महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में कुलपति की तलाश तेज हो गई। संभावना है कि जून के प्रथम या दूसरे सप्ताह तक विश्वविद्यालय के नए कुलपति की घोषणा हो जाएगी। देश भर के विश्वविद्यालयों से लगभग सवा दो सौ आवेदन आए थे।
सोमवार को सर्च कमेटी ने शार्ट लिस्टेड 15 आवेदकों का साक्षात्कार किया। इसमें वाराणसी, गोरखपुर, बीएचयू, लखनऊ, गुजरात, पंत नगर और मध्य प्रदेश के आवेदक शामिल हैं। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार कुलपति पद के लिए आवेदकों का ऑनलाइन साक्षात्कार किया गया।
काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. टीएन सिंह का कार्यकाल समाप्त होने के बाद रज्जू भैया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह को कार्यवाहक कुलपति बनाया गया था। उन्होंने चार मई को कुलपति पद का पदभार ग्रहण किया। वहीं दूसरी तरफ संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति पद के लिए भी तलाश तेज हो गई है। संभावना है कि जून के पहले सप्ताह में विश्वविद्यालय के कुलपति की घोषणा हो सकती है। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय को कुलपति का पदभार दिया गया है।