बगवानाला के समीप स्थित वरुणा नदी में सोमवार दोपहर एक युवक कूद गया। हादसे के तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जैतपुरा पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस के अनुसार युवक की शिनाख्त की जा रही है।
बगवानाला के पास वरुणा कॉरिडोर पर एक 20 वर्षीय युवक टहल रहा था। अचानक युवक ने नदी में छलांग लगा दिया और नदी के दूसरी छोर की ओर बहने लगा। गहराई ज्यादा होने के देखते ही देखते वह पानी में समा गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक मानसिक रूप से कमजोर था और कुछ दिनों से वरुणा कॉरिडोर के आसपास घूम रहा था। घटनास्थल जैतपुरा और कैंट थाना क्षेत्र की सीमा पर होने के कारण दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर तक सीमा विवाद के बाद जैतपुरा पुलिस ने गोताखोरों को मौके पर बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई। शाम करीब चार बजे शव को वरुणा नदी से बाहर निकाला गया। शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।