अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर शिऑन पब्लिक स्कूल, राणानगर में आयोजित पावर एंजेल्स शिविर में शामिल छात्राएं पंच, किक के साथ ही डिफेंस में भी माहिर हो चुकी हैं। मानव अकादमी आफ मार्शल आर्ट्स की देखरेख में चले इस नि:शुल्क शिविर में स्कूल की सौ से अधिक छात्राओं ने हिस्सा लिया। नियमित रूप से सप्ताह में पांच दिन दो घंटे तक चले पावर एंजेल्स शिविर में छात्राओं को डिफेंस और अटैक दोनों की ही ट्रेनिंग दी गई।
शिविर में छात्राओं के साथ ही स्कूल की टीचर्स ने भी आत्मरक्षा के गुर सीखे। शिविर के कोआर्डिनेटर किसलय पटेल के मुताबिक, आत्मरक्षा के मामले में ये छात्राएं पारंगत हो चुकी हैं। इन्हें कराते की बेसिक ट्रेनिंग दी गई है। कराते ट्रेनिंग का पहला चरण इन्होंने पार कर लिया है। शिविर के बाबत विद्यालय के प्रबंधक संदीप सिंह ने कहा, ‘अमर उजाला फाउंडेशन की मुहिम एक दिन जरूर रंग लाएगी। ऐसे शिविर आज के वक्त की मांग हैं। इससे न केवल शरीर चुस्त-दुरुस्त रहेगा बल्कि आत्मविश्वास में भी इजाफा होगा। कौशल विकास का यह एक बड़ा उदाहरण है।’