वाराणसी में स्वच्छता अभियान का हाल
स्वच्छ शहरों की सूची में काशी को टॉप पर पहुंचाने के लिए एक और पहल की गई है। अब स्वच्छता एप से छात्राओं को भी जोड़ा जाएगा। छात्राएं एप डाउनलोड कर नगर निगम को सफाई संबंधी सुझाव दे सकती हैं, शिकायत कर सकती हैं। छात्राओं को जोड़ने से 25 हजार लोगों द्वारा एप डाउनलोडिंग का लक्ष्य पूरा करने में भी मदद मिलेगी। एप के संबंध में डीआईओए मुहम्मद इब्राहिम ने शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक बालिका विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखा है।
एप डाउनलोडिंग का लक्ष्य पूरा होने पर 75 अंक निर्धारित है। यही नहीं छात्राओं को जीरो वेस्ट कैंपस से भी जोड़ा जाएगा। इसमें परिसर में छोटे-छोटे कूड़ा निस्तारण संयंत्र या कंपोस्टिंग के लिए छोटे-छोटे गड्ढे बनाना शामिल है। इस पर भी अंक निर्धारित है। डीआईओएस ने बताया कि जागरूकता के लिए नगर निगम कार्यालय, सभी जोनल कार्यालय, सफाई/ अभियंत्रण चौकी, जलकल विभाग, ट्यूबवेल आदि के दीवारों पर विद्यालय के माध्यम से पेंटिंग कराई जा सकती है, इस पर भी अंक निर्धारित है। बताया कि इन कार्यों में सहयोग के लिए नगर आयुक्त की ओर से हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज की सेवानिवृत्त प्रधानाचार्या डॉ. अल्पना राय चौधरी को अधिकृत किया गया है।