कई जिलों में पुरुषों और महिलाओं का अंतर घटा
आंकड़ों में सबसे दिलचस्प बदलाव पुरुषों और महिलाओं के बीच इंटरनेट इस्तेमाल के अंतर में आया है। एनएफएचएस-5 के दौरान गाजीपुर में यह अंतर 45.3 प्रतिशत था, जो एनएफएचएस-6 में घटकर 9.4 प्रतिशत रह गया। भदोही में भी यह अंतर 46 प्रतिशत से घटकर 10.5 प्रतिशत हो गया है।
मऊ में पुरुषों और महिलाओं के बीच इंटरनेट इस्तेमाल का अंतर 41.6 प्रतिशत से घटकर 7.3 प्रतिशत और जौनपुर में 31.3 प्रतिशत से घटकर 7.8 प्रतिशत रह गया है। इन दोनों जिलों में यह फासला अब आठ प्रतिशत से भी कम है।
चंदौली और आजमगढ़ में अब भी बड़ा अंतर
महिलाओं की डिजिटल भागीदारी बढ़ने के बावजूद कुछ जिलों में पुरुषों और महिलाओं के बीच अंतर अब भी अधिक है। एनएफएचएस-6 के अनुसार, चंदौली में 88.3 प्रतिशत पुरुष इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि महिलाओं का आंकड़ा 70.4 प्रतिशत है। दोनों के बीच 17.9 प्रतिशत का अंतर है, जो इन दस जिलों में सबसे अधिक है।
आजमगढ़ में भी 92 प्रतिशत पुरुषों के मुकाबले 79 प्रतिशत महिलाएं इंटरनेट का इस्तेमाल कर रही हैं। यहां दोनों के बीच 13 प्रतिशत का अंतर है। कुल मिलाकर आंकड़े बताते हैं कि पूर्वांचल में महिलाओं की डिजिटल भागीदारी तेजी से बढ़ी है, हालांकि इंटरनेट इस्तेमाल के मामले में पुरुष अभी भी आगे हैं।