सचिव और लेखपाल को लिखित चेतावनी देने का निर्देश
बड़ागांव में धान खरीद केंद्र का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम मंगलवार को बड़ागांव के चूरापुर गांव स्थित धान खरीद केंद्र पर अचानक पहुंच गए। धान खरीद केंद्र के सचिव प्रशांत सिंह से पूछताछ की और धान खरीद से संबंधित टोकन रजिस्टर में दर्ज किसानों के नाम पता के साथ उनका मोबाइल नंबर लिखने का निर्देश दिया। साथ ही धान खरीद में लापरवाही बरते जाने पर केंद्र सचिव और लेखपाल को लिखित चेतावनी देने का निर्देश दिया।
सभी केंद्रों पर प्रतिदिन 300 क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य है। इसके मुकाबले बीते दो दिनों में सिर्फ 60 क्विंटल ही धान खरीद हुई। जिस पर लक्ष्य के सापेक्ष खरीद करने और व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। रजिस्टर में दर्ज महिला किसान शांति देवी को फोन लगाकर जिलाधिकारी ने पूछा कि क्या इनको सूचना दी गई कि इनसे कब बिक्री के लिए आना है सचिव ने कहा नहीं। सचिव की इस ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने लिखित चेतावनी देने का निर्देश दिया। साथ ही धान खरीद केंद्र पर तैनात लेखपाल मनीष कुमार को भी कार्य में लापरवाही पर लिखित चेतावनी देने का निर्देश दिया।