भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बीएचयू का चौथा दीक्षांत हर लिहाज से खास होने वाला है। आईआईटी बीएचयू के मेधावियों को संस्थान के ही मेधावी छात्र द्वारा गोल्ड मेडल मिलेगा। जी हां, जापान के सॉफ्टबैंक के सीईओ निकेश अरोड़ा संस्थान के आने वाले दीक्षांत समारोह को बेहद खास बनाने वाले हैं।
आईआईटी बीएचयू के पुरातन छात्र रहे निकेश अरोड़ा को दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर बुलाया गया है और उन्होंने आने की सहमति भी दे दी है। बता दें कि निकेश अरोड़ा हाल ही में जापान के सॉफ्टबैंक के सीईओ बनाए गए हैं और दुनिया के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वालों में से निकेश अरोड़ा एक हैं। उनकी एक दिन की सैलरी तकरीबन चार करोड़ रुपये हैं।
आईआईटी बीएचयू का चौथा दीक्षांत समारोह आगामी 17 अक्तूबर को आयोजित है जिसमें 2014-15 के स्नातकों को डिग्री और मेधावियों को गोल्ड मेडल दिया जाना है। इस बार दीक्षांत समारोह में दो विशिष्ट अतिथियों को संस्थान की ओर से आमंत्रित किया गया है।
इनमें एक सॉफ्टबैंक के सीईओ निकेश अरोड़ा हैं और दूसरे विशिष्ट अतिथि आईआईएम अहमदाबाद के प्रो. अनिल गुप्ता जिन्होंने गांव में होने वाले इनोवेशन, तकनीकी को बढ़ावा देने के क्षेत्र में काम किया है। आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. राजीव संगल ने बताया कि निकेश अरोड़ा आईआईटी बीएचयू के ही पुरातन छात्र रहे हैं।
इसके पहले वो गूगल के एक्जेक्यूटिव रह चुके हैं। दीक्षांत में उनकी उपस्थिति न सिर्फ स्नातकों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा बल्कि वो इसे लेकर उत्साहित हैं। बता दें कि निकेश बंगलूरू में 12-14 अक्तूबर को होने वाले नासकॉम के कॉन्क्लेव में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं। इसके पहले जब उन्होंने सॉफ्टबैंक के सीईओ बनाए गए थे, उस वक्त बीएचयू के प्रोफेसरों ने उन्हें संस्थान आने के लिए आमंत्रित भी किया था।