महराजगंज स्थित जेएचवी शुगर मिल से जुड़े किसानों के 17 करोड़ से ज्यादा के बकाए पर वाराणसी तहसील प्रशासन ने पूर्व सांसद जवाहर जायसवाल से पौने तीन करोड़ रुपये की वसूली की। वाराणसी सदर तहसील की ओर से दो करोड़ 79 लाख 79 हजार 323 रुपये की वसूली कर उसे गन्ना किसानों को हस्तांतरित कराया गया।
विज्ञापन
दरअसल, गन्ना आयुक्त की ओर से किसानों के बाकीदार छोटा लालपुर निवासी जवाहर जायसवाल और उसके बेटे गौरव जायसवाल के खिलाफ 17 करोड़ रुपये की वसूली प्रमाण पत्र जारी हुई थी। आदेश के क्रम में इसकी वसूली वाराणसी के तहसील सदर को सौंपी गई है।
पिछले दिनों टीम ने जवाहर के जेएचवी मॉल और होटल रमाडा से वसूली की चेतावनी दी थी। उपजिलाधिकारी सदर नंद किशोर कलाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश गन्ना किसानों के बाकीदार से नियमानुसार वसूली की कार्यवाही प्रारंभ कर उनसे 2,79,79,323 रुपये की वसूली कराते हुए धनराशि गन्ना किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित कराया गया।
गन्ना किसानों के शेष बकायों के भुगतान के लिए बकायेदार जवाहर जायसवाल एवं गौरव जायसवाल से वसूली की कार्यवाही त्वरित गति से यथाशीघ्र कराने की कार्यवाही की जा रही है।