नगर निगम का कंट्रोल रूम सक्रिय रहा
दीपावली पर बेहतर कामकाज के लिए नगर निगम ने स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर में कंट्रोल रूम बनाया है। जहां पर शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। सुबह से रात 8 बजे तक 37 कॉल आए। इनमें ज्यादातर सफाई, स्ट्रीट लाइट, छुट्टा पशुओं, घाटों की सफाई से जुड़ी रही। नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि अवकाश वाले दिन भी कंट्रोल रूम एक्टिव रहा। सभी शिकायतों का समाधान कराया गया है।
मरीजों की सेवा के साथ बांटी दीपावली की खुशियां
रोशनी के पर्व दीपावली पर लोग जिस समय घरों पर खुशियां मना रहे थे, उस समय स्वास्थ्य कर्मी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की सेवा में लगे रहे। स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल में ही दीपावली मनाई। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
दीपावली के दिन सुबह से ही बीएचयू अस्पताल के साथ ही ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी और जिला-मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों की जांच और इलाज किया गया। शाम को स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल में ही दीपावली मनाई।
उधर, ग्रामीण इलाकों में विशेषकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहे। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि इमरजेंसी में जो भी मरीज आएं, सभी का हर संभव जांच और बेहतर इलाज किया गया।
मुस्तैद रहीं एबुलेंस : अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर एंबुलेंस कर्मी भी अपने अपने एंबुलेंस के साथ मुस्तैद रहे। इसमें मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के अलावा सभी पीएचसी, सीएचसी पर भी एंबुलेंस खड़ी रही। एंबुलेंस सेवा के प्रोग्राम मैनेजर कृष्णदेव ने बताया कि 108 और 102 नंबर पर जो भी फोन आए उसके आधार पर निर्धारित समय के भीतर मरीजों को सेवा का लाभ दिलवाया गया।