राजातालाब के शहंशाहपुर निवासी अमरजीत सिंह की पत्नी सीमा देवी (45) की शुक्रवार को जौनपुर में मायके में सर्पदंश से मौत हो गई। शव शाम को शहंशाहपुर स्थित ससुराल पहुंचा। इस बीच शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पति अमरजीत सिंह और बेटा दोनों शहर से बाहर हैं, सूचना मिलते ही वह भी रवाना हो गए हैं।
दिव्यांग से लूट के मामले में मुकदमा दर्ज
दस दिन पूर्व दिव्यांग के साथ मारपीट और लूट के मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश के बाद शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार निवासी दिव्यांग राजकुमार गुप्ता के अनुसार, 10 जून की रात मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर स्थित फास्ट फूड दुकान से सामग्री लेकर घर लौट रहे थे। तभी युवक ने रास्ते में रोक मारपीट के बाद कान की मशीन तोड़ दी। जेब से 1500 रुपये छीनकर फरार हो गए। थानाध्यक्ष आनंद चौरसिया के अनुसार मामले की जांच शुरू की गई है।
अज्ञात युवक का शव मिला
शुक्रवार की देर शाम को भिखारीपुर तिराहे पर 35 वर्षीय एक युवक का शव मिला। बरेका चौकी प्रभारी सुरेंद्र शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को लगभग साढ़े नौ बजे रात में सूचना मिली कि भिखारीपुर तिराहे पर शव पड़ा है।
मौके पर 35 वर्षीय युवक पीले रंग की टी-शर्ट व काले रंग की पैंट पहना औंधे मुंह पड़ा था। उसकी जांच की गई तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। शिनाख्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन नहीं हो सकी। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
तीन अभियंताओं, कार्यदायी एजेंसी पर होगी कार्रवाई
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग और सचिव वेद प्रकाश मिश्र ने कार्यदायी एजेंसी मेसर्स केके कंस्ट्रक्शन एंड बिल्डर्स से बातचीत की। जांच में पाया गया कि कुछ पिलर अस्थिर अवस्था में थे। वीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि मंडलायुक्त के आदेश के बावजूद निगरानी में लगे अधिशासी अभियंता, सहायक और अवर अभियंता ने लापरवाही की।
साथ ही इनके खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। पूरे प्रकरण की जांच के लिए पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को जांच अधिकारी नामित किया। साथ ही कार्यदायी संस्था पर भी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
दीवान से ऑटो सवार युवकों ने की मारपीट, भीड़ देख रुके युवकों का चालान
कटेसर गांव में रामनगर थाने की क्राइम टीम के एक दीवान के साथ ऑटो सवार युवकों ने मारपीट हुई है। पुलिसकर्मियों के पहुंचने से पहले आरोपी भाग निकले। वहीं, पुलिस ने मौके पर मौजूद अन्य तीन युवकों का शांति भंग में चालान कर दिया।
चर्चा है कि दीवान की गाड़ी में भोजपुर का एक हिस्ट्रीशीटर भी बैठा हुआ था। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि दीवान के साथ मारपीट का कोई मामला नहीं है। तीन लोगो का चालान किया गया है।
गुरुवार रात क्राइम टीम के दीवान व पड़ाव के भोजपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर एक होटल में पार्टी के बाद चार पहिया वाहन से पड़ाव की ओर जा रहे थे। कटेसर के पास ऑटो से पास लेने को लेकर ऑटो सवार युवकों व दीवान में बहस हो गई। सादे कपड़े में होने के कारण दीवान और हिस्ट्रीशीटर की युवकों ने पिटाई कर दी। किसी ने मारपीट की सूचना रामनगर व मुगलसराय कोतवाली को दी।
रामनगर थाने की पुलिस पहुंची तो मौके पर मारपीट देख रहे तीन युवकों को हिरासत में लिया। युवकों ने बताया कि वह रमना स्थित एक शराब की दुकान पर काम कर लौट रहे थे और भीड़ देखकर रुक गए थे।
पति समेत छह पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
विवाहिता ने पति समेत परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। रखौना गांव निवासी अनिल कुमार दीक्षित की पुत्री प्रीति की शादी 5 जून को चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर धोबही निवासी सूरज राजहंस मिश्रा के साथ हुई थी। आरोप है कि दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है।
सड़क पार करते समय मजदूर की वाहन की चपेट में आने से मौत
चोलापुर थाना क्षेत्र के कटारी ब्लॉक मुख्यालय के पास हाइवे पर वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जगदीशपुर निवासी सुभाष राम का पुत्र मनोज कुमार (28) खरी चुन्नी की दुकान पर पल्लेदारी का काम करता था।
गुरुवार रात 11.30 बजे वह घर लौट रहा था। कटारी हाईवे पर सड़क पार करते समय किसी वाहन की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने मनोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सुभाष राम के तीन पुत्रों में मनोज दूसरे नंबर का था।
इंग्लिशिया लाइन में गेस्ट हाउस संचालक से मांगी रंगदारी, मुकदमा दर्ज
वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशिया लाइन स्थित राहत गेस्ट हाउस संचालक को असलहे की मुठिया से वार कर घायल करने और रंगदारी मामले में पुलिस ने सात नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
पीड़ित गेस्ट हाउस संचालक वसीम खान के अनुसार 9 जून की दोपहर ढाई बजे गिरजाशंकर जायसवाल और विशाल सिंह अपने 10 से 12 साथियों से साथ घुस आए और रंगदारी मांगने लगे। विरोध करने पर असलहे की मुठिया से सिर वार कर घायल कर दिया। यही नहीं, बीच बचाव को आगे आई महिलाओं से भी अभद्रता की गई।
आरोपियों में लल्लापुरा का अमित सिंह रिंकू, लहरतारा का पालू जायसवाल, विनोद जायसवाल, टिंकू सिंह, रोहित आदि 8 अज्ञात युवक रहे। सभी ने धमकाया कि रंगदारी नहीं मिली तो अंजाम बुरा होगा। सिगरा इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
67 लाख की धोखाधड़ी में 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वाराणसी। स्काई टच रियल इस्टेट कंपनी के बैंक खाते से 67 लाख की धोखाधड़ी मामले में कंपनी के पूर्व कर्ता धर्ता समेत 10 के खिलाफ सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर निवासी पीड़ित सुरेंद्र कुमार पटेल के अनुसार आरोपी अखिलेश राय, लालचंद्र राय, चंद्रभूषण पटेल, सतीश कुमार सिंह, लालता प्रसाद यादव, दशरथ प्रसाद, बलराम जायसवाल, अशोक कुमार प्रजापति, जगदंबा प्रसाद, रामराज पाठक ने धोखे से कंपनी के बैंक खाते से 67लाख 64 हजार रुपये निकाल लिये।पोल खुलने पर अब धमकी दे रहे हैं। सिगरा के शास्त्रीनगर कालोनी में कंपनी का कार्यालय है।