फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की 15 खबरें एक क्लिक मेंः एसीपी ट्रैफिक के इकलौते बेटे की मौत, विवाहिता ने लगाई फांसी

Sat, 13 Apr 2024 05:48 PM IST
अमन विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

वाराणसी जिले में अपराध के कई मामले सामने आए। एसीपी ट्रैफिक के इकलौते बेटे की बंगलूरू में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। कैंट थाना क्षेत्र में अज्ञात युवकों ने बाइक स्टंट कर पुलिसकर्मी को घायल कर दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की 15 खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एसीपी ट्रैफिक के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में बंगलूरू मौत

विज्ञापन

एसीपी ट्रैफिक विकास श्रीवास्तव के इकलौते बेटे मंगलम श्रीवास्तव (23) की बंगलूरू में सड़क हादसे में मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से स्तब्ध एसीपी ट्रैफिक परिजनों के साथ बंगलूरू पहुंचे। लखनऊ के भैसाकुंड श्मशान घाट पर मंगलम की अंत्येष्टि की गई।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और कमिश्नरेट के अफसरों व कर्मियों ने शोक संवेदना जताई है। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र की प्रियदर्शिनी कॉलोनी निवासी एसीपी ट्रैफिक विकास श्रीवास्तव का बेटा मंगलम एमबीबीएस की पढ़ाई के बाद इंटर्नशिप कर रहा था। बुधवार को बंगलूरू में मंगलम की कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। विकास और उनकी पत्नी चंचल श्रीवास्तव की हालत बेसुधों जैसी है। 
विज्ञापन


मुकदमे के खर्च सहित एक लाख रुपये प्रतिकर दें
उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने कराया, बलिया निवासी कमलेश कुमार मिश्रा के मुकदमे में वाद खर्च सहित प्रतिकर के रूप में एक लाख रुपये देने का आदेश दिया है। कमलेश ने तुलसी पंप एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड से दो लाख 19 हजार रुपये का जेनसेट खरीदा था। उसकी दो वर्ष की वारंटी थी। कमलेश ने जेनसेट को स्टार्ट किया तो एक घंटे चलने के बाद बंद हो गया। इसकी शिकायत कंपनी के टोल फ्री नंबर पर की।

कंपनी के इंजीनियर ने जेनसेट ठीक किया। ठीक होने बाद जेनसेट फिर बंद हो गया और फिर स्टार्ट नहीं हुआ। 18 बार शिकायत कंपनी से की। कमलेश ने कंपनी से जेनसेट बदल कर दूसरा देने की मांग की। इसके बाद उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो कंपनी ने गलत तरीके से जेनसेट चलाने की बात कही। उपभोक्ता फोरम ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद वाद खर्च सहित प्रतिकर के रूप में एक लाख रुपये देने का आदेश दिया।

विवाहिता ने मायके में फंदा लगाकर जान दी
शिवपुर के कुंदन नगर, इंद्रपुर स्थित मायके में एक विवाहिता ने पंखे में चादर का फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर शिवपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कुंदन नगर, इंद्रपुर निवासी पोल्हावन राम की बेटी रूबी कुमारी (29) की शादी 27 नवंबर को बिशुनपुर निवासी विनय कुमार के साथ हुई थी। विनय रेलवे में लोको पायलट है। रूबी फरवरी में ससुराल से आई थी। 

पिता पोल्हावन राम ने बताया कि रूबी पूरे परिवार के साथ शुक्रवार दोपहर खाना खाकर उठी और अपने कमरे में चली गई। मां जड़ावती देवी ने शाम के समय देखा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा न खुलने पर उन्हें सूचना दी। उन्होंने खिड़की की जाली को उखाड़ कर देखा तो रूबी फंदे के सहारे लटकी हुई थी। रूबी छह भाई-बहन में सबसे छोटी थी। पिता ने बताया की रूबी गत आठ महीने से माइग्रेन से पीड़ित थी। रूबी की आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। 

तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत, दो घायल
वाराणसी के मिंट हाउस इलाके में शुक्रवार की रात वरुणा पुल से नदेसर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दूसरी लेन में जाकर बिजली के खंभे से टकरा गई। उसी दौरान बाइक से जा रहे श्याम सुंदर चौहान, एक गर्भवती महिला और एक अन्य कार की चपेट में आ गए। हादसे में महिला की मौके पर हो मौत हो गई और श्याम सुंदर को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। 

अस्सी घाट पर दो पक्षों में मारपीट
अस्सी घाट पर बने स्ट्रीट फूड जोन में शुक्रवार की रात दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। मारपीट शुरू होते ही वेंडिंग जोन में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से एक-दूसरे के ऊपर कुर्सी फेंकी जाने लगीं। आरोप है कि एक पक्ष दूध का पैसा लेने गया था। पैसा मांगने पर दूसरे पक्ष ने गाली दी। वहीं, दूसरे का पक्ष का आरोप है कि ऑर्डर लेट से पहुंचाने के कारण पहले पक्ष ने गाली देते हुए मारपीट शुरू की।

आत्महत्या के दो आरोपी साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त
पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार अवधेश श्रीवास्तव के चर्चित आत्महत्या कांड में दो आरोपियों आशुतोष सिंह व मनोज सिंह को साक्ष्य के अभाव में अदालत ने बरी कर दिया। मामला 2019 का है। अवधेश श्रीवास्तव ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही, भ्रष्टाचार, भेदभावपूर्ण व्यवहार और करोड़ों रुपये का भुगतान न मिलने के कारण गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। 

सुसाइड नोट लिखकर अपने आत्महत्या का कारण स्पष्ट किया था। एफआईआर में आशुतोष सिंह और मनोज सिंह के विरुद्ध पुलिस ने विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अवनीश गौतम की अदालत ने ट्रायल के बाद पर्याप्त साक्ष्य न पाने के कारण दोनों आरोपियों को दोषमुक्त करार दिया। बचाव पक्ष की तरफ से अधिवक्ता अनुज गौड़ ने पक्ष रखा। 

कर्मचारियों के अवकाश पर जाने और मुख्यालय छोड़ने पर रोक
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चुनाव के मद्देनजर शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर बिना जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के अवकाश पर जाने या मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी है। शुक्रवार को जारी आदेश में उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी चुनाव की अवधि तक जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के बिना अवकाश पर नहीं जाएंगे या मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।

हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी जेल भेजे गए
वाराणसी के नेहियां गांव की दलित बस्ती में लाठी-डंडे से वारकर की गई रमेश राम (55) की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को शुक्रवार को चोलापुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान नेहियां निवासी रोहित और विकास के रूप में हुई है। इससे पहले दो अन्य आरोपी गोपीचंद उर्फ किशन और राहुल कुमार गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे। घटना रविवार रात की है।

किशोरी का दोबारा अपहरण, तीन पर मुकदमा
वाराणसी के दांदूपुर क्षेत्र की एक किशोरी के दोबारा अपहरण के आरोप में शिवपुर थाने में मां और दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी की मां ने बताया कि उसकी बेटी का गांव के ही मनीष उर्फ मोनू ने छह नवंबर 2020 को अपहरण किया था। शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। 

आठ फरवरी को उसकी बेटी का अदालत में बयान दर्ज होना था, लेकिन नहीं हो पाया। आरोपी का बड़ा भाई दीपू व उसकी मां जड़ावती देवी उसे और उसकी बेटी को धमकाते रहते हैं कि मुकदमे में सुलह कर लो। बात न मानने पर मनीष उर्फ मोनू, दीपू और जड़ावती देवी ने उसकी बेटी का फिर अपहरण कर लिया।

नकल करते दो पकड़े, नौ परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर, गंगापुर में आयोजित एलएलबी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में शुक्रवार को नकल करते हुए दो परीक्षार्थी पकड़े गए। गंगापुर परिसर को लोकबंधु राज नारायण विधि महाविद्यालय का परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां विधि प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के साथ ही बीए एलएलबी की परीक्षाएं हो रही हैं। 

एलएलबी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में 186 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें नौ अनुपस्थित रहे। दो परीक्षार्थियों को आंतरिक उड़ाका दल ने अनुचित साधनों का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा और उन्हें रस्टीकेट कर दिया। गौरतलब है कि यहां नौ अप्रैल को परीक्षा शुरू हुई थी। पहले ही दिन दो परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए थे।

बाइक से स्टंट कर पुलिस कर्मी को घायल किया
वाराणसी के सर्किट हाउस के पास सड़क पर बाइक से स्टंट करने के दौरान अपर पुलिस आयुक्त, महिला अपराध के कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मी घायल हो गया। कैंट थाने में अज्ञात बाइक सवार और उसके दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

घायल पुलिसकर्मी रजनीकांत दुबे के अनुसार वह शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त, महिला अपराध के कार्यालय जा रहे थे। सर्किट हाउस के पास बाइक सवार दो युवक स्टंट कर रहे थे। उन युवकों ने उनके दोपहिया वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उन्हें गंभीर चोट लगी। कैंट थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर सीसी फुटेज के माध्यम से आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 10 जून से
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की परीक्षाएं 10 से 20 जून के मध्य होंगी। इसमें प्रथमा, पूर्व मध्यमा, उत्तरमध्यमा, शास्त्री द्वितीय व तृतीय सेमेस्टर, शास्त्री तृतीय खंड, आचार्य द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। 17 अप्रैल से परीक्षा फार्म ऑनलाइन भरे जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक प्राे. सुधाकर मिश्र ने बताया कि 10 जून से 20 जून के बीच परीक्षाओं का आयोजन प्रस्तावित किया गया है।

फल विक्रेता की बेटियां खेल में अव्वल
फल की दुकान पर पिता के साथ काम करती हूं। साथ ही घर के कामों में मां का हाथ बंटाती हूं। इसके बावजूद समय निकालकर अभ्यास करती हूं। घर पर भी सहयोग करते हैं। ये बातें बास्केटबाल में जूनियर वर्ग की खिलाड़ी सिगरा छित्तुपुर निवासी काजल सोनकर ने कहीं।

काजल पिछले सप्ताह नोएडा में राष्ट्रीय शिविर से लौटी हैं। बताया कि वर्ष 2023 में एशियाड के अंडर-16 वर्ग में छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय कैंप किया था, लेकिन किसी कारण से टीम सिंगापुर खेलने नहीं जा सकी। फिलहाल काजल और उनकी बहन नैना यूपी कॉलेज में जूनियर वर्ग के प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग कर रही है। नैना भी राज्यस्तरीय खिलाड़ी हैं। 

ज्ञानवापी से संबंधित दो मामलों की सुनवाई टली
ज्ञानवापी से संबंधित दो मामलों की सुनवाई शुक्रवार को टल गई। दोनों मामले मां शृंगार गौरी केस की वादिनी राखी सिंह के प्रार्थनापत्र से संबंधित हैं। पहले मामले में उन्होंने ज्ञानवापी के बंद तहखानों की एएसआई से सर्वे कराने की मांग की है। दूसरा मामला ज्ञानवापी स्थित व्यासजी के तहखाने की मरम्मत की मांग से संबंधित है। जिला जज की अदालत रिक्त होने के कारण दोनों मामलों में सुनवाई की अगली तिथि 19 अप्रैल नियत कर दी गई। 
विज्ञापन


डीएम ने डोजियर तैयार करने की दी चेतावनी
एक माह में सभी वादों का निस्तारण मजिस्ट्रेट करें। यह आदेश जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने दिया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में डीएम ने चेतावनी दी कि बीते तीन माह के वादों का डोजियर तैयार करें। राजस्व से जुड़े वादों का निस्तारण कराएं। विभिन्न धाराओं में पांच, तीन व एक साल के ऊपर के लंबित वादों का निस्तारण शून्य होना चाहिए। डीएम ने कहा कि सभी का एसीआर वादों के निस्तारण पर निर्भर करेगा। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें