श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण की कवायद भूमि पूजन के बाद तेज हो गई है। बृहस्पतिवार को कार्यदायी संस्था पीएसपी ने निर्माण कार्य की तैयारियां शुरू कर दी हैं। गेट नंबर चार से कंपनी की मशीनें और मैटेरियल धाम में पहुंचेगा। इसके कारण मंदिर परिसर में संचालित होने वाले अस्पताल को भी बंद करने का आदेश जारी किया गया है। 24 दिसंबर से गेट नंबर चार पर चलने वाला अस्पताल बंद कर दिया जाएगा।
काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के लिए 318.67 करोड़ रुपये की परियोजना का टेंडर जारी किया गया था। बाद में बीएचयू के वैल्यूएशन पर टेंडर का मूल्य करीब 336 करोड़ रुपये पहुंच गया। उसमें लेबर सेस, कंटिजेंसी, सुपरविजन और एजेंसी चार्जेज जोड़ने पर बजट 364 करोड़ तक पहुंच गया है। लोक निर्माण विभाग ने संशोधित बजट को अनुमति के लिए शासन के पास भेजा है।
विश्वनाथ धाम में दो परिसर होंगे। मुख्य परिसर मंदिर के चारों ओर होगा और चार प्रवेश द्वार होंगे। घाट और मंदिर परिसर को जोड़ने के लिए एक विशाल प्रवेश द्वार होगा। इसे पार करते ही मंदिर चौक सामने होगा। यहां से घाट तक बनने वाले कॉरिडोर में फर्श से लेकर दीवारों तक में गुलाबी पत्थरों का उपयोग किए जाने से यह पिंक सिटी की तरह चमकेगा। कॉरिडोर से जुड़ने वाले ललिता घाट पर वृद्ध एवं दिव्यांगों के लिए एस्केलेटर की सुविधा होगी वहीं मणिकर्णिका घाट के ऊपर विशाल मंच होगा। यहां से मंदिर परिसर को जोड़ने के लिए पाथवे बनेगा।