सीवर जाम होने और जगह-जगह गंदगी फैलने से परेशान जवाहर नगर से गुरुधाम चौराहे तक के सैकड़ों बाशिंदों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। दुर्गाकुंड मार्ग पर जवाहर नगर के समीप मुड़कट्टा बाबा मंदिर के पास उन्होंने चक्काजाम कर दिया। नगर निगम और जलकल प्रशासन पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसीएम और जलकल के एक्सईएन ने पांच दिन के अंदर समस्या के समाधान का आश्वासन देकर उन्हें मनाया।
चक्काजाम में शामिल दुर्गाकुंड मार्ग पर जवाहर नगर एक्सटेंशन, चेतमणि चौराहे, गुरुधाम चौराहे सहित आसपास के इलाकों के नागरिकों का कहना था कि सीवर जाम होने से जलनिकासी बाधित होने की समस्या महीनों से बनी हुई है। पिछले दिनों बारिश के दौरान सीवर ओवरफ्लो होने से कई घरों में पानी घुस गया। सड़कों पर सीवर और गंदगी से राह चलना दुश्वार हो गया है। इस बारे में कई बार नगर निगम और जलकल के अधिकारियों से फरियाद की गई लेकिन किसी ने नहीं सुनी। नागरिकों ने चेतावनी दी कि आश्वासन के अनुरूप पांच दिन में समस्या का समाधान का नहीं हुआ तो वे आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होंगे। राकेश कुमार, भरत कुमार, पवन सिंह, सुमित्रा देवी, मनोज कुमार, गीता देवी, जयंत सिंह उपस्थित थे।
एसडीएम सदर आर्यका अखौरी के निर्देशन में मंगलवार को चांदपुर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान बिना नोटिस जारी किए कार्रवाई का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय लोगों ने चांदपुर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। इससे करीब घंटे भर तक जीटी रोड पर आवागमन बाधित रहा। वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। दिन में करीब 11 बजे चांदपुर चौराहे के पास अतिक्रमण अभियान शुरू हुआ। दस्ते के साथ सीओ भेलूपुर तथा मंडुवाडीह थाने और पीएसी के जवान थे। चौराहे के आसपास कच्चे और कुछ पक्के निर्माण जेसीबी से ध्वस्त किए जाने लगे। ग्राम प्रधान आरडी यादव और भाकपा की नेता सरिता पटेल समेत विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि बिना नापी और नोटिस अतिक्रमण हटाया जा रहा है। चौराहे पर चक्काजाम से वाराणसी-इलाहाबाद रूट बंद हो गया। राज्य मंत्री सुरेंद्र पटेल भी जाम में फंस गए। एक घंटे तक बातचीत के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने तीन दिन में अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी।