वाराणसी में दिन में तेज धूप के साथ गर्मी भी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। लोगों को प्यास भी खूब लग रही है। जरूरत पड़ने पर अगर ठंडा पानी न मिले तो समस्या और बढ़ जाती है। कैंट स्थित रोडवेज बस स्टेशन का यही हाल है। भीषण गर्मी में यात्रियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था नहीं है। लिहाजा यात्री स्टेशन पर मौजूद दुकानों से पानी की बोतल खरीदने को मजबूर हैं। इस तरह की स्थिति तब है जब शासन, प्रशासन की ओर से अधिकारियों को पेयजल की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
रोडवेज बस स्टेशन से हर दिन गोरखपुर, इलाहाबाद, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही के साथ लखनऊ तक हजारों यात्री सफर करते हैं। पहले तो यहां पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी। अब किसी तरह पानी की व्यवस्था हुई भी है तो वह ठंडा नहीं मिल पा रहा है। दोपहर में टोटी से गर्म पानी निकलता है। कुछ जगहों पर टोटियां भी नहीं लग पाई हैं। पानी की समस्या सबसे अधिक उस समय होती है, जब यात्रियों को घंटो बसों का इंतजार करना पड़ता है। सोमवार दोपहर यात्री खाली बोतल लेकर स्टेशन परिसर में वाटर एटीएम के पास खड़े रहे।