हादसे के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए पर कोई उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। जब तक लोगों ने कोशिश की तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।
यूपी के जौनपुर जिले के विशुनपुर गांव में मंगलवार को हैंडपंप मरम्मत के दौरान लोहे की पाइप के हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से तीन मजदूरों की झुलसकर मौत हो गई। पुलिस को लोगों ने शव उठाने से रोक दिया। क्षेत्राधिकारी ने परिजनों को आकस्मिक दुर्घटना बीमा के तहत आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया, तब शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा सका।
नेवढ़िया थाने के विशुनपुर गांव निवासी मदनलाल यादव के दरवाजे पर लगा इंडिया मार्का -टू हैंडपंप खराब हो गया था। हैंडपंप के ऊपर से ही 11000 वोल्ट बिजली का तार गया है। हैंडपंप की मरम्मत के लिए बोरिंग के अंदर से लोहे की पाइप निकाली जा रही थी। पाइप निकाल रहे लोगों ने ऊपर से गुजरे एचटी तार का ध्यान नहीं दिया और पाइप हाईटेंशन तार से छू गई।
इससे 11 हजार वोल्ट बिजली का करेंट पाइप में दौड़ गया। नीचे पाइप पकड़कर निकाल रहे नेवढ़िया थाना क्षेत्र के गुतवन गांव निवासी सुभाष चंद्र साहू (65), जलालपुर थाना क्षेत्र के कोर्री गांव निवासी कुलदीप यादव (18) और उनके सहयोग में लगे विशुनपुर गांव के ही निवासी अमरनाथ यादव (40) पाइप से चिपक गए।
...तब तक हो गई देर
मौके पर मची चीख पुकार
- फोटो : अमर उजाला
आसपास के लोगों ने हिम्मत जुटाकर बांस की मदद से पाइप को तार से अलग किया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। करेंट से झुलसकर तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। आसपास के कई गांवों के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को उठाने का प्रयास किया तो गुस्साए लोगों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया।
लोग उच्च अधिकारियों को मौके पर आने और मृतकों के आश्रितों को उचित मदद दिलाने की मांग कर रहे थे। करीब घंटे भर बाद मौके पर पहुंचे सीओ मड़ियाहूं रामभुवन यादव ने मृतकों के आश्रितों को आकस्मिक दुर्घटना बीमा योजना के तहत आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया तो लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इन्दिरा चौक पर हाई बोल्टेज का तार गिरने से भगदड़
घनश्यामपुर कस्बा स्थित इंदिरा चौक पर मंगलवार को हाई वोल्टेज तार टूटकर गिरने से चौराहे पर भगदड़ मच गई। तार टूट जाने से करीब 15 मिनट तक चारों रोड का आवागमन ठप हो गया। इन्दिरा चौक पर दोपहर विद्युत आपूर्ति सुचारू रुप से चल रही थी। इसी बीच जर्जर विद्युत पोल से मेन चौराहे पर विद्युत तार में स्पार्किंग हुई जब तक लोग वहां से हट पाते। तार टूटकर जमीन पर आ गिरा।
भीड़भाड़ वाले इलाके में तार टूट जाने से भगदड़ मच गई। गनीमत था कि कोई हताहत नहीं हुआ। दुकानदारों को दुकानें बंद करनी पड़ी। तार टूट जाने की सूचना अखिल ब्राह्मण विकास प्रतिष्ठान के जिलाध्यक्ष राहुल पाण्डेय ने इसकी जानकारी विद्युत विभाग को दी।
काफी देर बाद विद्युत विभाग ने आपूर्ति बाधित की। विद्युत तार टूट जाने से लोगों में आक्रोश दिखाई दिया। शाम तक विद्युत कर्मचारी मौके पर नही पहुंचे। तार टूट जाने से काफी देर तक यातायात बाधित रहा।