पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर रविवार को इकलौते बेटे के गायब होने से एक महिला रो-रोकर बेहाल हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने पीड़ित से घटनाक्रम के बारे में पूछा और उसे इलाहाबाद लेकर गई।
इलाहाबाद के दारागंज निवासी राजू निषाद की पत्नी प्रेमा देवी अपने तीन माह के बेटे के साथ मायके गुलौरी के लिए निकली। ट्रेन में ही सफर कर रही एक दूसरी महिला प्रेमा से जान पहचान बढ़ाकर बच्चे को गोद में लेकर खिलाने लगी। इस दौरान प्रेमा देवी को झपकी आ गई।
मौका देख पास में बैठी महिला भीटी स्टेशन पर उसे लेकर उतर गई। प्रेमा की नींद खुली तो बच्चे को गायब देखा। बोगी में काफी देर तक तलाशी की लेकिन उक्त महिला और उसका बच्चा नहीं मिला। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद महिला लोगों से रो-रोकर अपनी बयां करती रही।
रविवार को प्रेमा देवी के मायके के लोग इलाहाबाद जीआरपी को घटना के बाबत सूचना देने के लिए गए। वहीं दूसरी ओर लड़के को लेकर भागने वाली महिला ने अपना बैग ट्रेन में ही छोड़ दिया था। बैग में अल्ट्रासाउंड, एक चिकित्सक के दवा की पर्ची भी मौजूद थी। इकलौते बच्चे के गायब होने पर महिला का रो-रोकर बुरा हाल रहा।