रामनगर थाना अंतर्गत सूजाबाद निवासी व्यापारी नेता के साथ मारपीट कर रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने बुधवार को पिता-पुत्र सहित तीन के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया। व्यापारी नेता की गुहार पर एसीजेएम नवम के आदेश से मुकदमा दर्ज किया गया।
व्यापारी नेता मनोज कुमार यादव के अनुसार सूजाबाद में अपने कांप्लेक्स में मौजूद थे। उसी दौरान मुगलसराय थाना अंतर्गत मढ़िया निवासी बृजमणी मिश्रा, अपने भाई सूर्यमणी मिश्रा और बेटे कृष्णा के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान जाते समय बृजमणी मिश्रा ने जेब से दो हजार रुपये भी निकाल लिया।
मनोज के अनुसार घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कराने रामनगर थाने गए तो पुलिसकर्मियों ने लूट का मुकदमा नहीं दर्ज किया। रामनगर इंस्पेक्टर अश्वनी पांडेय ने बताया कि पिता-पुत्र सहित तीन के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
दुष्कर्म मामले में पिछले दस माह से फरार आरोपी को लोहता पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। छितौनी गांव निवासी आरोपी जितेंद्र कुमार पटेल पर मिर्जापुर के अदलहाट क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने लोहता थाने में नवंबर 2020 में मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़िता के अनुसार लगभग तीन साल पहले फेसबुक के माध्यम से जितेंद्र पटेल से दोस्ती हुई। जितेंद्र ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और शादी की बात पर धमकाने लगा। धमकाया कि यदि वह कहीं शिकायत करेगी तो हत्या करा देगा।
पुलिस ने बुधवार सुबह भोजूबीर तिराहे से गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अखिलेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पिसौर निवासी अखिलेश कई माह से फरार चल रहा था। उधर, सिंधोरा पुलिस ने बुधवार को गैंगंस्टर एक्ट के आरोपी को गजेंद्रा चौराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी वीरेंद्र कुमार पाल लच्छीपुर जंसा निवासी की तलाश पुलिस को कई महीनों से थी।
इधर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा के निर्देश पर फूलपुर थाने में पंजीकृत लूट के मुकदमे में दो अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। फूलपुर निवासी दोनों अपराधियों में संजय कुमार पटेल और सुनील कुमार पटेल शामिल है। पीएनबी करखियांव शाखा के बैंक प्रबंधक के साथ हुई लूट व हत्या में शामिल यह दोनों इस समय जेल में हैं।
लंका इलाके में चेन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले और 18 जून को मुठभेड़ में गिरफ्तार लुटेरों के खिलाफ बुधवार को गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई। प्रयागराज के धूमनगंज निवासी संतोष रावत और राजापुर निवासी पवन कुमार, वीरेंद्र कुमार वर्मा पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। तीनों असलहे की नोक पर चेन लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार
चितईपुर पुलिस ने रंगदारी मांगने के आरोपी विवेक लूथरा को बुधवार को करौंदी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुआ। चितईपुर पुलिस के अनुसार भगवानपुर लंका निवासी विवेक व्यापारियों को डरा धमकाकर रंगदारी मांगता था।इसके खिलाफ चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।