फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काशी के न्यायाधीश के तिलक की शोभायात्रा : डीजे की धुन पर थिरके तिलकहरू, 51 थालों में अर्पित की गई सामग्री

Mon, 16 Sep 2024 12:52 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: बाबा लाटभैरव के तिलक समारोह में हजारों भक्त शामिल हुए। परंपरानुसार बाबा की भव्य आरती उतारी गई। तत्पश्चात भक्तों में प्रसाद का वितरण हुआ।
विज्ञापन
बाबा लाटभैरव के तिलक समारोह में शामिल काशीवासी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

काशी के न्यायाधीश के तिलक की शोभायात्रा में काशी उमड़ पड़ी। नाचते-गाते तिलकहरूओं की टोली जब निकली तो हर काशीवासी शोभायात्रा से जुड़ते चले गए। ढाई किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में सजे-धजे लाग विमान के साथ हर-हर महादेव का जयकारा लगाते हुए भक्तों की टोली भी चल रही थी।

विज्ञापन


मध्यरात्रि तक हुए अनुष्ठान के दौरान बाबा लाटभैरव के भाल तिलक लगने के साथ ही तीन दिवसीय उत्सव की शुरुआत हो गई। रविवार की शाम को बाबा लाट भैरव के विवाहोत्सव का शुभारंभ तिलकोत्सव शोभायात्रा के साथ हो गया। विवाह की शहनाई से पूर्व बाबा के ललाट पर रोली की लालिमा सुशोभित हो गई।

विज्ञापन


श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति की ओर से कज्जाकपुरा स्थित जानकी बाग से तिलक शोभायात्रा निकाली गई। समिति के अध्यक्ष रोहित जायसवाल ने मंदिर प्रांगण में बाबा श्री लाट भैरव का पंचोपचार पूजन किया। इसके बाद समस्त तिलक सामग्रियों को विग्रह से स्पर्श कराया गया। 

परंपरानुसार छोटे-बड़े थाल, परातों व अन्य पात्रों में सजे पीले चावल, नवीन वस्त्राभूषण, नाना प्रकार के फल-फूल, मेवे-मिठाइयों, पान का बीड़ा, कारन को भक्तों ने सर पर रखकर वाहन तक पहुंचाया। पैरों में महावर लगाए, हाथों में धर्मध्वजा लिए, हर-हर महादेव, लाट भैरव बाबा के जय जयकारे के संग तिलकहरू शोभायात्रा के साथ मुख्य मार्ग की ओर बढ़ने लगे। 

विज्ञापन

लगे हर-हर महादेव के नारे
शोभायात्रा में दशकों के पुराने साक्षी तिलकहरू पारंपरिक परिधान धोती-कुर्ते में उत्साहित नजर आ रहे थे तो वहीं सैकड़ों की संख्या में उत्साही नौजवान डीजे की धुन पर रास्ते भर जमकर थिरके। शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ जलालीपुरा, तेलियाना, हनुमान फाटक, बलुआबीर, अम्बियामंडी, कतुआपुरा, जतनबर, भैरवनाथ होते हुए विशेश्वरगंज स्थित संकट हरणी मां शीतला माता मंदिर पहुंची। 

उपाध्यक्ष बसंत सिंह राठौर ने तिलकहरूओं का स्वागत किया। शीतला माता का विधिवत शृंगार किया गया। माता के आंगन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिपूर्वक आचार्य रवींद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में अध्यक्ष रोहित जायसवाल ने तिलक चढ़ाया। रोली अक्षत के शुभ तिलक से बाबा के रजत मुखौटे का भाल दमक उठा। भंडारे में भक्तों ने पूड़ी, सब्जी, खीर का प्रसाद ग्रहण किया। 

सांस्कृतिक आयोजन में नृत्य संगीत का दौर देर रात्रि तक चलता रहा। सुरक्षा के लिए कई थानों की फोर्स मंदिर से लेकर से शोभायात्रा मार्ग में तैनात रही। समिति के पदाधिकारियों में प्रधानमंत्री छोटेलाल जायसवाल, कोषाध्यक्ष छोटन केशरी, मंत्री मुन्ना लाल यादव, तिलक संयोजक नंद लाल प्रजापति, विक्रम सिंह राठौर, बच्चे लाल बिंद, सुशील जायसवाल शामिल रहे।

डिवाइडर के कारण देर से पहुंचा तिलक
विशेश्वरगंज दूध कटरा चौमुहानी पर लगे अस्थायी डिवाइडर के कारण मार्ग न मिलने पर प्रशासन को समिति के पदाधिकारियों के कड़ी नाराजगी का सामना करना पड़ा। आलाधिकारियों ने तत्काल मिनी क्रेन की व्यवस्था कर डिवाइडर को हटवाया। मार्ग न मिलने के समस्या के कारण तिलक पहुंचने में देरी हुई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें