वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेवादा निवासी मंगल राजभर (20) की शराब पीने के बाद साथी से ही हुई मार-पीट में मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, नेवादा निवासी मंगल राजभर पुत्र स्वर्गीय काशी राजभर, शालू राजभर (22) पुत्र मैनेजर राजभर व बाबू राजभर पुत्र शोभा की आपस में दोस्ती रही।
शनिवार को तीनों लग पूर्वाह्न 11 बजे घर से एक साथ निकल कर गौराकलां बाजार पहुंचे। तीनों ने यहां छक कर शराब पी। इसी बीच किसी बात को लेकर मंगल व शालू में बाद विवाद होने लगा। थोड़ी ही देर में दोनों में मारपीट शुरू हो गई। साथ में रहा तीसरा साथी दोनों को छुड़ाने का प्रयास कर रहा था लेकिन वह पूरी तरह कामयाब नहीं हो पा रहा था।
इसी बीच नेवादा निवासी बुद्धू भी मौके पर पहुंच गया और मार-पीट कर रहे दोनों को पकड़ कर अलग कर दिया। तब तक मंगल को काफी चोट लग चुकी थी। वहां उपस्थित अन्य लोगों के सहयोग से घायल को बगल में एक दुकान के पास ले जाया गया और उसके घर सूचना दी गई। थोड़ी ही देर में मृतक की माता व छोटा भाई मौके पर पहुंच गए। तब तक उसकी मौत हो गई थी।
शव परिजन उठा कर घर ले गए और पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में थाना प्रभारी विद्याशंकर शुक्ला, चौकी प्रभारी चिरईगांव पंकज कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ कर जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले कर पंचायतनामा के बाद पोस्टमार्टम हेतु मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया।