जौनपुर जिले की शाहगंज तहसील क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को हुए हादसों में बालिका और वृद्ध समेत तीन की मौत हो गई। खुटहन में बाइक से गिरकर पुत्री की जान चली गई, जबकि पिता गंभीर रुप से घायल हो गया। वहीं खेतासराय में दो बाइक की भिड़ंत में एक बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। बाइक चला रहा पुत्र घायल हो गया। शाहगंज में मिट्टी लदे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से युवक ने दम तोड़ दिया। संबंधित पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कोदहूं गांव के पास प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पर सोमवार को तमिलनाडु से सरिया लादकर आजमगढ़ जा रहे ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक में टक्कर मार दी। इसमें ट्रेलर चालक गुलमुद्दीन जख्मी हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को ट्रेलर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पीएचसी पर प्रारंभिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, मड़ियाहूं में कादीपुर गांव के पास पुवाल लदी ट्रैक्टर सामने से आ रही तेज रफ्तार जेसीबी में भिड़ गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उस पर सवार संदीप सिंह और विकास सिंह जख्मी हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जेसीबी को पुलिस कोतवाली ले गई।