प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र की जनता को एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद वाराणसी का उनका यह नौवां दौरा होगा। इस दौरे में पीएम बीएचयू और डीरेका में चार योजनाओं का शिलान्यास और एक योजना का उद्घाटन करेंगे। बुधवार रात जारी फाइनल प्रोटोकाल के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी अब पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से 10 मिनट पहले यानी 10:25 बजे वाराणसी पहुंचेंगे और 4:10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली लौट जाएंगे।
प्रधानमंत्री दिन में 11 बजे बीएचयू के स्वतंत्रता भवन पहुंचेंगे और यहां वह आधे घंटे तक रहेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में आए कलाकारों से रूबरू होंगे और ‘चाणक्य’ नाटक का मंचन देखेंगे। इसके बाद वह बीएचयू में दो योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। बीएचयू से सड़क मार्ग से प्रधानमंत्री आईपीडीएस योजना के मॉडल वर्क का जायजा लेने कबीर नगर जाएंगे। यहां पीएम 11:45 से 11:55 बजे तक रहेंगे।
दोपहर 12:20 बजे पीएम डीरेका मैदान पहुंचेंगे। 12:20 से एक बजे तक वह इएसआईसी के 150 बेड के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और बीआरएस हेल्थ एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की आधारशिला रखेंगे। ट्रेड फैसिलेशन सेंटर और क्राफ्ट्स म्यूजियम का उद्घाटन करने के साथ वह वस्त्र मंत्रालय की योजनाओं का शुभारंभ भी यहीं से करेंगे। एक बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बीजेपी के बूथ कमेटी के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। 2:35 बजे डीरेका गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। 2:40 डीरेका हेलीपैड जाएंगे। 2:45 बजे डीरेका हेलीपैड से बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। 4:10 बजे वह बाबतपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली चले जाएंगे।