पहड़िया के रहने वाले एक व्यापारी से बदमाशों ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। धमकी से सहमे व्यापारी ने सारनाथ थाने में रंगदारी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया। मामले की तफ्तीश में पुलिस जुट गई है।
सारनाथ थाना अंतर्गत पहड़िया के आनंदपुरी कॉलोनी निवासी अविनाश यादव का पेंट सहित अन्य कारोबार है। अविनाश के अनुसार 21 मार्च की रात 8 बजे नगर निगम सारनाथ के सामने चाय की दुकान पर चाय पीने गया। इसी दौरान काले रंग की बुलेट पर सवार नकाबपोश दो युवक आए और धमकी दी कि पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी और नहीं देने पर धमकी दी। पीड़ित अविनाश का आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर धमकी दी कि पप्पू भैया पर दर्ज मुकदमा वापस नहीं लोगे तो अंजाम भुगतने को तैयार रहना। पीड़ित अविनाश के अनुसार 17 मार्च की रात 10 बजे भी धमकी भरा फोन आया था और पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। इसकी काल रिकार्डिंग भी साक्ष्य के तौर पर सारनाथ पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। अविनाश यादव भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक भी है। सारनाथ थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।