दारुल ए इस्लाम से जुड़े होने की भी जांच
एटीएस के अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि परवेज और रईस जैसे फरार सदस्यों के जरिये पीएफआई की जगह किसी नए संगठन की नींव रखने की तैयारी तो नहीं की जा रही थी। इनका दारुल ए इस्लाम संगठन से जुड़ाव के बारे में भी छानबीन की जा रही है। दरअसल, पीएफआई और उसके आठ सहयोगी संगठनों पर प्रतिबंध लगने के बाद बाकी सदस्यों को जोड़े रखने के लिए लगातार कोशिश जारी है। इसके लिए नए लोगों को भी जोड़ा जा रहा है, जिनका कोई पुराना आपराधिक इतिहास न हो और वे पीएफआई के पदाधिकारियों पी. कोया, कमाल केपी आदि को जेल से बाहर निकालने के लिए पैरोकारी भी कर सके।
पाकिस्तान व बांग्लादेश भी गए थे आरोपी
परवेज और रईस दिल्ली, केरल, यूपी आदि में आयोजित होने वाली पीएफआई और उसके सहयोगी संगठनों की कार्यशालाओं में शामिल होते थे, जहां उनको देशविरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की ट्रेनिंग दी जाती थी। दोनों को बड़ी संख्या में युवाओं को जोड़ने का जिम्मा सौंपा गया था ताकि उनकी मदद से इस्लामिक विचारधारा को बढ़ावा दिया जा सके। दोनों के पाकिस्तान, बांग्लादेश अथवा अन्य किसी खाड़ी देश में जाने की पुष्टि भी की जा रही है।
वकील से भी भरवाया गया बांड
एटीएस ने लखनऊ से पीएफआई की पैरोकारी करने वाले एक वकील को हिरासत में लिया था, जिससे लंबी पूछताछ के बाद बांड भरवाकर जाने दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, यह वकील बीते कई दिनों से जेल में बंद पीएफआई के पदाधिकारियों की जमानत कराने के लिए सक्रिय था। इसके लिए वह तीन बार दिल्ली भी गया था। इस पैरोकारी के लिए होने वाली फंडिंग की एटीएस जांच कर रही है।