प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 सितंबर को काशी आगमन के मद्देनजर एसपीजी ने मंगलवार को सुरक्षा की कमान संभाल ली। दोपहर करीब 2:50 बजे एसपीजी के एआईजी एमपी गुप्ता और आरबी राम के नेतृत्व में टीम बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंची।
एप्रन, वीआईपी एरिया, पुरानी बिल्डिंग समेत अन्य स्थानों का निरीक्षण करने और एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ मीटिंग करने के बाद टीम छावनी और डीरेका स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। निरीक्षण करने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। सुरक्षा के हर पहलू पर विस्तार से चर्चा की गई। शाम को वायु सेना का हेलीकॉप्टर भी बाबतपुर पहुंच गया। बुधवार को हेलीकॉप्टर रूट रिहर्सल करेगा। डीजी सुरक्षा गोपाल गुप्ता गुरुवार को वाराणसी पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में एसपीजी के 80 कमांडो के सुरक्षा घेरे में रहेंगे। इसमें से ज्यादातर कमांडो पीएम के आगमन के पूर्व ही वाराणसी पहुंच जाएंगे तो कुछ उनके साथ आएंगे। कमांडो अत्याधुनिक हथियारों से लैस रहेंगे। कमांडो के अलावा एटीएस, कें द्रीय अर्द्ध सैनिक बल और स्थानीय पुलिस का घेरा भी उनके साथ रहेगा।
करीब पांच हजार पुलिस फोर्स को पंद्रह सेक्टरों में बांटा गया है। पंद्रह पुलिस अधीक्षक अलग-अलग सेक्टरों के प्रभारी होंगे। कार्यक्रम स्थल पर डोम कैमरे भी लगाए जाएंगे। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार को सेना अधिकारियों ने भी छावनी में मल्टी परपज ग्राउंड का निरीक्षण किया।
सेना ने भी अपनी ओर से पूरे छावनी क्षेत्र में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है। पीएम बाबतपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा 39 जीटीसी के हेलीपैड पर उतरने के बाद मल्टी परपज ग्राउंड में आयोजित क ार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां से सड़क मार्ग से डीरेका जाएंगे। वहीं बाबतपुर सेे लेकर डीरेका तक के संपर्क मार्गों पर बैरीकेडिंग का काम देर शाम तक चलता रहा।
ज्यादातर स्थानों पर बैरीकेडिंग की जा चुकी है। पीएम के आगमन के पूर्व संबंधित मार्ग को सील कर दिया जाएगा। एसएसपी जोगेंद्र कु मार ने बताया कि एसपीजी के अधिकारियों के साथ सुरक्षा को लेकर बैठक हुई है। पीएम की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।