्रमिक भी दिया जाएगा। इसके लिए बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अधिकारियों से संपर्क किया गया है। सारनाथ में बौद्ध धर्म की थीम पर पेटिंग कराई जाएगी। पिछले दिनों वीडीए ने प्रयोग के तौर पर छात्रों की मदद ली थी। वीडीए उपाध्यक्ष ने पिछले दिनों बीएचयू के कैंपस में भी कला छात्रों के लिए एक प्रदर्शनी का आयोजन किया था।
योग महोत्सव में युवाओं को कराया योगाभ्यास
योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। योग से व्यक्ति में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है। यह बातें रविदास घाट पर अयोजित 10वें योग महोत्सव में संयोजक रितेश दूबे ने कहीं।
योग महोत्सव में काशी के अलग अलग गुरुकुल, स्कूलों व संस्थानों से पांच सौ से अधिक विद्यार्थियों ने योगाभ्यास किया। यह आयोजन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई), आयुष मंत्रालय व आर्यावर्त सिद्धांत संरक्षक न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। इस मौके पर युवाओं ने शंखनाद के बाद गंगा आरती की।
इस मौके पर समिति के सदस्य डॉ. नवदीप जोशी, डॉ. सुनीता, डॉ. दिनेश, अमित सिंह, चंद्रकांत आदि मौजूद रहे। वहीं, योग महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को बेनियाबाग में महिलाओं ने योग किया। इस मौके पर 62 साल की साधना गुप्ता ने कहा कि वह करीब एक साल से योग करती हैं। इससे उनका वजन भी कम हुआ है और पैरों के दर्द से राहत मिली।
तेलंगाना, एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे दधिबल
पैन इंडिया मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता तेलंगाना में खेली जाएगी। इसमें खेलने के लिए रामनगर निवासी दधिबल सिंह चौहान तैयारियों में जुट गए हैं। यह प्रतियोगिता 22 मई को होगी।
दधिबल ने बताया कि वे प्रतिदिन सुबह शाम दो दो घंटे अभ्यास करते हैं। मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पांच किलोमीटर रेस वॉक और 10 किलोमीटर दौड़ में वे प्रतिभाग करेंगे। बताया कि दस किलोमीटर की प्रतियोगिता जीतने के लिए 15 किलोमीटर की दौड़ लगा रहे हैं। सप्ताह में दो दिन रामनगर से दौड़ लगाते हुए सुंदरपुर कार्यस्थल तक आते हैं। सेना से सेवानिवृत्त 59 वर्ष के दधिबल गार्ड की नौकरी करते हैं और सुबह दौड़ने के बाद दुध, ड्राई फ्रुट और चना खाते हैं।
सनबीम एकेडमी की चारों शाखाओं में मातृ-दिवस पर विविध कार्यक्रम
सनबीम एकेडमी की चारों शाखाओं (दुर्गाकुंड, सरायनंदन, नॉलेज पार्क और सामनेघाट) में मातृ दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। छात्र-छात्राओं ने अपनी मां को हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड देकर मातृ दिवस की शुभकामनाएं दीं। सनबीम ड्रामाटिक्स एकेडमी की मां पर नाट्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। समर कैंप की गतिविधियां भी मां को समर्पित रहीं। माताओं के लिए क्ले-मॉडलिंग, मैजिक शो आदि कार्यक्रम हुए।
समूह के सचिव जगदीप मधोक और निर्देशक पूनम मधोक ने माताओं को बधाई दी। सीईओ रोहन मधोक ने कहा कि मां शब्द में पूर्ण विश्व समाहित है। हेड ऑफ ऑपरेशन सलोनी मधोक, उपनिदेशक डॉ. केके पंडा ने भी विचार रखे। मौके पर प्रधानाचार्य अनुज शर्मा, पंकज मिश्रा, डॉ. निशांत सिंह आदि मौजूद रहे।
आरसीबी ने 17 रन से जीता उद्घाटन मैच
वाराणसी के चौबेपुर स्थित डालिम्स सनबीम स्कूल में डालिम्स प्रीमियर लीग (डीपीएल) खेला गया। उद्घाटन मैच चौबेपुर सुपर किंग्स (सीएसके) और रायल चैलेंजर्स भगवानपुर (आरसीबी) के बीच खेला गया। इसमें आरसीबी ने 17 रन से सीएसके को हरा दिया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन डॉ. विजय यादव ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर किया। टॉस जीतकर सीएसके ने क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने निर्धारित आठ ओवर में 2 विकेट खोकर 99 रन बनाया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके ने आठ ओवर में महज 87 रन ही बना सकी।
47 रन का योगदान करने वाले आरसीबी के शिवांश यादव को मैन आफ द मैच चुना गया। विद्यालय के अध्यक्ष चंद्र कुमार मिश्र गुडडू महाराज और सीएमडी अलका मिश्रा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। आयोजन सचिव हिमांशु मिश्र ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल 21 मई को होगा।
मां गंगा की आरती उतारकर पीएम की जीत के लिए की प्रार्थना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के पूर्व नमामि गंगे ने रविवार को महर्षि योगी विद्याश्रम के वेदपाठी बटुकों के साथ सिंधिया घाट पर मां गंगा की आरती उतारी। साथ ही मोदी की जीत के लिए प्रार्थना की। गंगा पूजन कर पीएम मोदी के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
स्वच्छता को संस्कार के रूप में शामिल करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिए गए संदेश के तहत गंगा तलहटी की सफाई की गई। राष्ट्रध्वज लेकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतवर्ष के सर्वांगीण विकास के लिए मां गंगा से प्रार्थना की। इस मौके पर राजेश शुक्ला, आकाश साहनी, आचार्य राकेश मिश्रा, सीमंत केसरी स्वाइं, सुनील श्रीवास्तव मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने सभी 11 प्वाइंट का किया निरीक्षण, दी रिपोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के रूट पर जो 11 प्वाइंट बनाए गए हैं। उनके निरीक्षण की जिम्मेदारी भाजपा के कुछ नेताओं को दी गई। सभी ने निरीक्षण कर राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल को रिपोर्ट सौंप दी। इसके बाद राष्ट्रीय महामंत्री ने रविवार की शाम महमूरगंज स्थित चुनावी कार्यालय में सभी जिम्मेदारों के साथ बैठक की। कहा कि सभी तैयारियों को अभी देख लें, कहीं कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
10 अगस्त को मनाया जाएगा श्याम झूलनोत्सव
वाराणसी के लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर में आगामी 10 व 11 अगस्त को आयोजित होने वाले 53वें श्री श्याम झूलनोत्सव की तैयारी बैठक रविवार को हुई। संस्था के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी 10 अगस्त से 11 अगस्त तक होने समारोह का संयोजक विजय अग्रवाल को नियुक्त किया गया।
इस बार के उत्सव में दिल्ली,कोलकाता, जयपुर के मंडल की प्रतिभागिता तो रहेगी ही साथ ही पूरे भारतवर्ष के सुप्रसिद्ध गायक, कलाकार भी बाबा के इस भव्य, दिव्य दरबार को अपने सुरो की स्वरांजली अर्पित करेंगे। इस दौरान मंत्री अजय खेमका, कोषाध्यक्ष संदीप शर्मा कानू, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, बैजनाथ भालोटिया, पुरूषोत्तम नारायण मोहले उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र और शिवानंद समेत 20 लोगों को मिला काशी गौरव सम्मान
हम सभी ग्रुप की ओर से काशी गौरव 1.0 सम्मान समारोह का आयोजन रविवार काो बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में हुआ। काशी गौरव से 20 लोगों को सम्मानित किया गया। इसमें राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, योगगुरु स्वामी शिवानंद, प्रो. पीके मिश्रा, काशी विश्वनाथ न्यास के अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय, काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक श्रीकांत मिश्रा, काल भैरव बाबा मंदिर के सुमित उपाध्याय, दुर्गाकुंड मंदिर के चंदन दुबे और चंचल दुबे को काशी गौरव सम्मान मिला।
इसी तरह सौरभ-गौरव मिश्रा, लक्ष्मण अवॉर्डी रमेश कुमार यादव, वॉलीबाल खिलाड़ी गौरव-सर्वेश पांडेय, फुटबाल खिलाड़ी भैरव दत्त, निशानेबाज अजीत सिंह, एथलीट नीलू मिश्रा, दिव्यांग क्रिकेट एवं कुश्ती के अजय यादव, तीरंदाज अर्जुन सिंह, रोज हब के सागर दास और रामकेश पटेल, इंडियन बायोगैस संगठन से गौरव केडिया, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर शुभांकर अग्रवाल, विश्वजीत गुप्ता, राहुल सिंह का सम्मान हुआ।
इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से आनंदित किया। संचालन सारिका दुबे और प्रियंका गुप्ता ने किया। इस मौके पर सौरव दुबे, अतुल अग्रवाल, जीवन पांडेय, आनंद पाठक और निशांत चौरसिया, सन्नी जायसवाल, शशांक मौजूद रहे।