श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का निर्माण करा रही कंपनी के इंजीनियर ने मुकदमा दर्ज कराया था कि परिसर से सेंसर टोटी और पेपर होल्डर चोरी हो गया। पुलिस ने शुक्रवार रात परिसर से तीन सफाई कर्मियों को गिरफ्तार किया।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम से सेंसर टोटी सहित अन्य सामान के चोरी के आरोप में चौक पुलिस ने शुक्रवार रात परिसर से तीन सफाई कर्मियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 50 हजार मूल्य का पांच पेपर होल्डर और पांच सेंसर टोटी बरामद हुई। तीनों आरोपी धाम परिसर में ही सफाई का काम करते थे।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार एक आरोपी की तलाश की जा रही है। चौक इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के अनुसार गिरफ्तार पड़ाव के सुजाबाद निवासी सोनू, रवि कुमार और डब्लू ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का निर्माण करा रही पीएसपी कंपनी के सेफ्टी इंजीनियर विपुल कुमार सिंह व सहयोगी गौरव सेंटर ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया था कि परिसर से सेंसर टोटी और पेपर होल्डर चोरी हो गया।
कॉरिडोर में सफाई करने वाले कर्मचारी पूर्व से ही सामानों की चोरी कर रहे थे। अपने एक साथी के साथ तीनों परिसर से सेंसर टोटी, पेपर होल्डर, यूरिनल बैटरी कवर, वाटर टैप व अन्य कीमती सामान की चोरी की। परिसर से सामान बाहर ले जाते समय आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि साथी फरार हो गया। इंस्पेक्टर के अनुसार फरार एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है।