योगी सरकार के 24 घंटे आपूर्ति के निर्देश के बाद भी अंधाधुंध बिजली कटौती जारी है। गुरुवार को कहीं पेड़ों की डालियों की छंटाई तो कहीं विद्युत सुधार के नाम पर विभिन्न इलाकों में पांच से छह घंटे बिजली गुल रही। बिजली की आवाजाही भी लोगों को परेशान करती रही। कटौती का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
कुछ इलाकों में गुरुवार को मरम्मत के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। अधिकारियों के अनुसार विद्युत सुधार के तहत शुक्रवार को भी कई इलाकों में आपूर्ति बंद रहेगी। कचहरी, लंका, सिगरा, गोदौलिया, मंडुवाडीह, चेतगंज, चांदपुर, लहरतारा, औरंगाबाद, सोनिया आदि इलाकों में बिजली की आवाजाही लगी रही। दोपहर और रात के समय कई चरणों में कटौती की गई। घंटों कटौती से जनता विभाग को कोसती रही।
नगरीय विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधीक्षण अभियंता आरडी सिंह के अनुसार 18 जून तक प्रतिदिन 11 से 2 बजे तक तरना, शिवपुर और पार्वतामील फीडर से आपूर्ति बंद रहेगी। अकथा, रमरेपुर फीडर 10 से 12 बजे, सारनाथ, शक्तिपीठ, सांस्कृतिक संकुल फीडर 2 से 4 बजे तक बंद रहेगी। अधिशासी अभियंता मनोज अग्रवाल के अनुसार शुक्रवार को डाफी के गढ़वाघाट फीडर से 12 से 4 बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी।