लगभग 14 घंटे की देरी से कैंट पहुंची चंडीगढ़-धनबाद स्पेशल ट्रेन
यात्री ने कविता के माध्यम से रेल मदद एप पर दर्ज कराई शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। वाराणसी में रुकी ट्रेन, समय का कोई न पहरेदार। घंटों बीते, न कोई खबर। यात्री थके, करें इंतजार। धूप चढ़े, उम्मीद घटे। घड़ी की सुई बस चलती जाए। रेलवे सोए, हम जागे, क्या ये सफर कभी आगे बढ़ पाए...? यह कविता रूपी शिकायत रेल मदद एप और एक्स पर एक रेल यात्री ने रेलवे बोर्ड समेत अन्य रेल अधिकारियों से की है, जब ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग 14 घंटे की देरी से कैंट रेलवे स्टेशन पर सोमवार की अपराह्न पहुंची।
45 मिनट से अधिक समय तक कैंट रेलवे स्टेशन पर खड़ी 03310 चंड़ीगढ़-धनबाद स्पेशल ट्रेन के यात्री विश्वामित्र कुमार समेत अन्य यात्री परेशान हो गए। विश्वामित्र ने एक्स और रेल मदद पर रेल मंत्रालय, रेलवे सेवा और डीआरएम लखनऊ, डीआरएम वाराणसी से लेटलतीफी की शिकायत की।
रविवार की रात 12.45 बजे चंडीगढ़-धनबाद स्पेशल ट्रेन को वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचना था, लेकिन यह ट्रेन सोमवार की अपराह्न 3.30 बजे पहुंची। पांच मिनट के ठहराव वाले कैंट स्टेशन पर यह ट्रेन 45 मिनट से अधिक समय तक खड़ी रही। पहले से ही 13 से 14 घंटे की देरी से चल रही ट्रेन के यात्री परेशान हो गए। डिप्टी एसएस कार्यालय तक भी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। यात्रियों ने रेल मंत्रालय पर यह आरोप भी लगाए कि जब क्षमता नहीं है तो स्पेशल ट्रेनों का संचालन नहीं करना चाहिए। स्पेशल ट्रेनों को जहां, तहां रोक कर नियमित ट्रेनों को पास दिया जा रहा है।