उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शिवदासपुर के रेड लाइट एरिया में क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार शाम को छापेमारी करके दो किशोरियों को मुक्त कराया। साथ ही जबरन देह व्यापार कराने के आरोप में पांच महिलाओं और चार पुरुषों को गिरफ्तार किया है।
प्रयागराज की संस्था फ्रीडम फर्म ने एसएसपी आनंद कुलकर्णी को सूचना दी थी कि शिवदासपुर के रेड लाइट एरिया में किशोरियों से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है। इस सूचना पर एसएसपी ने सीओ चेतगंज अंकिता सिंह के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह की रेस्क्यू टीम गठित की।
गुरुवार को शाम के समय क्राइम ब्रांच ने शिवदासपुर के रेड लाइट एरिया में छापेमारी की। इस छापेमारी में रेस्क्यू टीम ने दो किशोरियों को मुक्त कराया। इसके साथ ही उनसे जबरन देह व्यापार कराने के आरोप में पांच महिलाओं और चार पुरुषों को गिरफ्तार किया। सभी नौ आरोपियों से पूछताछ कर उनका नेटवर्क खंगाला जा रहा है।
किशोरियों और युवतियों को मेडिकल जांच के लिए आशा ज्योति केंद्र भेजा गया है। इससे पहले छह मार्च को भी क्राइम ब्रांच की टीम ने शिवदासपुर में छापेमारी कर एक युवती को मुक्त कराया था। रेस्क्यू टीम में एसआई प्रदीप यादव, सुमंत सिंह, पुनदेव सिंह, रामभवन यादव, सुरेंद्र मौर्या, कुलदीप सिंह, चंद्रसेन सिंह, घनश्याम वर्मा, रमेश तिवारी, सुनील राय और मंडुवाडीह थाने के कार्यवाहक प्रभारी राघवेंद्र सिंह आदि शामिल थे।