यूपी के मुगलसराय का नाम परिवर्तित किए जाने के जिम्मेदार लोगों को पोस्टर के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। नगर के विभिन्न स्थानों पर लगा पोस्टर कौतूहल का विषय बन गया है।
पोस्टर में कहा गया है कि यदि मुगलसराय जंक्शन का नाम बदला तो लिस्ट में शामिल 13 लोगों को छह इंच छोटा कर दिया जाएगा। इस पोस्टर पर किसी भी संगठन या दल का नाम नहीं लिखा है।
शासनादेश के बाद मुगलसराय शहर का नाम बदलकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर रख दिया गया है। अब मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की कवायद भी काफी तेज हो गई।
जबकि स्टेशन का नाम लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर रखे जाने की लड़ाई भी कुछ संगठनों ने लड़ी। इन सबके बीच शनिवार को नगर के जीटीआर ब्रिज के समीप सहित अन्य स्थानों पर चस्पा एक पोस्टर पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा हुआ है कि मुगलसराय जंक्शन का नाम नहीं बदलना चाहिए।
मुगलसराय यार्ड को पूरे एशिया महाद्वीप में दूसरा स्थान प्राप्त है, देशी विदेशी यात्री भी मुगलसराय आते हैं, आदि विशेषताओं को दर्शाया गया है। इसके साथ ही चेतावनी लिखी गई है कि मुगलसराय जंक्शन का नाम बदला गया तो चिह्नित 13 लोगों को छह इंच छोटा कर दिया जाएगा।
इसमें लिखा है कि यह 13 लोग वही हैं जो मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलना चाहते हैं। इसमें नाम नहीं बदले जाने के समर्थन एक पत्र जिलाधिकारी से लेकर विभिन्न अधिकारियों को लिखने की अपील भी की गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह कार्य किसी सिरफिरे का लग रहा है। इस मामले को स्वत: संज्ञान में लेते हुए मुगलसराय कोतवाली में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करने को कहा गया है।