सिगरा स्टेडियम में आठ लेन और चार सौ मीटर का सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण पूरा हो गया है। इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर तैयार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक अंतिम चरण की फिनिशिंग का काम चल रहा है।
स्टेडियम संचालन करने के लिए कंपनी के टेंडर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सिगरा स्टेडियम को तीन फेज में बनाया गया है। पहले फेज का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं। स्मार्ट सिटी ने पहले फेज में स्वीमिंग पूल, बास्केटबॉल, टेनिस, टेबल टेनिस कोर्ट, जिम आदि सुविधाओं दी हैं।
दूसरे फेज में दो सौ खिलाड़ियों की क्षमता वाले छात्रावास का निर्माण हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के सुविधाओं से युक्त छात्रावास में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ठहरेंगे और अभ्यास करेंगे। तीसरे फेज में एनसीओई सेंटर के अलावा क्रिकेट, फुटबाॅल मैदान के अलावा लॉन टेनिस, हैंडबाॅल, बास्केटबॉल कोर्ट बनाया गया है। साथ ही सुबह टहलने के लिए वॉकिंग ट्रैक भी बनाया गया है।
पहली बरसात के बाद ही दशाश्वमेध घाट पर गंगा में गिरने लगा सीवर
मानसून की पहली बरसात के बाद दशाश्वमेध घाट पर सीवर सीधे गंगा में बहने लगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने गंगा में सीवर बहने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उनके पोस्टर पर समर्थन और विरोध में पोस्ट करने वालों की कतार लग गई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा है कि यह काशी का पवित्र दशाश्वमेध घाट है। यहां स्नान कर बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर श्रद्धालु धन्यभाग अनुभूत करते हैं। जरा इस जगह की दुर्दशा देखिये! यहां सीवर का गंदा पानी मां गंगा में जा रहा है और श्रद्धालु इसी में डुबकी लगा रहे हैं।
प्रधान जी यहीं इसी घाट पर आकर गंगा आरती करते हैं। मगर, उन्हें या उनके विधायक और मेयर किसी को यह नजर नहीं आ रहा है। दिन-ब-दिन गंगा की बढ़ती दुर्दशा का जिम्मेदार बस काशी में भाजपा का नेतृत्व है। इनको मां गंगा कभी क्षमा नहीं करेंगी।
कार्यकारिणी के रिक्त सदस्यों के चुनाव के लिए मेयर ने पार्षदों से की मुलाकात
नगर निगम कार्यकारिणी के रिक्त सदस्यों के चुनाव के बारे में मेयर अशोक कुमार तिवारी ने पार्षदोंं से की मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पार्षद नरसिंह दास से कई मुददों पर चर्चा की। मेयर ने बताया कि संगठन के साथ बैठक में रणनीति तय की जाएगी।
इस दौरान डीएम से मुलाकात करने वाले पार्षदों से उनके क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा के दौरान काम कराने के लिए प्रस्ताव मांगे। बिंदु माधव वार्ड की भाजपा पार्षद कनकलता मिश्रा से भी मुलाकात कर घटना के बारे में जानकारी ली।
अगले तीन-चार दिन के अंदर अच्छी बारिश के आसार
मौसम में बदलाव लगातार जारी है। अगले तीन-चार दिन तेज बारिश के आसार हैं। मौसम साफ रहा, दोपहर तक धूप भी रही। इसके बाद नम हवाएं चलने के साथ ही बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया और गर्मी से राहत मिली। हालांकि दिन में धूप के असर से अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी हुई।
25 जून से पूर्वांचल में मानसून ने दस्तक दे दी है। दो दिन से बादलों की आवाजाही के साथ ही हवा में नमी भी बनी हुई है। बृहस्पतिवार दोपहर लंका, सुंदरपुर, सामनेघाट, रामनगर, भगवानपुर के साथ ही अन्य जगहों पर कुछ ही समय के लिए बूंदाबांदी हुई। गुरुवार को तापमान 37.4 रिकॉर्ड किया गया जो बुधवार के तापमान से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
न्यूनतम तापमान 25.2 से बढ़कर 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून फिर सक्रिय होगा। अगले तीन-चार दिन के भीतर तेज बारिश होने के आसार हैं।
वीडीए के कैंप में 109 नोटिस की हुई सुनवाई
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की अगुवाई में गुरुवार को नोटिस पर सुनवाई और मानचित्र निस्तारण कैंप लगाया गया। इसमें 131 लोग आए। 109 के नोटिस की सुनवाई हुई। कैंप में नियोजन अनुभाग की ओर से 20 और सीलिंग अनुभाग की ओर से 15 अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया गया।
कैंप में कुल 3 नये शमन मानचित्र के आवेदन आए। पूर्व में दाखिल 21 मानचित्रों की गणना की गई। मानचित्र शुल्क के मद में 3,38,67,921 रुपये लगाए गए। इस दौरान 5,92,33,680 रुपये जमा कराए गए। कैंप में संयुक्त सचिव परमानंद यादव के नेतृत्व में सभी जोनल अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
रोहनिया विधायक ने परिजनों को बंधाया ढांढस
कोरौता निवासी कैलाश प्रजापति की हत्या की जानकारी पाकर रोहनिया के विधायक डॉ. सुनील पटेल परिजनों को ढाढ़स बंधाने घर पहुंचे। डॉ. सुनील ने पुलिसअफसरों से कहा कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। अपना दल-एस के जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, डॉ. एसपी सिंह पटेल, बसंत लाल पटेल और अलाउद्दीनपुर के ग्राम प्रधान राजकुमार वर्मा भी रहे।
गैस सिलिंडर की अवैध रिफिलिंग के आरोप में दो पर केस
गैस चूल्हे की मरम्मत के आड़ में सिलिंडर की अवैध रिफिलिंग के मामले में आपूर्ति विभाग ने दो आरोपियों के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मौके से तीन गैस सिलिंडर और रिफिलिंग से संबंधित उपकरण जब्त किए गए हैं। लमही के कांप्लेक्स में राजनारायण यादव गैस चूल्हे की मरम्मत करता है।
आपूर्ति विभाग को जानकारी मिली थी कि चूल्हे की मरम्मत की आड़ में अवैध तरीके से गैस सिलिंडर की रिफिलिंग का काम भी होता है। टीम ने छापा मारा तो सूचना सही निकली। मालिक सुरेश पटेल को टीम ने बुलाया तो वह नहीं आया। आपूर्ति विभाग की टीम ने दुकान संचालक राजनारायण यादव और कांप्लेक्स मालिक सुरेश पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
चंदौली के न्यायिक और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया
चंदौली के न्यायिक और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। जिला जज सुनील कुमार, सीजेएम दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे जिला जेल पहुंचे। अधिकारियों ने बैरकों का निरीक्षण किया।
चंदौली के बंदियों से वार्ता की और जेल की खान-पान व चिकित्सकीय व्यवस्था का भी जायजा लिया। बंदियों ने मुकदमे से संबंधित आ रही अड़चनों के बारे में न्यायिक अधिकारियों से सुझाव मांगा और उन्हें आवेदन पत्र भी दिए। कारागार के अधीक्षक आचार्य डॉ. उमेश सिंह से अधिकारियों ने चंदौली के बंदियों की संख्या जानी।
बकरे की कमर तोड़ने के आरोप में मुकदमा
शिवपुर के पिसौर निवासी सलमान की तहरीर पर बकरे की पिटाई कर कमर तोड़ने के आरोप में एक के खिलाफ शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सलमान ने बताया कि उसका बकरा गांव के ही प्यारे राजभर के फूल के खेत में चला गया था और तीन-चार फूल खा गया। प्यारे राजभर का लड़का सचिन वहां बैट-बॉल खेल रहा था।
सचिन ने बेरहमी से बैट से वार कर बकरे की कमर की हड्डी तोड़ दी। शिवपुर थानाध्यक्ष ने बकरे को उपचार के लिए भिजवा कर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया।
17 लाख हड़पने के आरोपी मां-बेटे की जमानत अर्जी खारिज
अपर सत्र न्यायाधीश नवम विनोद कुमार षष्टम की अदालत ने हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के 17 लाख रुपये हड़पने के आरोप में रमईपुर, पिंडरा की माधुरी देवी और उसके बेटे मंजीत कुमार तिवारी की जमानत अर्जी खारिज कर दी।
आरोप है कि माधुरी देवी भाई और बेटे के साथ मिलीभगत कर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन खरीदी थी। माधुरी के बेटे मंजीत कुमार तिवारी ने हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस कंपनी से 17 लाख रुपये लोन लिया।
किस्त जमा न होने की वजह से हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के अधिकारी विनीत द्विवेदी ने जांच की। जांच में पाया गया कि कंपनी से फाइनेंस जमीन पहले से ही दूसरे बैंक में बंधक है। विनीत द्विवेदी ने मां-बेटे के खिलाफ सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
खिलौना कारीगरों को दी गई टूलकिट
एक जनपद एक उत्पाद के विकास भवन में डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। यहां लकड़ी के खिलौने बनाने वाले कारीगर राम कुमार विश्वकर्मा व संजय कुमार शर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के प्रशिक्षार्थियों को टूलकिट दी गई।
वहीं, स्वरोजगार योजना के तहत मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत नेहा गुप्ता को दस लाख, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत सुरेंद्र राय को दस लाख, मुबासिरा खां को दस लाख और एमएसएमई के क्षेत्र में कार्य करने वाली इच्छुक इकाइयों (रक्षक एंबुलेंस को 32 लाख, वास्वी फार्मास्यूटिकल्स को 10 लाख) को लोन दिया गया। इस मौके पर सीडीओ हिमांशु नागपाल समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर लगेगा जुर्माना, मिलेगा थैला
नगर निगम विभिन्न दुकानों/ ठेले वालों से प्रतिबंधित प्लास्टिक (पॉलिथीन) जब्त कर जुर्माना लगाने के साथ निशुल्क कपड़े के थैले वितरित करेगा। अभियान के तहत निगम के अतिक्रमण प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा और टीम ने साजन तिराहा, सिगरा, फलमंडी, रथयात्रा, अरिहंत कॉम्प्लेक्स के पास दुकानों/ठेले वालों को 250 कपड़े के थैले बांटे। कपड़े के थैले बनाने के लिए होप वेलफेयर ट्रस्ट से एमओयू किया गया है।
ट्रस्ट विभिन्न घाटों से कचरे के रूप में प्राप्त कपड़ों को रिसाइकिल और सैनिटाइज कर थैले बना रहा है। यूनियन बैंक इसे सीएसआर फंड से स्पॉन्सर कर रहा है। नगर निगम ने रोजाना अभियान चलाकर एक लाख थैले बांटने का लक्ष्य रखा है।
20 कलाकारों ने 50 कलाकृतियों में उकेरे बनारस के रंग
आर्ट कैंप में चित्र बनाते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
कला प्रकाश और इंटैक के सहयोग पॉलीक्रोम आर्ट स्टूडियो के कलाकारों ने भेलूपुर में एक दिवसीय आर्ट कैंप का आयोजन किया। वरिष्ठ कलाकार अनिल शर्मा और विनय रावल के नेतृत्व में 20 कलाकारों ने वाॅटर कलर की 50 कलाकृतियों के माध्यम से काशी की कला के विविध रंगों को कैनवास पर उकेरा।
वक्ताओं ने कहा कि भारत के विभिन्न राज्यों की अपनी विशेषताएं हैं और रंग भी। एक ओर राजस्थान के चटक रंग हैं तो दूसरी ओर उत्तर पूर्व के लोगों की पोशाक, केरल के समुद्री तट और गुजरात के रंगीले कपड़ों की विशेषता भी है। इन सबसे अलग काशी की अपनी पहचान केवल घाटों, मंदिरों, साधुओं से ही नहीं है बल्कि गलियों और काशीवासियों का रहन-सहन से भी है।
मुदिता कपूर एवं अभिजीत अग्रवाल ने आर्ट कैंप में आए सभी कलाकारों का स्वागत किया। कला प्रकाश के अध्यक्ष अशोक कपूर ने कहा कि कोविड के बाद पहली बार हुए कलाकारों के आर्ट कैंप को पुनः निरंतर आयोजित करते रहेंगे। इस अवसर पर प्रो. अंजन चक्रवर्ती, प्रो. सुनील विश्वकर्मा, शशांक सिंह, डॉ. दीपिका चौधरी आदि ने पेंटिंग की सराहना की। धन्यवाद ज्ञापन अनिल केशरी ने दिया।
जमीं बोली फलक बोला, अली मौला अली मौला...
दरगाहे फातमान में जुमेरात के दिन ईद-ए-गदीर की महफिल सजी। महफिल को खिताब करते हुए सैयद हाजी फरमान हैदर ने कहा कि सारी दुनिया अली को मौला और मुश्किल कुशा के नाम से पुकारती है। अली को प्यारे नबी हजरत मोहम्मद ने 1435 साल पहले सवा लाख हाजियों के बीच में मौला घोषित किया था।
महफिल को खिताब करते हुए हाजी फरमान हैदर ने कहा अल्लाह सब का मौला, मैं हर मोमिनीन का मौला और मेरी तरह अली भी सबके मौला। इस अवसर पर तफसीर जौनपुरी, हैदर मौलाई, साहब रिजवी, समर बनारसी, बादशाह बिलग्रामी ने कलाम पेश किया। इस अवसर पर दुआख्वानी भी हुई। मुतवल्ली शफक रिजवी ने जायरीन का इस्तेकबाल किया।
इस सिलसिले से शाम को भी मौला अली के रौजे पर दुआख्वानी हुई। इस अवसर पर सामूहिक रूप से लोगों ने देश की तरक्की, खुशहाली के लिए दुआ मांगी। शिया बाहुल्य इलाकों में महफिल सजाई गई। पत्थरगलिया स्थित शहीद अली के निवास पर ख्वातीन की महफिल हुई।
एमएसएमई सर्वाधिक राजस्व और रोजगार देने वाला सेक्टर: आरके चौधरी
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से मलदहिया स्थित एक प्लाजा में एमएसएमई दिवस मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि एमएसएमई आज देश का ग्रोथ इंजन है। साथ ही सर्वाधिक राजस्व और रोजगार देने वाला सेक्टर है। सरकार की उद्योगपरक नीतियों के कारण बीते सालों में एमएसएमई क्षेत्र ने काफी प्रगति की है।
विशिष्ट अतिथि एक निजी बैंक के जोनल हेड मनीष टंडन ने एमएसएमई विकास के लिए उद्यमियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्य अथिति संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह ने कहा कि देश में आधारभूत सुविधाओं के विकास से एमएसएमई मददगार बनकर उभरा है।
आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने बीते दिनों जीएसटी काउंसिल द्वारा उद्योग हित में लिए गए निर्णयों के लिए वित्तमंत्री का धन्यवाद किया। इस मौके पर रोहित खन्ना, दिवाकर चौरसिया, वैभव त्रिपाठी मौजूद रहे।
वहीं, औद्योगिक आस्थान चांदपुर स्थित एमएसएमई सैमसंग टेक्निकल स्कूल में भी अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस मनाया गया। इसमें लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के उद्यमियों की बैठक हुई। प्रांत संरक्षक भूप नारायण सिंह ने कहा कि एमएसएमई देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। नयन गुप्ता ने कहा कि सूक्ष्म-लघु-मध्यम उद्योग का देश की अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान है।