अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, हादसे के बाद चालक भाग
यूपी के आजमगढ़ में मंगलवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक भाग निकला। तीनों युवक बारात में शामिल होने के लिए जौनपुर जा रहे थे।
दीदारगंज थाने के भादौ गांव के पास हादसा हुआ। बरदह थाने के इसहाकपुर गांव के निवासी हरिपाल पुत्र हरिनाथ (20), धर्मेंद्र पुत्र महेंद्र (22), प्रेम पुत्र सुभाष (22) तीनों एक ही परिवार के थे।
वह मंगलवार रात बारात में शामिल होने के लिए एक ही बाइक से जौनपुर जिले में खेतसराय थाना क्षेत्र के अमरेथुआ गांव जा रहे थे। रात नौ बजे भादों गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक के साथ तीनों के गिरने के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
एक्सीडेंट होने पर आसपास के लोग जुट गए और घायलों को जमीन से उठाया। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को गांव के पास ही स्थित पीएचसी पर ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वे हेलमेट नहीं लगाए थे। हेलमेट लगाए होते तो शायद जान बच जाती।