यूपी के सोनभद्र में बुधवार को तालाब में नहाने गए चचेरे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। दोनों किस हालत में तालाब तक पहुंचे, यह पता नहीं चल सका। एक साथ दो बच्चों की मौत से गांव में मातम छा गया। परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना आपसी सहमति के आधार पर शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
उधर, दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बघाड़ू गांव में मंगलवार की शाम तालाब में नहाने गया अधेड़ पांव फिसलने के कारण गहरे पानी में समा गया। बुधवार सुबह मामले की जानकारी पुलिस को मिली। गोताखोर के जरिए तलाश करवाई गई। लेकिन पता नहीं चल सका।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के पिपरहवा टोला निवासी चचेरे भाई-बहन सुरजलाल (10) पुत्र गोपाल, मायावती (8) पुत्री रामपाल दोनों घर के पास ही खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों कब तालाब पर पहुंच गए, पता नहीं चला।
कुछ बच्चों ने उन्हें पानी में डूबते देखा तो शोर मचाया। शोर पर परिवार के लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दोनों प्राथमिक विद्यालय पिपरहवा में क्रमश: कक्षा एक और दो में पढ़ते थे।